Lalu Yadav: कबीर के दोहे-माटी कहे कुम्हार से...लालू ने साधा नीतीश पर निशाना

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 30, 2020, 04:48 PM IST

Lalu Yadav Attack on Nitish Kumar: बिहार में लालू यादव अपने चिर परिचित प्रतिद्धंदी नीतीश पर हमला करने का कोई मौका चूकते नहीं हैं,एक बार फिर उन्होंने नीतीश पर निशाना साधा है।

Lalu Yadav: कबीर के दोहे-माटी कहे कुम्हार से...लालू ने साधा नीतीश पर निशाना

पटना:देश के अहम सूबे बिहार की राजनीति में नेता दुश्मनों पर वार करने का कोई भी अवसर हाथ से जाने नहीं देते हैं, प्रदेश के सीएम नीतीश कुमार और लालू यादव की प्रतिद्धदिता जगजाहिर है, राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव (Lalu Yadav) ने गुरुवार को इशारे ही इशारे में कबीर के दोहे के जरिए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को चेताया है।

पूर्व मुख्यमंत्री लालू के ट्विटर हैंडल के जरिए किए गए ट्वीट में इशारों ही इशारों में नीतीश को चेताते हुए कहा गया है कि आज आपका समय है, कल जनता आपको जवाब देगी।

ट्वीट में लिखा गया है, कबीर के इस दोहे में हमारे मजदूर भाइयों की भावना और बिहार सरकार के लिए संदेश छिपा है। माटी कहे कुम्हार से, तू क्या रौंदे मोय, एक दिन ऐसा आएगा, मैं रौदूंगी तोय। बिहार के बेटे-बेटियों के साथ जो रवैया यह जालिम सरकार अपना रही है, वही रवैया ये करोड़ों दुखियारे इस सरकार के खिलाफ अपनाएंगे।

गौरतलब है कि बिहार में अक्टूबर-नवंबर में चुनाव संभावित है। समझा जा रहा है कि इसको लेकर ही लालू प्रसाद ने नीतीश कुमार को चेताया है कि चुनाव में आपसे जनता पूछेगी। इसका जवाब भी पब्लिक वोट के माध्यम से आपको देगी।

लालू पर मंडराया कोरोना संक्रमण का खतरा 
चारा घोटाले के कई मामले में सजा काट रहे लालू प्रसाद इन दिनों स्वास्थ्य कारणों से रांची के रिम्स में भर्ती हैं। हाल ही में खबरें आईं थीं कि लालू प्रसाद पर भी कोरोना संक्रमण का खतरा मंडरा रहा है। दरअसल लालू यादव पिछले काफी समय से अस्वस्थ्य चल रहे हैं जिस वजह से उनका रांची के रिम्स में इलाज चल रहा है।

उनका इलाज करने वाले डॉ. उमेश प्रसाद की यूनिट में पिछले लगभग तीन सप्ताह से भर्ती एक मरीज पॉजिटिव पाया गया है जिससे अस्पताल में हडकंप मच गया। इसके बाद पूरी यूनिट के डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों को क्वारंटाइन कर दिया गया है।

रिम्स प्रशासन ने बयान जारी करते हुए कहा था, 'रांची के रिम्स के मेडिसीन विभाग में 3 हफ्ते से भर्ती एक मरीज कोरोना पॉजिटिव मिला। उसका इलाज डॉ. उमेश प्रसाद की यूनिट कर रही थी, आरजेडी नेता लालू प्रसाद यादव का भी इलाज यही यूनिट कर रही थी। डॉ.उमेश प्रसाद ही उनका इलाज करने वाले फिजिशियन हैं। इस यूनिट के सभी लोगों का सैंपल लिया जा रहा है और यूनिट को क्वारंटीन पर भेजा जा रहा है।'

End of Article