Noida Twin Towers: जहां था ट्विन टावर वहां बनेगा अब भव्य मंदिर? लोगों का प्रस्ताव, RWA जल्द लेगा फैसला

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 2, 2022, 09:10 PM IST

Noida Twin Towers: ट्विन टावर वाली जगह पर मंदिर के साथ- साथ बच्चों के खेलने के लिए एक बड़ा पार्क भी बनाने का प्रस्ताव आया है। अब इस पर RWA को फैसला लेना है।

Noida Twin Towers: जहां था ट्विन टावर वहां बनेगा अब भव्य मंदिर? लोगों का प्रस्ताव, RWA जल्द लेगा फैसला
Photo Credit: PTI

Noida Twin Towers:  नोएडा के जिस ट्विन टावर को विस्फोटक लगाकर ध्वस्त कर दिया है, अब उसकी जगह पर भव्य मंदिर बनाने की मांग उठने लगी है। इसके लिए बकायदा प्रस्ताव भी आ चुका है। जिसपर अब स्थानीय आरडब्लूए को फैसला लेना है।

नोएडा सेक्टर 93-ए में सुपरटेक ट्विन टावर्स को ध्वस्त किए जाने के कुछ दिनों बाद, एमरेल्ड कोर्ट सोसाइटी के लोगों ने एक बैठक में प्रस्ताव लाया है कि उस स्थान पर एक भव्य मंदिर का निर्माण किया जाए।  इस मंदिर में अन्य देवताओं के साथ राम लला और भगवान शिव की मूर्तियां स्थापित की जाएं।

लोगों ने बताया कि मंदिर के साथ-साथ बच्चों के खेलने के लिए एक बड़ा पार्क भी बनाया जाना प्रस्तावित है। इस पार्क में हरियाली पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। सोसाइटी के सभी निवासियों ने इस बात पर सहमति व्यक्त की कि पार्क के अलावा वहां एक मंदिर बनाया जाए।

मिली जानकारी के अनुसार सुपरटेक द्वारा बनाया गया एमराल्ड टॉवर का मालिकाना हक स्वामित्व अभी भी बिल्डर के पास ही है। अगर वहां किसी भी तरह का निर्माण होता है तो उसे सोसाइटी के दो-तिहाई लोगों की सहमति लेनी होगी। आरडब्ल्यूए के लोगों का कहना है कि सोसाइटी के लोग पूरी तरह से एसोसिएशन के साथ हैं और अगर इस पर फिर से कोई कानूनी लड़ाई लड़नी पड़ी तो वे तैयार रहेंगे।

वहीं बिल्डर का कहना है कि यहां पर कोई और प्रोजेक्ट लाया जाएगा। सुपरटेक लिमिटेड ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया कि ध्वस्त ट्विन टावर की जमीन का इस्तेमाल नोएडा प्राधिकरण से उचित मंजूरी और घर खरीदारों से सहमति के बाद एक और आवासीय परियोजना के लिए किया जाएगा। 

End of Article