Navbharat Navnirman Manch 2024: समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश में पुलिस भर्ती परीक्षा लीक होने और विकास कार्यों को लेकर योगी सरकार पर हमला बोला। सपा अध्यक्ष ने कहा कि यूपी में पेपर लीक की सबसे ज्यादा घटनाएं हुई हैं। पेपर लीक होने से छात्रों का भविष्य अधर में लटक गया है। राज्य में जो भी एक्सप्रेसवे बन रहे हैं, केंद्र उसके लिए राशि नहीं दे रहा है। यूपी के साथ भेदभाव हो रहा है। अखिलेश ने ये बातें टाइम्स नाउ नवभारत के कार्यक्रम नवभारत नवनिर्माण मंच पर कहीं।
अखिलेश ने पूछा- NHAI के फंड से यूपी में क्यों नहीं बना एक्सप्रेसवे
टाइम्स नेटवर्क की ग्रुप एडिटर और टाइम्स नाउ नवभारत की एडिटर इन चीफ नाविका कुमार के साथ खास बातचीत में अखिलेश ने कहा कि हमारा वोट 36 प्रतिशत तक पहुंच गया है। इससे भाजपा में घबराहट है। भाजपा ने अगर इतना काम किया है तो उसे घबराहट किस बात की है। अखिलेश ने आगे कहा, 'हमारे बनाए गए एक्सप्रेसवे पर पीएम हरक्यूलिस विमान से उतरे। मैं पूछना चाहता हूं कि इस तरह का एक्सप्रेसवे यूपी में फिर क्यों नहीं बना? महाराष्ट्र, गुजरात में एक्सप्रेसवे का निर्माण केंद्र के पैसे से हो रहा है। NHAI के फंड से यूपी में एक भी एक्सप्रेसवे नहीं बन रहा है।' अखिलेश ने पूछा कि सेमीकंडक्टर का प्लांट यूपी में क्यों नहीं लगा? यूपी के नौजवान को नौकरी क्यों नहीं मिल रही? सपा अध्यक्ष ने सरकार पर पेपर लीक कराने का आरोप लगाया और कहा कि यूपी सरकार की नीयत युवाओं को नौकरी और आरक्षण देने की नहीं है।
चुनाव में दूसरी तरफ संविधान के भक्षक लोग होंगे-अखिलेश
अखिलेश ने कहा कि इस बार का लोकसभा चुनाव अलग होगा। इस बार एक तरफ संविधान के रक्षक लोग होंगे और दूसरी तरफ 'संविधान के भक्षक' लोग होंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल नफरत फैलाती है और हिंदू-मुसलमानों में झगड़ा कराती है। इस सवाल पर कि 1993 में व्यास तहखाना बंद करने का मुलायम सरकार का फैसला गलत था। इस पर उन्होंने कहा कि उस समय की परिस्थितियां को देखकर प्रशासन ने इस तरह का निर्णय लिया होगा। सपा नेता ने कहा कि कभी समुद्र मंथन हुआ था। इस बार संविधान मंथन होगा और यूपी से भाजपा का सफाया होगा। अखिलेश ने पेपर लीक मामले को लेकर योगी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि योगी सरकार में नौ पेपर लीक हुए हैं। इतने पेपर लीक किसी प्रदेश में नहीं हुए। छात्र धरने पर हैं। उनका भविष्य अधर में है। उनके द्वारा आत्महत्या करने की रिपोर्टें हैं। सरकार क्या कर रही है?
अफजाल अंसारी पर फैसला कोर्ट करेगा
गाजीपुर से बाहुबली अफजाल अंसारी को टिकट दिए जाने के सवाल पर सपा अध्यक्ष ने पूछा कि क्या भाजपा में सब शरीफ है? अंसारी पर गैंगस्टर एक्ट लगा है लेकिन वह दोषी है कि नहीं इसका फैसला कोर्ट करेगा। राजनीति में बहुत सारे मुकदमे झूठे लगते हैं। इस सरकार ने जयंत चौधरी पर जाट अधिकारी ढूंढकर चार्जशीट लगवाई। यादव अधिकारी से हम पर चार्जशीट लगवाई। जयंत चौधरी अब मुकदमा खत्म करा लेंगे। उनका खत्म होगा तो मेरा भी खत्म हो जाएगा।
नीतीश की वजह से गठबंधन में आया
'इंडिया' ब्लॉक से नीतीश कुमार के अलग होने के सवाल पर अखिलेश ने कहा कि वह नीतीश की वजह से गठबंधन में शामिल हुए थे। कांग्रेस की वजह से वह इस ब्लॉक से नहीं आए। सपा नेता ने कहा कि अब वह इस गठबंधन को नहीं छोड़ सकता है। पीडीए की उनकी लड़ाई जारी रहेगी।
जब बुलावा आएगा तो अयोध्या जाऊंगा-अखिलेश
नाविका कुमार के इस सवाल पर कि राम लला का दर्शन करने वह अयोध्या कब जाएंगे? इस पर अखिलेश ने पहले की तरह कहा कि जब उन्हें बुलावा आएगा तब जाएंगे अभी बुलावा आया नहीं है। सपा नेता ने कहा कि वह हिंदू और सनातनी हैं। वह सभी देवी-देवताओं को मानते हैं। उन्होंने कहा कि हिंदू धर्म में मान्यता है कि देवी-देवता के दर्शन के लिए बुलावा आता है। अखिलेश ने कहा कि सवाल प्रभु राम का नहीं है। भाजपा के लोग राम मंदिर के जरिए राजनीति कर रहे हैं, उन्हें राजनीति नहीं करनी चाहिए। जब बुलावा आएगा तो वह भी अयोध्या जाएंगे और राम लला का दर्शन करेंगे।
