Weather Updates: लू की चपेट में पूरा उत्तर भारत, कई इलाकों में आज बारिश व धूल भरी आंधी चलने के आसार

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 28, 2020, 05:50 AM IST

Today's Temperature: उत्‍तर व मध्‍य भारत के कई इलाकों में भीषण गर्मी पड़ रही है। इस बीच मौसम विभाग ने बारिश व धूलभरी आंधी चलने के आसार भी जताए हैं, जिससे तापमान में गिरावट आ सकती है।

Weather Updates: लू की चपेट में पूरा उत्तर भारत, कई इलाकों में आज बारिश व धूल भरी आंधी चलने के आसार
Photo Credit: BCCL

नई दिल्‍ली : देश के उत्तरी व पश्चिमी हिस्‍से में भीषण गर्मी का दौर जारी है। देश के कई इलाके लू की चपेट में हैं। हालांकि उत्‍तर भारत के कई इलाकों में बुधवार देर शाम हल्‍की बारिश हुई और धूलभरी आंधी चली, जिससे लोगों को बढ़ती तपिश से कुछ हद तक राहत मिली। मौसम विभाग ने गुरुवार को भी देश के कई इलाकों में धूलभरी आंधी चलने और बारिश के आसार जताए हैं, जिससे अधिकतम तापमान में गिरावट आने के अनुमान हैं। ऐसे में लोगों को बेचैन कर देने वाली गर्मी से कुछ हद तक राहत मिल सकती है। हालांकि लू से तत्‍काल राहत मिलने के आसार नहीं हैं।

धूलभरी आंधी चलने और बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में दक्षिण पश्चिम मानसून की स्थिति मजबूत होने के बावजूद अगले 24 घंटों में उत्‍तर व मध्‍य भारत के कई हिस्‍सों में लू जारी रहने के आसार हैं। हालांकि इस दौरान कई इलाकों में बारिश व धूलभरी आंधी चलने के अनुमान भी हैं, जिससे लोगों को पिछले करीब चार-पांच दिनों से जारी भीषण गर्मी व लू से गुरुवार को कुछ हद तक राहत मिल सकती है। बारिश व आंधी के कारण अधिकतम व न्‍यूनतम तापमान में गिरावट आने का अनुमान जताया जा रहा है, जो बुधवार को भी अपेक्षाकृत कम रहा।

गर्मी से राहत की उम्‍मीद

उत्‍तर व मध्‍य भारत के कई इलाकों में अधिकतम तापमान बुधवार को 47 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया, जबकि राजस्‍थान के चुरू में यह 49.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जहां मंगलवार को अधिकतम तापमान 50 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया था। बुधवार को उत्‍तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, उत्‍तराखंड के कई इलाकों में छिटपुट वर्षा व धूलभरी आंधी चलने से उत्‍तर व मध्‍य भारत के तापमान में 1-2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से कुछ हद तक राहत मिली। 

तापमान में गिरावट के अनुमान

दिल्‍ली में बुधवार को जहां अधिकतम तापमान 47.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, वहीं अगले 48 घंटों में बारिश व धूलभरी आंधी चलने के कारण तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने के आसार हैं। हालांकि आईएमडी ने दिल्‍ली-एनसीआर में गुरुवार को भी लू चलने का अनुमान जताया है। आईएमडी के अनुसार, यहां शुक्रवार के बाद तापमान में गिरावट आने के आसार हैं, जब बारिश भी होगी। गुरुवार को दिल्‍ली में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास बने रहने के आसार हैं, जबकि शुक्रवार (29 मई) को इसमें और गिरावट के अनुमान हैं।

End of Article