Pawan Khera: कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने AISF की नेहा बोरा का बचाव किया है। खेड़ा ने शुक्रवार को कहा कि नेहा ने कुछ कह दिया तो उस पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) हंगामा कर रही है। हम खुद भी बार-बार यह स्पष्ट कर रहे हैं कि हमें इस सरकार को हराना है और इस व्यवस्था को बदलना है। तो फिर राजनाथ सिंह आगे क्यों आए? हम खुद कह रहे हैं कि हम सत्ता परिवर्तन करेंगे। विपक्ष का इरादा हमेशा चुनावों के जरिए सत्ता बदलने का होता है। अब उन्हें लोकतंत्र की आदत ही नहीं रह गई है।
दिक्कत क्या है ज्ञानेश कुमार को हटाने में?-खेड़ा
दिल्ली में मीडिया को संबोधित करते हुए कांग्रेस के राज्यसभा सांसद ने कहा कि नेहा बोरा ने कुछ कह दिया। उन पर लेफ्टिस्ट अर्बन नक्सल होने के आरोप लगाया जाते हैं। इसमें कोई गलत चीज क्या है? लेफ्टिस्ट कोई गलत चीज है क्या? राहुल गांधी ने कुछ कह दिया, तो तो साहब, उनकी तो पूरी सात पुश्तों का निकाल कर लाएंगे। अरे जो सवाल पूछ रहे हैं उनका जवाब दीजिए। दिक्कत क्या है ज्ञानेश कुमार को हटाने में?'
'पूरी व्यवस्था पर हो चुका है RSS का कब्जा'
खेड़ा ने आगे कहा कि 'हर जगह आप देखो आरएसएस की छाप। ये होता है रिजीम। इस रिजीम को बदलने की हम बात गर्व से करते हैं, करते रहेंगे और बदल के रहेंगे। एक अ- अनरजिस्टर्ड संगठन, अ- गैर-पंजीकृत संगठन 'नाग' की तरह पूरे सिस्टम पर कब्जा जमाए बैठा हो और आप हमसे उम्मीद करें कि हम दुम हिलाता हुआ विपक्ष बनें तो माफ कीजिएगा हम दुम नहीं हिलाएंगे, हम रिजीम चेंज करना चाहते हैं, खुल कर कह रहे हैं। हम ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ अभियान चला रहे हैं। पूरा देश खुले तौर पर यह बात कह रहा है।'
BJP करने लगती है ज्ञानेश कुमार का बचाव-खेड़ा
कांग्रेस नेता ने कहा कि ज्ञानेश कुमार से जब भी सवाल पूछा जाता है तो पूरी BJP खड़ी हो जाती है। सरकार को बचाने के लिए अब अचानक से राजनाथ सिंह सामने आ गए। PM मोदी ने 2013 में रिजीम चेंज की बात कही थी। उस समय BJP उनकी चीयरलीडर बनी हुई थी। जब ये 2012-13 में आंदोलन कर रहे थे तब BJP को ये अच्छे लगते थे।' भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर पर निशाना साधते हुए खेड़ा ने कहा कि वह पुरुष नहीं महापुरुष हैं।
