कोरोना के रिकॉर्ड मामलों के बीच राहत, एक महीने में कम हुई 0.45 फीसदी मृत्‍यु दर

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 7, 2020, 03:35 PM IST

Corona death rate in India: देश में जहां कोरोना वायरस संक्रमण के रिकॉर्ड मामले रोजाना सामने आ रहे हैं, वहीं बीते एक महीने में मृत्‍यु दर में 0.45 फीसदी की कमी आई है।

कोरोना के रिकॉर्ड मामलों के बीच राहत, एक महीने में कम हुई 0.45 फीसदी मृत्‍यु दर
Photo Credit: BCCL

नई दिल्‍ली : देश में कोरोना संक्रमण के मामले रोजाना नया रिकॉर्ड बना रहे हैं। सोमवार को एक बार फिर 90 हजार से अधिक संक्रमण केस सामने आए, जिसके बाद यहां संक्रमण का आंकड़ा 42 लाख से अधिक हो गया है, जबकि मरने वालों की संख्‍या बढ़कर 71 हजार से अधिक हो गई है। संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच हालांकि इस घातक महमारी से उबरने वालों की संख्‍या भी लगातार बढ़ रही है और इससे होने वाली मौतों का आंकड़ा भी कम हो रहा है। पिछले एक महीने के आंकड़ों पर गौर करें तो कोरोना संक्रमण से होने वाली मृत्‍यु दर में 0.45 फीसदी की कमी आई है।

केंद्रीय स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय ने सोमवार को जो नए आंकड़े जारी किए हैं, उसके अनुसार बीते 24 घंटों में कोरोना वयरस संक्रमण के 90,802 मामले सामने आए, जो एक दिन में अब तक की सबसे बड़ी संख्‍या है। वहीं बीते 24 घंटों के दौरान इस घातक बीमारी से 1,016 लोगों ने जान गंवाई, जिसके बाद यहां मरने वालों की तादात बढ़कर 71,642 हो गई है।

रिकवरी रेट में सुधार

बढ़ते संक्रमण के बीच हालांकि राहत की बात यह है कि यहां रिकवरी रेट बढ़कर अब 77.31 प्रतिशत हो गई है और अब तक 32 लाख से अधिक लोग इस संक्रमण से उबर चुके हैं। बीते 24 घंटों के दौरान ही इस घातक बीमारी से उबरने वालों की संख्‍या 69,564 रही, जिसके बाद ठीक होने वालों की कुल संख्‍या 32,50,429 हो गई है।

वहीं बीते एक माह में देश में कोरोना संक्रमण से होने वाली मौतों की दर की बात करें तो 6 अगस्त को जहां यह 2.15 फीसदी थी, वहीं अब यह घटकर 1.7 प्रतिशत हो गई है, जिससे जाहिर होता है कि कोरोना से होने वाली मौतों की दर में 0.45 फीसदी की गिरावट आई है। भारत में कोरोना वायरस संक्रमण से होने वाली मौतों की दर वैश्विक औसत 3.2 प्रतिशत से काफी कम है।

End of Article