Bengaluru Violence: 'पत्रकारों, पुलिस और आम लोगों पर हमला बर्दाश्त नहीं करेंगे, सख्त कार्रवाई होगी'

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 12, 2020, 09:57 AM IST

Yediyurappa on Bengaluru Violence: कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने बेंगलुरु में हुई हिंसा पर प्रतिक्रिया दी है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि आम लोगों, पुलिस और पत्रकारों पर हमला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Bengaluru Violence: 'पत्रकारों, पुलिस और आम लोगों पर हमला बर्दाश्त नहीं करेंगे, सख्त कार्रवाई होगी'
Photo Credit: PTI

बेंगलुरु : बेंगलुरु में मंगलवार रात हुई हिंसा पर कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने सख्त रुख अख्तियार किया है। शहर में हुए उपद्रव एवं हिंसा पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री ने बुधवार को कहा कि पत्रकारों, पुलिस एवं आम लोगों पर हमले को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हिंसा के लिए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थिति को नियंत्रण में लाने और दोषियों पर कार्रवाई के लिए प्रशासन को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। विवादित पोस्ट को लेकर हुई हिंसा में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि 60 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। पुलिस ने इस हिंसा मामले में अब तक 110 लोगों को गिरफ्तार किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा-दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई
घटना पर मुख्यमंत्री येदियुरप्पा ने कहा, 'दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दे दिए गए हैं। शहर में स्थिति नियंत्रण में लाने के लिए सभी संभावित कदम उठाए जा रहे हैं। पत्रकारों, पुलिस और आम लोगों पर हमले को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकार किसी भी तरह के अफवाह एवं उकसावे को स्वीकार नहीं करेगी। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होनी तय है।' 

सोशल मीडिया पोस्ट पर भड़का लोगों का गुस्सा
बताया जा रहा है कि कांग्रेस विधायक अखंडा श्रीनिवासमूर्ति के भतीजे पी नवीन ने सोशल मीडिया पर एक विवादित पोस्ट डाला जिसके बाद लोगों का गुस्सा भड़क गया। गुस्साई भीड़ ने विधायक के घर को घेरकर हमला कर दिया। गुस्साई भीड़ आरोपी नवीन की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पुलिस स्टेशन का घेराव किया और कथित रूप से पुलिसकर्मियों के ऊपर पत्थरबाजी की। इस दौरान आत्मरक्षा में पुलिस को फायरिंग करनी पड़ी जिसमें दो लोगों की जान गई। भीड़ की हिंसा में 60 पुलिसकर्मी भी घायल हुए। पुलिस ने भड़काऊ एवं विवादित पोस्ट के लिए नवीन को गिरफ्तार कर लिया है। 

दो थाना क्षेत्रों में लगा कर्फ्यू
भीड़ की हिंसा एवं उपद्रव को देखते हुए शहर के डीजे हल्ली एवं केजी हल्ली इलाकों में कर्फ्यू और पूरे शहर धारा 144 लगाई गई है। पदर्शनकारियों ने रात के समय डीजे हल्ली पुलिस स्टेशन को निशाना बनाया।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया
बेंगलुरु के पुलिस कमिश्नर कमल पंत ने कहा, 'सोशल मीडिया पर अपमानजनक पोस्ट शेयर करने के लिए आरोपी नवीन को गिरफ्तार कर लिया गया है।' भीड़ का आरोप है कि विवादित पोस्ट करने वाला व्यक्ति कांग्रेस विधायक अखंड श्रीनिवास मूर्ति का रिश्तेदार है। पोस्ट से गुस्साई भीड़ मंगलवार रात विधायक के घर के बाहर जुटी और विधायक के आवास एवं वहां खड़े वाहनों में तोड़फोड़ की। विधायक के घर पर उपद्रव करने के बाद भीड़ पुलिस स्टेशन की तरफ बढ़ी। भीड़ ने पुलिस पर आरोप लगाया कि वह आरोपी को बचा रही है।

End of Article