New Year 2021: कोरोना के नाम रहा 2020, दुनिया ने नई उम्मीदों के साथ किया नववर्ष 2021 का स्वागत

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 1, 2021, 08:36 AM IST

Happy New Year 2021: कोरोना वर्ष के रूप में हमेशा याद रहने वाला 2020 अंतत: गुजर गया है और नई उम्मीदों के साथ देश तथा दुनिया ने नए साल का स्वागत किया है।

New Year 2021: कोरोना के नाम रहा 2020,  दुनिया ने नई उम्मीदों के साथ किया नववर्ष 2021 का स्वागत

नई दिल्ली: बीते वर्ष में कोरोना जैसी महामारी की कड़वी यादों को भुलाकर हम सभी नई उम्मीदों और नए सपनों के साथ 2021 में प्रवेश कर चुके हैं। देश के विभिन्न हिस्सों में लोगों ने अलग-अलग तरीके से नव वर्ष का स्वागत किया। दिल्ली, मुंबई, गोवा, चेन्नई सहित देश के तमाम हिस्सों में रात 12 बजते ही लोगों ने 2021 का स्वागत किया, हालांकि कोरोना पाबंदियों की वजह से लोग पहले की तरह जश्न नहीं मना सके। दिल्ली का प्रसिद्ध खान मार्केट रोशनी से नहाया हुआ नजर आया।

मुंबई और गोवा के तटों पर उमड़ी भीड़
वहीं मुंबई के जुहू बीच पर भी नए साल की पूर्वसंध्या पर बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। हालांकि यहां पर रात 11 बजे से 6 बजे सुबह तक नाइट कर्फ्यू लगा था। गोवा में हजारों लोग नए साल का स्वागत करने के लिए समुद्री तटों पर पहुंचे। राज्य सरकार ने कोरोना वायरस के खतरे के बावजूद रात का कर्फ्यू नहीं लगाया है। लोग 2020 का अंतिम सूर्यास्त देखने के लिए तटों पर जमा होने लगे जिससे उत्तरी गोवा के तटीय क्षेत्रों में यातायात जाम हो गया। उत्तर गोवा में ही कई लोकप्रिय समुद्री तट हैं।

पहाड़ की तरफ लोगों ने किया रूख

उत्तराखंड और हिमाचल जैसे पहाड़ी राज्यों के प्रमुख पर्यटक स्थलों पर लोगों की जमकर भीड़ उमड़ी। मसूरी, धनोल्टी और नैनीताल जैसी जगहों पर लोगों ने देर रात नए साल का शानदार तरीके से स्वागत किया। वहीं हिमाचल पुलिस के अनुसार राज्य में नए साल के जश्न में शिमला में पिछले 34 घंटे में 22,910 गाड़ियां पहुंच चुकी हैं तो 15,966 गाड़ियां वापस लौट भी चुकी हैं।

पीएम ने दी शुभकामनाएं

राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और उपराष्ट्रपति सहित तमाम गणमान्य लोगों ने देशवासियों को नए साल की बधाई दी है। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में कहा, 'आपको 2021 की हार्दिक शुभकामनाएं! यह साल अच्छा स्वास्थ्य, आनंद और समृद्धि लाए। आपकी सभी उम्मीदें पूरी हो।'

End of Article