प्रभावित देशों की सूची में तेजी से ऊपर जा रहा भारत, आज आए सबसे ज्यादा मामले, कुल केस 2.5 लाख से ऊपर

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 8, 2020, 10:50 AM IST

Coronavirus in india: भारत में कोरोना वायरस के मामले ढाई से ऊपर पहुंच गए हैं। साथ ही मरने वालों की संख्या 7,135 हो गई है। भारत तेजी से प्रभावित देशों की सूची में ऊपर जा रहा है।

प्रभावित देशों की सूची में तेजी से ऊपर जा रहा भारत, आज आए सबसे ज्यादा मामले, कुल केस 2.5 लाख से ऊपर
Photo Credit: PTI

नई दिल्ली: देश में कोरोना वायरस के मामले बहुत तेजी से सामने आ रहे हैं। ये ही बात है कि भारत कई देशों को पीछे छोड़ते हुए 5वें स्थान पर आ गया है। भारत ने स्पेन को पीछे छोड़ दिया है। भारत से आगे अब केवल अमेरिका, ब्रिटेन, रूस और ब्राजील हैं। अगर ये रफ्तार कमजोर नहीं पड़ी तो भारत इस सूची में और भी ऊपर जा सकता है। आज यानी सोमवार को भारत में कोविड-19 के रिकॉर्ड 9,983 नए मामले सामने आए। ये एक दिन में सबसे ज्यादा है। इससे संक्रमितों की कुल संख्या 2,56,611 हो गई है। वहीं पिछले 24 घंटों में संक्रमण के कारण 206 मौतें हुई हैं। जिससे मरने वालों की संख्या 7,135 हो गई है।

देश में अभी 1,25,381 सक्रिय मामले हैं, जबकि 1,24,094 ठीक हो गए हैं। भारत में सबसे ज्यादा मामले महाराष्ट्र से सामने आ रहे हैं। यहा कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 85,975 हो गई है। राज्य में मृतकों की संख्या बढ़कर 3,060 हो गई है। दूसरे नंबर पर तमिलनाडु है, जहां कुल मामले 31667 हैं और 269 लोगों की मौत हुई है।

वहीं दिल्ली में भी कोरोना के मामले बहुत तेजी से बढ़ रहे हैं। यहां कुल मामले बढ़कर 28,936 हो गए हैं। जबकि मरने वालों की संख्या 812 पहुंच गई है। 

गुजरात में काफी मौतें

इसके अलावा गुजरात में कोरोना के 20070 केस हैं, जिसमें से 1249 की मौत हो चुकी है। गुजरात के बाद राजस्थान का नंबर है, जहां कोविड-19 के 10599 केस हैं, यहां 240 लोगों की मौत हुआ है। इसके बाद उत्तर प्रदेश का नंबर है, जहां 10536 कोरोना केस हैं और 275 की मौत हुई है।

'दुनिया से बेहतर स्थिति में भारत'
हालांकि देश में कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच केंद्रीय स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय ने एक बार फिर कहा है कि यहां स्थिति अब भी दूसरे देशों से बेहतर है। मंत्रालय के अनुसार, यहां प्रति लाख की आबादी पर मौतें 0.49 हैं, जबकि प्रति लाख की आबादी पर संक्रमण के केस 17.32 हैं, जबकि दुनिया के अन्‍य देशों में यह आंकड़ा कहीं अधिक है। मंत्रालय ने इस संबंध में एक ग्राफ भी शेयर किया है।

End of Article