Maharashtra Rain: महाराष्ट्र में भारी बारिश की चेतावनी, 10 जुलाई तक ऑरेंज अलर्ट पर मुंबई और ठाणे

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 7, 2022, 08:47 AM IST

Maharashtra Rain: मुंबई में पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण निचले इलाकों में पानी भर गया है, जिससे सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।

Maharashtra Rain: महाराष्ट्र में भारी बारिश की चेतावनी, 10 जुलाई तक ऑरेंज अलर्ट पर मुंबई और ठाणे
Photo Credit: ANI

Maharashtra Rain: महाराष्ट्र के कई हिस्सों में बारिश का कहर जारी है। इस बीच मौसम विभाग ने गुरुवार को महाराष्ट्र के रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग में 9 जुलाई तक रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं पालघर, पुणे, कोल्हापुर और सतारा में 8 जुलाई तक रेड अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा मुंबई और ठाणे 10 जुलाई तक ऑरेंज अलर्ट पर हैं। मुंबई में बुधवार को लगातार तीसरे दिन भी भारी बारिश जारी रही, जिससे शहर के अधिकांश हिस्सों में जल-जमाव और यातायात बाधित हो गया। 

10 जुलाई तक ऑरेंज अलर्ट पर मुंबई और ठाणे 

मुंबई में पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण निचले इलाकों में पानी भर गया है, जिससे सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बुधवार को भारी बारिश के कारण चूनाभट्टी इलाके में एक 'चॉल' में भूस्खलन हुआ, जिसमें एक 15 साल के लड़के समेत तीन लोग घायल हो गए। नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि दो मंजिला नारायण हडके चॉल पर पहाड़ी का एक हिस्सा दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

आज भी मुंबई में होगी भारी बारिश

मुंबई के लिए भारी बारिश से कोई तत्काल राहत नहीं मिल रही है। मौसम विभाग ने मध्यम से भारी बारिश की भविष्यवाणी की है और शहर में अलग-अलग स्थानों पर बहुत भारी से अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र मुंबई ने आज सुबह एक ट्वीट में कहा कि अगले 3-4 घंटों के दौरान मुंबई, ठाणे, रायगढ़ और पालघर के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है। साथ ही पुणे और सतारा के घाट क्षेत्रों में भी मध्यम से तीव्र बारिश होने की संभावना है।

End of Article