Poonch Terrorist Hideout Bust: जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले के एक दूरस्थ गांव में शनिवार को सेना ने आतंकवादियों के एक छिपे हुए ठिकाने का खुलासा किया और वहां से एक पिस्तौल सहित अन्य सामग्री जब्त की। अधिकारियों के अनुसार, व्हाइट नाइट कोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ’एक्स’ पर जानकारी साझा की कि यह ठिकाना एक प्राकृतिक गुफा के अंदर था और हरि बुद्धा बाउल के आसपास तलाशी अभियान के दौरान इसका पता चला। गुफा जैसी संरचनाओं और संदिग्ध स्थलों की व्यवस्थित जांच के दौरान सेना को यह ठिकाना मिला, जहां से उन्हें कपड़े और खाद्य सामग्री भी बरामद हुई। सेना ने कहा कि यह अभियान क्षेत्र में उनकी सतत निगरानी और नियंत्रण की पुष्टि करता है।
‘बनवत एकता स्थल’ का उद्घाटन
साथ ही, सेना के उत्तरी कमांड के लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा ने शनिवार को पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के पास स्थित ‘बनवत एकता स्थल’ का उद्घाटन किया। यह सार्वजनिक स्मारक राष्ट्रीय गौरव और संप्रभुता का प्रतीक है। रक्षा प्रवक्ता के अनुसार, इस परियोजना को रिकॉर्ड 45 दिनों में पूरा किया गया और इसमें 105 फीट ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज लगाया गया है, जो पुंछ जिले का सबसे ऊंचा ध्वज है।
प्रवक्ता ने बताया कि यह स्थल नियंत्रण रेखा से केवल दो किलोमीटर दूर और पीर पंजाल पर्वतमाला की सुंदर पृष्ठभूमि में स्थित है। इसे देश और विदेश के पर्यटकों के लिए आकर्षक बनाने की योजना है, जिससे स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिलेगा और बांदी चेचियां गांव एवं आसपास के क्षेत्रों में छोटे व्यवसायों को प्रोत्साहन मिलेगा। राष्ट्रीय ध्वज के अलावा, इस स्थल पर बच्चों के मनोरंजन के लिए पार्क और शांति व मानसिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के लिए ‘एकता मंडप’ भी बनाया गया है।
प्रवक्ता ने कहा कि यह पहल सेना की सीमावर्ती क्षेत्रों में एकता मजबूत करने, राष्ट्र निर्माण और सामुदायिक विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उद्घाटन समारोह में तिरंगा फहराने के साथ-साथ एक चिकित्सा और रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया गया। इसके अलावा जागरूकता कार्यक्रम के तहत बच्चों को शैक्षिक किट, जरूरतमंदों को कंबल और महिलाओं को सैनिटरी पैड दिए गए।
(इनपुट - भाषा)
