केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अहमदाबाद के बोपाल और आसपास के इलाकों में जलभराव की समस्या को गंभीरता से लेते हुए इसका स्थायी और सुनियोजित समाधान करने के लिए कहा है। ये इलाके शाह के लोकसभा क्षेत्र के हिस्सा हैं।गांधीनगर से लोकसभा सदस्य शाह ने इस संबंध में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, अहमदाबाद के महापौर और नगर निगम आयुक्त को पत्र लिखकर बार-बार होने वाले जलभराव की समस्या से निपटने के लिए जरूरी कदम उठाने को कहा।
शाह के सांसद कार्यालय की ओर से बृहस्पतिवार को जारी एक विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई।इन इलाकों में अंबली, घुमा और शेला भी शामिल हैं। अहमदाबाद शहर के ये नए विकसित शहरी इलाके शाह के गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आते हैं।विज्ञप्ति के अनुसार, अहमदाबाद में भारी बारिश के बाद यह समस्या सामने आई।हाल में हुई बारिश के दौरान करीब 18 इंच पानी बरसा था।
अंबली-बोपाल-घुमा-शेला इलाके में जलभराव हो गया
भारी बारिश के कारण अंबली-बोपाल-घुमा-शेला इलाके में जलभराव हो गया, जिससे स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।इन इलाकों को 2021 में अहमदाबाद नगर निगम (एएमसी) की सीमा में शामिल किया गया था।भौगोलिक स्थिति और पहले पर्याप्त वर्षाजल निकासी व्यवस्था नहीं होने के कारण भारी बारिश के दौरान इन इलाकों में जलभराव की समस्या होती है।
TIMES NOW Navbharat पर यह भी पढ़ें:गुजरात में भारी बारिश का तांडव, सूरत का डुमस बीच 7 अगस्त तक बंद, नवसारी में खतरे के निशान से ऊपर नदियां
अहमदाबाद नगर निगम ने पूरे इलाके का सर्वेक्षण कराया
विज्ञप्ति के मुताबिक, शाह के निर्देश पर अहमदाबाद नगर निगम ने पूरे इलाके का सर्वेक्षण कराया और क्षेत्रवार वर्षाजल निकासी की मास्टर प्लान तैयार किया।विज्ञप्ति में बताया गया कि इसके तहत उन इलाकों में वर्षाजल के लिए नई निकासी व्यवस्था स्थापित करने की योजना बनाई गई है, जहां फिलहाल ऐसी सुविधा उपलब्ध नहीं है। अहमदाबाद नगर निगम ने बताया कि इसके अलावा जलभराव वाले स्थानों की पहचान कर वहां जरूरी उपाय किए जाएंगे तथा बारिश के पानी की जल्द निकासी के लिए वर्षाजल निकासी पाइपलाइन, आपस में जुड़ी नालियों और पानी की निकासी के मार्ग की व्यवस्था की जाएगी।
