Rahul Gandhi: सर्वसम्मति से अध्यक्ष पद के लिए राहुल गांधी के पक्ष में कांग्रेस पार्टी, बोले अशोक गहलोत

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 22, 2022, 10:38 PM IST

Rahul Gandhi: अशोक गहलोत ने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी ने पिछले 75 वर्षों में देश में लोकतंत्र को जीवित रखा, जिसके कारण नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री हैं और अरविंद केजरीवाल मुख्यमंत्री हैं।

Rahul Gandhi: सर्वसम्मति से अध्यक्ष पद के लिए राहुल गांधी के पक्ष में कांग्रेस पार्टी, बोले अशोक गहलोत
Photo Credit: ANI

Rahul Gandhi: कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव से पहले राजस्थान के सीएम और पार्टी के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने कहा कि पार्टी सर्वसम्मति से अध्यक्ष पद के लिए राहुल गांधी के पक्ष में है। गहलोत ने आगे कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं की भावना को देखते हुए राहुल गांधी को अध्यक्ष की भूमिका स्वीकार करनी चाहिए। उन्होंने ये भी कहा कि अगर राहुल गांधी पार्टी अध्यक्ष नहीं बनते हैं तो इससे कांग्रेस से जुड़े लोग निराश होंगे।

राहुल गांधी को अध्यक्ष की भूमिका स्वीकार करनी चाहिए- अशोक गहलोत

गहलोत ने आगे कहा कि ये गांधी या गैर-गांधी परिवार के बारे में नहीं है। ये संगठन का काम है और कोई प्रधानमंत्री नहीं बन रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले 32 सालों में गांधी परिवार का कोई भी व्यक्ति प्रधानमंत्री या केंद्रीय मंत्री या मुख्यमंत्री नहीं बना। फिर मोदी जी इस परिवार से क्यों डरते हैं? दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को ये क्यों कहना है कि 75 साल में कुछ नहीं हुआ देश में। तो सब लोग कांग्रेस पर ही हमला क्यों करते हैं, क्योंकि कांग्रेस पार्टी और देश का डीएनए एक है। कांग्रेस सभी धर्मों और वर्गों को साथ लेकर चलती है।

अशोक गहलोत ने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी ने पिछले 75 वर्षों में देश में लोकतंत्र को जीवित रखा, जिसके कारण नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री हैं और अरविंद केजरीवाल मुख्यमंत्री हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी और देश का डीएनए आजादी से पहले और आजादी के बाद समान था। ये वह पार्टी है जो सभी धर्मों और वर्गों को साथ लेकर चलती है। 

2024 के आम चुनावों में विजयी होगी कांग्रेस- अशोक गहलोत

राजस्थान के सीएम ने ये भी विश्वास व्यक्त किया कि कांग्रेस 2024 के आम चुनावों में विजयी होगी। इस बार पीएम मोदी के लिए ये आसान खेल नहीं है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से नीतीश कुमार ने बीजेपी को झटका दिया है और कांग्रेस ने राहुल गांधी के नेतृत्व में महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दों पर विरोध प्रदर्शन कर केंद्र सरकार को घेरा है, मोदी सरकार हिल गई है।

End of Article