देश

Kashmir: कश्मीर में चुन -चुन कर आतंकियों को मार रहे सुरक्षाबल, कठुआ एनकाउंटर में दूसरा टेररिस्ट भी मारा गया

Kashmir Kathua Encounter: जम्मू-कश्मीर के कठुआ के एक गांव में कल देर रात गोलीबारी करने वाले दो आतंकवादियों को सुरक्षाबलें मुठभेड़ में मार गिराया गया है। आतंकियों की गोलीबारी के दौरान एक अर्धसैनिक जवान भी शहीद हो गया।

Image

कठुआ एनकाउंट में दूसरा आतंकी भी मारा गया

Photo : ANI

Kashmir Encounter: जम्मू- कश्मीर के कठुआ में जारी एनकाउंटर में सुरक्षा बलों ने दूसरे आतंकी को भी मार गिराया है। सुरक्षाबलों का ऑपरेशन कठुआ में अभी भी जारी है और आतंकियों की खोज में सेना लगी है। कश्मीर घाटी में हाल के दिनों में आतंकी घटनाओं में तेजी देखने को मिली है, जिसके बाद सेना ने आतंकियों को खोज-खोज कर जन्नत पहुंचाना शुरू कर दिया है।

अमेरिकी हथियार से लैस था आतंकी

जम्मू-कश्मीर के कठुआ के एक गांव में कल देर रात गोलीबारी करने वाले दो आतंकवादियों को सुरक्षाबलें मुठभेड़ में मार गिराया गया है। आतंकियों की गोलीबारी के दौरान एक अर्धसैनिक जवान भी शहीद हो गया। कठुआ में आतंकवाद विरोधी अभियान की निगरानी कर रहे जम्मू क्षेत्र के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक आनंद जैन ने आज सुबह मुठभेड़ों का ब्योरा साझा किया। डोडा की घटना पर उन्होंने कहा कि आतंकवादियों ने कल देर रात चत्तरगला इलाके में सेना के एक अड्डे पर पुलिस और राष्ट्रीय राइफल्स के एक संयुक्त दल पर गोलीबारी की। उन्होंने कहा कि ऊंचाई वाले इलाकों में सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ चल रही है। पुलिस ने कहा कि कल शाम कठुआ हमले में दो आतंकवादी शामिल थे और उनमें से एक को कल रात मार गिराया गया। दूसरा आतंकवादी, जो अमेरिका में बनी एम4 कार्बाइन असॉल्ट राइफल से लैस था, जंगल में छिपा हुआ था और आज सुबह उसे मार गिराया गया।

एक जवान शहीद

अधिकारियों ने दावा किया कि जम्मू-कश्मीर में शांतिपूर्ण माहौल को बिगाड़ने की पाकिस्तान की कोशिशों के कारण ही जम्मू क्षेत्र में आतंकवादी गतिविधियों में तेजी आई है। अधिकारियों ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय सीमा के निकट कठुआ के सैदा सुखल गांव में बुधवार अपराह्न पुलिस, सेना और सीआरपीएफ के संयुक्त अभियान में दूसरे आतंकवादी को मार गिराया गया। उन्होंने बताया कि मंगलवार देर रात लगभग तीन बजे आतंकवादियों ने गांव में सुरक्षा घेरा तोड़ने के लिए अंधाधुंध गोलीबारी की थी। गोलीबारी में सीआरपीएफ के जवान कबीर दास गंभीर रूप से घायल हो गये। कबीर दास मध्य प्रदेश के रहने वाले थे। उन्होंने बताया कि जवान को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

रात से जारी है ऑपरेशन

जम्मू में रात भर शुरू हुई दो मुठभेड़ें सुबह तक जारी रहीं। इनमें डोडा में हुई मुठभेड़ भी शामिल है, जहां सेना की चौकी पर हुए हमले में पांच जवान और एक विशेष पुलिस अधिकारी (एसपीओ) घायल हो गए। जम्मू में इन दो आतंकी घटनाओं से ठीक दो दिन पहले रियासी में तीर्थयात्रियों को ले जा रही एक बस पर हमला हुआ था और वह खाई में गिर गई थी, जिसमें नौ यात्रियों की मौत हो गई थी।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article