ममता बनर्जी सीधे तौर पर मोदी जी की दलाली कर रही हैं: कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 15, 2021, 11:28 PM IST

Adhir Ranjan Chowdhury on Mamata Banerjee: कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने TMC नेता ममता बनर्जी के लिए कहा है कि वो सीधे तौर पर मोदी जी की दलाली कर रही हैं।

ममता बनर्जी सीधे तौर पर मोदी जी की दलाली कर रही हैं: कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी
Photo Credit: ANI

नई दिल्ली: कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला किया है। उन्होंने कहा है कि ममता बनर्जी सीधे तौर पर मोदी जी की दलाली कर रही हैं। चौधरी ने कहा कि वह विपक्ष को कमजोर करने के लिए सब कुछ कर रही है क्योंकि अपने भतीजे की रक्षा के लिए उनको मोदी जी को खुश करना जरूरी है। 

जब उनसे पूछा गया कि ममता बनर्जी ने कहा है कि वो 2024 में बीजेपी को हारते हुए देखना चाहती हैं तो उन्होंने कहा कि ये ममता बनर्जी की नई नौटंकी शुरू हो गई है। ममता बनर्जी सीधे तौर पर मोदी जी की दलाली कर रही हैं। और इससे ज्यादा कुछ कहूं। मोदी जी खुश होंगे तो ममता जी सत्ता में बनी रहेंगी। सबकुछ जानते हुए, समझते हुए इनकी मोदी जी के खिलाफ आवाज बंद हो गई है। 

इससे पहले ममता बनर्जी ने बुधवार को कहा कि तृणमूल कांग्रेस 2024 में होने वाले अगले लोकसभा चुनावों में भाजपा को देश भर में पराजित देखना चाहती है। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी को उसी तरह की हार का सामना करना पड़ेगा जैसा उसे राज्य के विधानसभा चुनाव में करा था। शहर के फूलबगान इलाके में 19 दिसंबर को कोलकाता नगर निगम चुनाव (केएमसी) के लिए एक रैली को संबोधित करते हुए बनर्जी ने कहा कि राज्य में लगातार तीसरी बार सत्ता में लौटने के बाद उनका एकमात्र उद्देश्य उद्योग लाना और रोजगार पैदा करना है।

उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनावों के दौरान हमने राज्य में भाजपा द्वारा चलाए गए अभियान को देखा है। हर कोई इससे डरता था। लेकिन राज्य के लोगों ने उन्हें हरा दिया। बंगाल जो आज सोचता है, भारत वो कल सोचता है। 2024 के लोकसभा चुनाव में हम भाजपा को हरा देंगे। 

End of Article