देश

एयर इंडिया ड्रीमलाइनर के फ्यूल कंट्रोल स्विच में गड़बड़ी,DGCA तक पहुंचा मामला; रोकी गई उड़ान

एयर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि पायलट से प्रारंभिक सूचना मिलने के तुरंत बाद संबंधित विमान को उड़ान भरने से रोक दिया गया है। साथ ही मामले की जानकारी विमानन नियामक DGCA को दे दी गई।

Image

Air India

Photo : iStock

एयर इंडिया ने अपने एक बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान की उड़ान पर रोक लगा दी है। यह कदम तब उठाया गया है जब एयरलाइन के एक पायलट ने विमान के फ्यूल कंट्रोल स्विच में संभावित तकनीकी खराबी की आशंका जताई। इससे पहले, लंदन से बेंगलुरु आ रहा विमान (उड़ान संख्या एआई132) सोमवार सुबह बेंगलुरु में उतरा। विमानन एजेंसी ने इसकी जानकारी नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) को दे दी है। एयरलाइन ने एक बयान में कहा कि वह इस बात से अवगत है कि उसके एक पायलट ने बोइंग 787-8 विमान के ईंधन नियंत्रण स्विच में संभावित खराबी की सूचना दी।

एयर इंडिया के प्रवक्ता ने क्या कहा?

एयर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि पायलट से प्रारंभिक सूचना मिलने के तुरंत बाद संबंधित विमान को उड़ान भरने से रोक दिया गया है। साथ ही मामले की जानकारी विमानन नियामक DGCA को दे दी गई। इसके साथ ही विमान के मूल उपकरण निर्माता (OEM) को प्राथमिकता के आधार पर जांच के लिए शामिल किया गया है।

प्रवक्ता ने कहा कि हमें जानकारी मिली है कि हमारे एक पायलट ने Boeing 787-8 विमान के फ्यूल कंट्रोल स्विच में संभावित खराबी की सूचना दी है। एहतियात के तौर पर विमान को ग्राउंड किया गया है और OEM से जांच कराई जा रही है। DGCA को भी इसकी जानकारी दे दी गई है। यात्रियों और क्रू की सुरक्षा एयर इंडिया की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

एयरलाइन ने यह भी स्पष्ट किया कि DGCA के पहले के निर्देश के बाद उसने अपने पूरे बोइंग 787 बेड़े के फ्यूल कंट्रोल स्विच की जांच की थी, जिसमें उस समय कोई खामी नहीं पाई गई थी।

अहमदाबाद में 260 लोगों की हो गई थी मौत

यह मामला 12 जून को अहमदाबाद में हुए Boeing 787-8 विमान हादसे के बाद सामने आया है। उस दुर्घटना में कुल 260 लोगों की मौत हो गई थी, जिनमें 229 यात्री, 12 क्रू सदस्य और जमीन पर मौजूद 19 लोग शामिल थे। प्रारंभिक जांच रिपोर्ट में सामने आया था कि टेक-ऑफ के कुछ ही सेकंड बाद विमान के दोनों इंजन लगभग एक-एक सेकंड के अंतर से बंद हो गए थे, जिससे विमान तेजी से ऊंचाई खो बैठा और दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article