नए सेना प्रमुख जनरल पांडे ने गिनाईं अपनी प्राथमिकताएं, बोले- एकजुट होकर चुनौतियों से निपटेंगे सशस्त्र बल

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 1, 2022, 12:56 PM IST

नए सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे ने रविवार को मीडिया से बात करते हुए कहा कि वह सेना की संचालन और कार्यात्मक दक्षता को बढ़ाने के लिए जारी सुधारों, पुनर्गठन और परिवर्तन के प्रयासों पर ध्यान केंद्रित करना चाहते हैं।

नए सेना प्रमुख जनरल पांडे ने गिनाईं अपनी प्राथमिकताएं, बोले- एकजुट होकर चुनौतियों से निपटेंगे सशस्त्र बल

General Manoj Pande: सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे ने कार्यभार संभालने के एक दिन बाद रविवार को कहा कि सेना अपनी सहयोगी सेवाओं के साथ मिलकर राष्ट्रीय सुरक्षा चुनौतियों और संघर्ष की स्थितियों से निपटेगी। नए सेना प्रमुख जनरल पांडे ने कहा कि सुरक्षा चुनौतियों का सामना करने के लिए बेहद उच्च मानक की संचालन संबंधी तैयारियों को सुनिश्चित करना मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि सेना के आधुनिकीकरण एवं क्षमता विकास के मामले में मेरा प्रयास स्वदेशीकरण के माध्यम से नयी तकनीक का लाभ उठाने का होगा।

मिला गार्ड ऑफ ऑनर 

नए सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे को आज दिल्ली के साउथ ब्लॉक में गार्ड ऑफ ऑनर मिला। थल सेनाध्यक्ष ने प्रभावशाली परेड के लिए गार्ड की सराहना की। राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर समारोह के बाद, नए सेना प्रमुख ने कहा, 'यह मेरे लिए बहुत गर्व और सम्मान की बात है कि मुझे भारतीय सेना का नेतृत्व करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिसे मैं नम्रता के साथ स्वीकार करता हूं। भारतीय सेना स्वतंत्रता, समानता, बंधुत्व के मूल्यों के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।'

तीनों सेनाओं के प्रमुख एनडीए से हैं

नव नियुक्त सेना प्रमुख ने आगे कहा कि भारतीय सेना के सभी अधिकारियों को अपनी विभिन्न शाखाओं और सेवाओं से करियर और पेशेवर विकास के लिए समान अवसर मिलते हैं। वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल वीआर चौधरी और नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार के साथ भारतीय सेना प्रमुख भी जनरल मनोज पांडे के लिए आयोजित गार्ड ऑफ ऑनर समारोह में शामिल हुए। तीनों प्रमुख अब 61वें राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) से पासआउट हैं।

मिलकर करेंगे काम

सुरक्षा बलों के शीर्ष प्रमुखों से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बात करते हुए, सेना प्रमुख पांडे ने कहा, 'थलसेना राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी चुनौतियों और संघर्षपूर्ण परिस्थितियों का अपनी सहयोगी सेवाओं के साथ मिलकर सामना करेगी मैं अन्य दो सेना प्रमुखों को अच्छी तरह से जानता हूं। यह तीनों सेनाओं के बीच तालमेल, सहयोग और संयुक्त कौशल की अच्छी शुरुआत है। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि सभी हम तीनों मिलकर काम करेंगे और राष्ट्रीय सुरक्षा और रक्षा सुनिश्चित करने के लिए चीजों को आगे बढ़ाएंगे।'

End of Article