Air India accident : दिल्ली एयर पोर्ट पर मंगलवार को एक बड़ा हादसा टल गया। इंदिरा गांधी एयरपोर्ट पर लैंडिंग के कुछ ही समय बाद एयर इंडिया के एक विमान के ऑक्सीलियरी पावर यूनिट (APU) में आग लग गई। एयर इंडिया के प्रवक्ता के मुताबिक हांगकांग से दिल्ली आ रही फ्लाइट संख्या AI 315 में लैंडिंग के तुरंत बाद और विमान के गेट पर पार्क होने के दौरान उसके APU में आग लग गई। यह घटना उस समय हुई जब यात्री विमान से उतरना शुरू कर चुके थे। सिस्टम डिजाइन के अनुसार APU को स्वचालित रूप से बंद कर दिया गया। विमान को कुछ नुकसान जरूर पहुंचा है, लेकिन सभी यात्री और चालक दल के सभी सदस्य विमान से सुरक्षित उतर गए। विमान को आगे की जांच के लिए ग्राउंड कर दिया गया है और नियामक प्राधिकरण को इसकी जानकारी दे दी गई है।
जून में अहमदाबाद में हादसे का शिकार हुए AI का विमान
पिछले महीने, 12 जून को एयर इंडिया की फ्लाइट संख्या AI-171 अहमदाबाद से उड़ान भरने के तुरंत बाद हादसे का शिकार हो गई। इस दुर्घटना में विमान में सवार 242 यात्रियों में से 241 और जमीन पर मौजूद 19 लोगों की मौत हो गई। बोइंग 787-8 विमान दुर्घटना पर अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट में, विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) ने कहा कि उड़ान भरने के तुरंत बाद, विमान के दोनों इंजनों की ईंधन आपूर्ति एक सेकंड के अंतराल में बंद हो गई, इसकी वजह से ईंधन की आपूर्ति इंजन तक नहीं हुई और विमान नीचे आकर हादसे का शिकार हो गया।
एयर इंडिया के बेड़े का हिस्सा हैं बोइंग 787
हालांकि, एयर इंडिया ने कहा है कि उसने अपनी बोइंग 787 और 737 विमान बेड़े में फ्यूल कंट्रोल स्विच (FCS) के लॉकिंग मैकेनिज्म की 'एहतियाती' जांच पूरी कर ली है और इसमें कोई गड़बड़ी नहीं पाई गई। बोइंग 787 एयर इंडिया के बेड़े का हिस्सा हैं, जबकि B-737 विमानों का संचालन इसकी कम लागत वाली सहायक कंपनी एयर इंडिया एक्सप्रेस द्वारा किया जाता है।
हाल के दिनों में एयरलाइन को नोटिस जारी हुए
इस बीच, एयरलाइन को पिछले छह महीनों में पांच अलग-अलग सुरक्षा उल्लंघनों के संबंध में कुल नौ कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। नागरिक उड्डयन मंत्रालय द्वारा सोमवार को राज्यसभा में दिए गए बयान के अनुसार, एक उल्लंघन के संबंध में प्रवर्तन कार्रवाई पूरी की जा चुकी है। एक अलग लिखित उत्तर में, नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने कहा कि पिछले छह महीनों के दौरान, दुर्घटनाग्रस्त विमान के संबंध में एयर इंडिया की विश्वसनीयता रिपोर्टों में कोई प्रतिकूल प्रवृत्ति दर्ज नहीं की गई।
