देश के 25% एक्टिव केस इन 10 जिलों में, पहले नंबर पर है ये डिस्ट्रिक्ट, बाकियों से काफी आगे

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 8, 2021, 08:14 PM IST

Bengaluru urban: देश के 10 जिलों में 25% एक्टिव केस हैं। बंगलुरु शहरी जिले में सबसे ज्यादा 9.13% सक्रिय मामले हैं। यहां संक्रमित व्यक्तियों की कुल संख्या 3,41,978 हो गई है।

देश के 25% एक्टिव केस इन 10 जिलों में, पहले नंबर पर है ये डिस्ट्रिक्ट, बाकियों से काफी आगे
Photo Credit: AP

नई दिल्ली: भारत में कोरोना वायरस संक्रमण के 80.68 प्रतिशत सक्रिय मामले 12 राज्यों से हैं। महाराष्ट्र में एक्टिव केसों की संख्या सबसे ज्यादा 6.57 लाख है, उसके बाद कर्नाटक में 5,36,661, केरल में 4,02,997, उत्तर प्रदेश में 2,54,118 और राजस्थान में 1,99,147 मरीज हैं। इसके अलावा आंध्र प्रदेश, गुजरात, तमिलनाडु, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, हरियाणा और बिहार में भी उपचाराधीन रोगियों की संख्या ज्यादा है। वहीं 10 जिले ऐसे हैं, जहां देश के 25% एक्टिव केस हैं।

ये जिले हैं- बंगलुरु शहरी, पुणे, दिल्ली, अहमदाबाद, एर्नाकुलम, नागपुर, मुंबई, कोझिकोडे, जयपुर, ठाणे। बंगलुरु अर्बन में सबसे ज्यादा 9.13% सक्रिय मामले हैं। इसके बाद पुणे में 3.16% और दिल्ली में 2.49% एक्टिव केस हैं। 

बंगलुरु में 7 मई को रिकॉर्ड 346 मौतें हुईं। वहीं पूरे राज्य कर्नाटक में कुल 592 मौतें हुईं। यानी बेंगलुरु शहरी जिले में 58.44% मौतें हुईं। यह राज्य और शहर दोनों में एक दिन में मौतों का सबसे बड़ा आंकड़ा था। इसके अलावा कर्नाटक में 48,781 नए कोरोना मामले दर्ज किए गए, जिनमें से बेंगलुरु शहर में 43.82% मामले थे। बेंगलुरु में 6 मई को कुल 21,376 कोरोना पॉजिटिव आए। इससे शहर में संक्रमित व्यक्तियों की कुल संख्या 3,41,978 हो गई।

कर्नाटक में लॉकडाउन की घोषणा

इसी के चलते कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी. एस. येदियुरप्पा ने कोविड-19 के मामलों में बेतहाशा बढ़ोतरी को देखते हुए राज्य में दस मई से 24 मई तक के लिए लॉकडाउन जैसी पाबंदियां लगाने की शुक्रवार को घोषणा की। राज्य में 27 अप्रैल से कर्फ्यू लगा हुआ है जो 12 मई को खत्म होने वाला था। मुख्यमंत्री ने कहा, 'कोविड-19 की दूसरी लहर ने राज्य भर में डर का माहौल पैदा कर दिया है और कोरोना कर्फ्यू से उम्मीद के मुताबिक संक्रमण दर या मृत्यु दर कम करने में मदद नहीं मिल पा रही है। इसलिए सरकार ने बीमारी पर लगाम कसने के लिए कड़े उपाय करने का निर्णय किया है। पूरे राज्य में दस मई की सुबह छह बजे से 24 मई की सुबह छह बजे तक पाबंदियां रहेंगी।'
 

End of Article