देश

खुद को रोक नहीं पाए अनिल देशमुख, अजित पवार की मौत की खबर सुनकर फफक कर रो पड़े, शब्द नहीं निकले, Video

यह हादसा पुणे जिले में बुधवार सुबह करीब 8 बजकर 45 मिनट पर हुआ। अधिकारियों ने बताया कि यह घटना उस वक्त हुई जब अजित पवार (66) का विमान पुणे के बारामती इलाके में उतर रहा था। ‘फ्लाइट रडार’ के अनुसार, विमान ने मुंबई से सुबह आठ बजकर 10 मिनट पर उड़ान भरी और सुबह करीब आठ बजकर 45 मिनट पर यह रडार की पहुंच से गायब हो गया।

Image

विमान हादसे में महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार की मौत।

Photo : ANI

Ajit Pawar Death News: महाराष्ट्र के बारामती में एक विमान हादसे में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) नेता एवं डिप्टी सीएम अजित पवार की मौत हो गई। विमान में अजित के साथ सवार चार अन्य लोगों की भी मौत हुई। विमान हादसे में अजित पवार की मौत की खबर सामने आते ही देश भर में शोक की लहर दौड़ गई। एनसीपी नेता की मौत की खबर जब महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख के पास पहुंची तो वह कुछ नहीं बोल पाए। उन्होंने बोलने की कोशिश की लेकिन मुंह से कोई शब्द नहीं निकल पाया और वे भावनाओं का ज्वार उनके रुलाई के रूप में सामने आ गया। देशमुख शरद पवार वाली एनसीपी के नेता हैं।

8 बजकर 45 मिनट पर हुआ हादसा

यह हादसा पुणे जिले में बुधवार सुबह करीब 8 बजकर 45 मिनट पर हुआ। अधिकारियों ने बताया कि यह घटना उस वक्त हुई जब अजित पवार (66) का विमान पुणे के बारामती इलाके में उतर रहा था। ‘फ्लाइट रडार’ के अनुसार, विमान ने मुंबई से सुबह आठ बजकर 10 मिनट पर उड़ान भरी और सुबह करीब आठ बजकर 45 मिनट पर यह रडार की पहुंच से गायब हो गया। पवार राज्य में पांच फरवरी को होने वाले जिला परिषद चुनाव के प्रचार अभियान के तहत जनसभाओं को संबोधित करने के लिए मुंबई से बारामती जा रहे थे। पुलिस अधिकारी ने बताया कि विमान सुबह आठ बजकर 50 मिनट पर दुर्घटनाग्रस्त हुआ। घटना के वक्त उसमें पांच लोग सवार थे।

रनवे से उतर गया विमान, फिर आग लगी

पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल ने बताया कि दुर्घटना के बाद विमान में आग लग गई। उन्होंने कहा, ‘विमान में सवार सभी लोगों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया।’ एक सूत्र ने बताया कि पायलट ने विमान को उतारने का प्रयास करने से पहले हवाई पट्टी के पास खराब दृश्यता के बारे में बताया था। सूत्रों के अनुसार, ‘बॉम्बार्डियर एयरोस्पेस’ के ‘लेयरजेट डिवीजन’ द्वारा निर्मित मध्यम आकार का बिजनेस जेट विमान ‘लेयरजेट 45’ (एलजे45) बारामती हवाई अड्डे पर उतरने का प्रयास करते समय रनवे से उतर गया और उसमें आग लग गई। पवार के परिवार में उनकी पत्नी सुनेत्रा और दो बेटे पार्थ और जय हैं। सुनेत्रा राज्यसभा सदस्य हैं। हाल में पुणे और पिंपरी चिंचवड में हुए नगर निगम चुनाव में पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने शरद पवार की राकांपा (शप) के साथ गठबंधन करके चुनाव लड़ा था।

मौत पर PM मोदी ने दुख जताया

विमान हादसे में महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार की मौत होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक जताया है। अपने शोक संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा कि 'अजित पवार जी जनता के नेता थे और उनका जमीनी स्तर पर लोगों से गहरा जुड़ाव था। वे महाराष्ट्र के लोगों की सेवा में सदैव अग्रणी रहने वाले एक परिश्रमी व्यक्तित्व के रूप में व्यापक रूप से सम्मानित थे। प्रशासनिक विषयों की उनकी गहरी समझ और गरीबों व वंचितों को सशक्त बनाने के प्रति उनका जुनून भी अत्यंत सराहनीय था। उनका असामयिक निधन अत्यंत चौंकाने वाला और दुःखद है। उनके परिवार और असंख्य प्रशंसकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाए। ओम शांति।'

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article