Amit Shah on Petrol Price Hike: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी होने के दावों को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर सोमवार को कटाक्ष करते हुए कहा कि वास्तव में ऐसा हुआ है, 'लेकिन पड़ोसी देश पाकिस्तान में।' शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ने पश्चिम एशिया संघर्ष के बीच पेट्रोलियम उत्पादों की उपलब्धता सुनिश्चित की है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता ने नौ अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले पुडुचेरी में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए वादा किया कि अगर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को दो-तिहाई बहुमत मिलता है तो वे पुडुचेरी का विकास सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।
राहुल गांधी के किस बयान पर अमित शाह हमलावर
सत्तारूढ़ एएनआरसी-भाजपा गठबंधन आगामी चुनावों में लगातार दूसरी बार सत्ता में आने की कोशिश कर रहा है। शाह ने कहा कि राहुल गांधी ने हाल में इस केंद्र शासित प्रदेश में एक जनसभा में कहा था कि 'खाड़ी युद्ध के कारण भारत में पेट्रोल की कीमतें बढ़ गई हैं। उन्होंने कहा, 'वह सही कह रहे हैं। पेट्रोल की कीमत 458 रुपये है, जबकि डीजल की कीमत 520 रुपये तक पहुंच गई है। लेकिन राहुल... ऐसा भारत में नहीं, बल्कि पाकिस्तान में हुआ है।'
उन्होंने कहा कि इसके विपरीत, देश में कीमतें स्थिर हैं और पेट्रोलियम उत्पादों की कोई कमी नहीं है। हाल में, ईंधन की कीमतों में अभूतपूर्व वृद्धि के बाद हुए कड़े विरोध के बाद, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने पेट्रोल की कीमत में कटौती की घोषणा की थी।
शाह ने विपक्षी 'इंडिया' गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि भाकपा और माकपा केंद्र शासित प्रदेश में पहले ही गठबंधन छोड़ चुकी हैं, जबकि द्रमुक और कांग्रेस पांच सीटों पर एक-दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ रही हैं, वहीं दूसरी ओर राजग एकजुट है।
