देश

AI प्लेन क्रैश : पीड़ित परिवारों, हादसे में बचने वाले शख्स को अतिरिक्त Rs 25 लाख देगी एयर इंडिया

एयर इंडिया के सीईओ कैंपबेल विल्सन ने कहा, 'एयर इंडिया की प्रबंधन टीम इस समय शहर में मौजूद है। हम तब तक अहमदाबाद में रहेंगे जब तक जरूरत होगी। पीड़ित परिवारों को तात्कालिक आर्थिक सहायता प्रदान करने के लिए, एयर इंडिया प्रत्येक मृतक के परिवार और जीवित बचे लोगों को 25 लाख रुपये की अंतरिम राशि प्रदान करेगी।

Image

पीड़ितों को तत्काल राहत देने के लिए उठाया कदम।

Air India Plane Crash : टाटा ग्रुप की एयर एंडिया ने शनिवार को कहा कि वह प्लेन क्रैश में मारे गए लोगों के प्रत्येक परिवार और हादसे में एक मात्र जिंदा बचे यात्री को वह 25 लाख रुपए का अतरिक्ति अंतरिम मुआवजा देगी। एयर लाइन ने यह फैसला पीड़ित परिवारों को तत्काल वित्तीय जरूरतों को ध्यान में रखते हुए लिया है। यह अंतरिम राशि टाटा संस की ओर से घोषित एक करोड़ रुपए के मुआवजे से अलग होगी।

'हम तब तक अहमदाबाद में रहेंगे जब तक जरूरत होगी'

एयर इंडिया के सीईओ कैंपबेल विल्सन ने कहा, 'एयर इंडिया की प्रबंधन टीम इस समय शहर में मौजूद है। हम तब तक अहमदाबाद में रहेंगे जब तक जरूरत होगी। पीड़ित परिवारों को तात्कालिक आर्थिक सहायता प्रदान करने के लिए, एयर इंडिया प्रत्येक मृतक के परिवार और जीवित बचे लोगों को 25 लाख रुपये की अंतरिम राशि प्रदान करेगी। कैंपबेल ने यह भी कहा कि एयरलाइन की टीमें पीड़ितों परिवारों के बीच संपर्क कायम कराने की प्रक्रिया में अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रही हैं। उन्होंने इस भावनात्मक स्थिति को स्वीकारते हुए परिवारों से इस कठिन समय में उनकी निजता और शांति बनाए रखने का अनुरोध किया।

विमान का डेटा रिकॉर्डर बरामद

उन्होंने यह भी पुष्टि की कि एयर इंडिया, नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) के निर्देशानुसार, अपने बोइंग 787 विमानों पर एहतियाती सुरक्षा जांच पूरी करने की प्रक्रिया में है। इसके अलावा, विमान का डेटा रिकॉर्डर बरामद कर लिया गया है और उसे हादसे की आधिकारिक जांच में शामिल किया जाएगा।

जांच के लिए उच्च स्तरीय समिति गठित

सरकार ने शनिवार को कहा कि अहमदाबाद विमान दुर्घटना के कारणों की जांच के लिए एक उच्च स्तरीय समिति गठित की गई है और जांच सुचारू रूप से आगे बढ़ रही है। बृहस्पतिवार को दुर्घटनाग्रस्त हुए एअर इंडिया के बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान का ‘ब्लैक बॉक्स’ शुक्रवार शाम को घटनास्थल से बरामद किया गया। नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू ने राष्ट्रीय राजधानी में संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘ब्लैक बॉक्स की डिकोडिंग से, विमान दुर्घटना से कुछ क्षण पहले क्या हुआ था, इसकी पूरी जानकारी मिल सकेगी।’

सुरक्षा को और बेहतर बनाया जा रहा- नायडू

अहमदाबाद से लंदन के गैटविक जा रहा एअर इंडिया का बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान बृहस्पतिवार दोपहर उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। विमान में सवार 242 लोगों में से केवल एक व्यक्ति ही जीवित बचा। मंत्री ने कहा कि देश में विमानन सुरक्षा के बहुत सख्त मानक और मजबूत प्रोटोकॉल हैं तथा सुरक्षा को और बेहतर बनाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। मंत्री ने कहा, ‘विमान दुर्घटना के बारे में जो भी सिद्धांत हैं, उनका विश्लेषण किया जाएगा।’

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article