Heatwave: भीषण गर्मी के बाद बांदा में 47 डिग्री के पार पहुंचा Temperature, जानिए अधिकतम तापमान वाले शहरों के नाम

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 30, 2022, 06:49 AM IST

Heatwave in India: देश के अधिकांश हिस्से भीषण गर्मी की चपेट में हैं। लगातार बढ़ रही गर्मी से बिजली की मांग ने भी सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। दोपहर के वक्त तपती गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल किया हआ है।

Heatwave: भीषण गर्मी के बाद बांदा में 47 डिग्री के पार पहुंचा Temperature, जानिए अधिकतम तापमान वाले शहरों के नाम

Highest Maximum Temperatures Cities Name: देश के कई हिस्सों में इस समय भीषण गर्मी ने सारे रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शुक्रवार को उन शहरों की सूची जारी की, जहां तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। यूपी के बांदा में अधिकतम तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इस बीच मौसम  विभाग ने  चिलचिलाती गर्मी के बीच उत्तर पश्चिमी भारत के 5 राज्यों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जिन राज्यों में यह अलर्ट जारी किया गया है उनमें राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और ओडिशा शामिल हैं।

जानिए सबसे किन शहरों का तापमान रहा सर्वाधिक

उत्तर प्रदेश के बांदा शहर में अधिकतम तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, इसके बाद प्रयागराज में 46.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजस्थान के गंगानगर और महाराष्ट्र के चंद्रपुर में अधिकतम तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली के खेल परिसर क्षेत्र और मध्य प्रदेश के नौगांव में अधिकतम तापमान 46.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अन्य शहर जहां अधिकतम तापमान 45 डिग्री को छू गया, उनमें राजस्थान का चुरू, झारखंड का डाल्टनगंज, एमपी का खजुराहो, दमोह और ग्वालियर और उत्तर प्रदेश के लखनऊ, वाराणसी और फुरशतगंज शामिल हैं। हरियाणा के हिसार, नारनौल और गुड़गांव, महाराष्ट्र के ब्रह्मपुरी, वर्धा और नागपुर में भी अधिकतम तापमान 45 डिग्री से ऊपर रहा।

मौसम विभाग की भविष्यवाणी

मौसम विभाग ने शुक्रवार को अपने मौसम बुलेटिन में 2 मई तक उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में लू की स्थिति की भविष्यवाणी की थी। हालांकि, 30 अप्रैल के बाद लू की तीव्रता में कमी आएगी। वहीं विदर्भ और मध्य प्रदेश में भी अगले चार से पांच दिनों में लू चलती रहेगी। लू ने 28 अप्रैल को दिल्ली में रिकॉर्ड तोड़ दिए जिसकी वजह से बिजली की मांग 6,000 मेगावाट तक पहुंच गई। राजधानी दिल्ली में गर्मी ने अपना 72 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है।

ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने इस महीने में दिल्ली में 72 सालों के बाद दूसरा सबसे गर्म अप्रैल का महीना दर्ज किया। दिल्ली के अलावा यूपी, हरियाणा और राजस्थान का भी गर्मी से बुरा हाल है। मौसम विभाग ने लोगों को गर्मी से बच कर रहने की सलाह दी है। अगले 4 दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम और मध्य भारत में और अगले 2 दिनों के दौरान पूर्वी भारत में हीटवेव यानि लू चलती रहेगी।  मई के पहले सप्ताह के दौरान हमें पश्चिमी विक्षोभ बढ़ने और बारिश की संभावना है।

End of Article