Gundipora Encounter: जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों को मिली सफलता, मुठभेड़ में जैश-ए-मोहम्मद का एक आतंकी ढेर

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 30, 2022, 08:05 AM IST

Gundipora Encounter: सुरक्षाबलों ने पुलवामा जिले में मुठभेड़ में जैश-ए-मोहम्मद के एक आतंकी को मार गिराया है। आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना पाकर सुरक्षाबलों ने तलाशी अभियान शुरू किया था।

Gundipora Encounter: जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों को मिली सफलता, मुठभेड़ में जैश-ए-मोहम्मद का एक आतंकी ढेर
Photo Credit: ANI

Gundipora Encounter: जम्मू-कश्मीर (Jammu Kashmir) के पुलवामा जिले के गुंडीपोरा (Gundipora) इलाके में रविवार शाम को सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में फंसे जैश-ए-मोहम्मद के एक आतंकवादी को सोमवार सुबह सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में मार गिराया। फिलहाल मुठभेड़ जारी है। इससे पहले रविवार को कश्मीर जोन के पुलिस महानिरीक्षक विजय कुमार ने बताया था कि हमारे शहीद कांस्टेबल रियाज अहमद के हत्यारे समेत प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के दो स्थानीय आतंकवादी मुठभेड़ में फंस गए। जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी आबिद शाह ने 13 मई को हमारे निहत्थे कांस्टेबल रियाज अहमद को मार गिराया था।  

जैश-ए-मोहम्मद का एक आतंकी ढेर

दक्षिण कश्मीर के पुलवामा के गुंडीपोरा में आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना पाकर सुरक्षाबलों ने तलाशी अभियान शुरू किया। तलाशी अभियान के दौरान आतंकवादियों ने सुरक्षाबलों पर गोलियां चलायीं और फिर सुरक्षाबलों की जवाबी कार्रवाई के साथ ही ये मुठभेड़ में बदल गया।

जैश-ए-मोहम्मद गुट के तीन पाकिस्तानी आतंकी मुठभेड़ में ढेर 

इससे पहले 25 मई को जम्मू कश्मीर के बारामूला जिले में मुठभेड़ में जैश-ए-मोहम्मद गुट के तीन पाकिस्तानी आतंकवादी मारे गए। उत्तरी कश्मीर के क्रीरी इलाके के नाजीभट में हुई मुठभेड़ में एक पुलिसकर्मी भी शहीद हुआ है। कश्मीर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक विजय कुमार ने ट्वीट कर कहा कि मुठभेड़ घाटी में पुलिस द्वारा बनाए गए नाकों में से एक पर हुई। जैश-ए-मोहम्मद के तीन पाकिस्तानी आतंकवादी मारे गए। उन्होंने बताया कि मुठभेड़ में एक पुलिसकर्मी शहीद हुआ है।

उन्होंने कहा कि अपने एक साथी के शहीद होने से पुलिस विभाग दुखी है, लेकिन तीन आतंकवादियों को मार गिराना बड़ी सफलता है। उन्होंने कहा कि तीनों आतंकवादी श्रीनगर आकर बड़ा हमला कर सकते थे। कश्मीर जोन के पुलिस महानिरीक्षक ने कहा कि पाकिस्तानी आतंकवादियों को मार गिराने का प्रयास और तेज किया जाएगा। 

End of Article