Diwali 2021: देश में दीपोत्सव की धूम, खुशी की रोशनी में नहाया पूरा देश

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Nov 4, 2021, 09:02 PM IST

Happy Diwali 2021 : देश में दीपोत्सव की धूम है।एक तरफ जहां अपने आराध्या देवी से लोगों ने कामना की, वहीं कोरोना संकट में ऐहतियात के साथ लोगों ने आतिशबाजी की।

Diwali 2021: देश में दीपोत्सव की धूम, खुशी की रोशनी में नहाया पूरा देश
Photo Credit: AP

नई दिल्ली : देश भर में दीपावली की धूम है। कोरोना संकट एवं पटाखे जलाने पर रोक लगने के बावजूद लोगों के उत्साह में कोई कमी नजर नहीं आई है। बाजारों में रौनक रही और लोग दीवाली की खरीदारी करते नजर आए। गांव से लेकर शहरों तक इमारतें एवं घरों को रंग-बिरंगी लाइटों एवं झालरों से सजाया गया। जिन राज्यों में ग्रीन पटाखे जलाने की छूट है, वहां लोगों ने पटाखे खरीदे। अमेरिकी की उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने कहा कि संयुक्त राज्य अमेरिका और दुनिया भर में यहां रोशनी का त्योहार मना रहे सभी लोगों को दीपावली की शुभकामनाएं। मैं प्रकाश, प्रेम और समृद्धि से भरे अवकाश के लिए अपनी हार्दिक शुभकामनाएं। 

बुंदेलखंड में 'लट्ठ मार दिवाली'

बुंदेलखंड के जालौन में लोग पारंपरिक 'लट्ठ मार दिवाली' में शरीक हुए। बुंदेलखंड में 'लट्ठ मार दिवाली' की परंपरा लंबे समय से चली आ रही है। इसमें ढोलक की थाप पर लोग लाठियों से अचूक वार करते हैं। यह विशेष दिवाली महोबा, हमीरपुर, जालौन और बांदा में मनाई जाती है। लोग सुबह से ही एक-दूसरे को शुभकामना एवं बधाई संदेश देते नजर आए।  

रंगीन लाइटों से सजाई गईं इमारतें

बड़े शहरों में इमारतों को रंगीन लाइटों से सजाया गया है। दिवाली की शाम को खास बनाने के लिए देश भर में लोग रंग बिरंगी लाइटों, कागज के फूलों की झालरों, गेंदा के फूलों की मालाएं खरीदे। घरों के भीतर और बाहर लोग ने आकर्षक रंगोली बनाई। शाम होते ही शहर और गांव रंग-बिरंगी झालरों एवं मिट्टी के दीयों से जगमग हो उठे।

Dipawali 2021

अयोध्या में इस बार खास दीपोत्सव

राम नगरी अयोध्या में इस बार का दीपोत्सव खास है। दीपोत्सव के पांचवें साल अयोध्या में करीब 12 लाख मिट्टी के दीये जलाए गए। अकेले सरयू तट पर 9 लाख दीये प्रज्ज्वलित हुए। दीये जलाने का यह रिकॉर्ड गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुआ। पांच दिनों तक अयोध्या में भगवान राम से जुड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम हो रहे हैं। सरयू तट पर बुधवार शाम लेजर शो आकर्षण का विशेष केंद्र रहा। राम की पैड़ी से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या आने वाले समय में हिंदू आस्था का सबसे बड़ा केंद्र होगा। 

Dipawali 2021

नौशेरा में जवानों के साथ पीएम मोदी की दिवाली

दीपावली के दिन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। पीएम मोदी ने कहा कि ‘मेरी कामना है कि यह पर्व सभी के जीवन में खुशियां, समृद्धि और सौभाग्य लेकर आए।’ पीएम मोदी हर साल की तरह इस साल भी अपनी दिवाली सरहद पर सैनिकों के साथ मनाया। गुरुवार सुबह पीएम दिल्ली से राजौरी के नौशेरा सेक्टर पहुंचे और यहां पर उन्होंने जवानों को अपने हाथों से मिठाई खिलाया और उनके शौर्य एवं पराक्रम को सराहा। 

End of Article