देश

बार-बार रद्द हो रहीं एयर इंडिया की उड़ानें, अब सिंगापुर-चेन्नई फ्लाइट हुई कैंसिल; यात्री परेशान

Air India Flight Technical Issue: एयर इंडिया ने रविवार को तकनीकी खराबी के कारण सिंगापुर से चेन्नई जाने वाली अपनी उड़ान रद्द कर दी जिसकी वजह से यात्री परेशान हैं। उड़ान संख्या एआई349 को एयरबस ए321 से संचालित किया जाना था। हाल के दिनों में एयर इंडिया के कुछ विमानों में तकनीकी खराबी आई है।

Image

एयर इंडिया की सिंगापुर-चेन्नई फ्लाइट कैंसिल (फाइल फोटो)

Photo : iStock

Air India Flight Technical Issue: एयर इंडिया ने रविवार को तकनीकी खराबी के कारण सिंगापुर से चेन्नई जाने वाली अपनी उड़ान रद्द कर दी। उड़ान संख्या एआई349 को एयरबस ए321 से संचालित किया जाना था। एयरलाइन ने रविवार को एक बयान में कहा कि सिंगापुर से चेन्नई जाने वाली उड़ान संख्या एआई349 को प्रस्थान से पहले मिले एक रखरखाव कार्य के कारण रद्द कर दिया गया है, जिसके सुधार के लिए अतिरिक्त समय की आवश्यकता थी।

एयरलाइन ने क्या कुछ कहा?

एयर इंडिया ने कहा कि यात्रियों को जल्द से जल्द चेन्नई पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है। होटल में ठहरने की व्यवस्था की जा रही है, और रद्दीकरण पर पूरा पैसा वापस किया जा रहा है, या यात्रियों को उनकी पसंद के आधार पर मानार्थ पुनर्निर्धारण की सुविधा भी दी जा रही है। एयरलाइन के अनुसार, सिंगापुर में जमीनी रखरखाव वाले कर्मचारी इस अप्रत्याशित व्यवधान के कारण यात्रियों को होने वाली असुविधा को कम करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है। हाल के दिनों में, एयर इंडिया के कुछ विमानों में तकनीकी खराबी आई है।

लंदन-दिल्ली फ्लाइट में 11 घंटे की देरी

इससे पहले, एयर इंडिया की लंदन से दिल्ली आने वाली फ्लाइट ने 11 घंटे से अधिक की देरी के बाद उड़ान भरी। इस दौरान एयरलाइन ने यात्रियों को टिकट कैंसिलेशन का भी विकल्प दिया था। एअरलाइन ने कहा था कि यात्रियों को टिकट रद्द करने पर पूरे पैसे वापस या बिना अतिरिक्त शुल्क के टिकट फिर से लेने का विकल्प दिया गया है।

दिल्ली से लंदन जाने वाली फ्लाइट रद्द

वहीं, गुरुवार को दिल्ली से लंदन जा रही ड्रीमलाइनर विमान को तकनीकी खराबी के कारण उड़ान भरने से पहले ही रोक दिया गया था जिसके बाद वैकल्पिक विमान से यात्रा कराई गई थी। एयर इंडिया ने बताया था, ‘‘31 जुलाई को दिल्ली से लंदन जाने वाली उड़ान एआई2017 को संभावित तकनीकी खराबी के कारण उड़ान भरने से रोका गया। कॉकपिट क्रू ने मानक संचालन प्रक्रियाओं का पालन करते हुए उड़ान नहीं भरने का फैसला किया और एहतियाती जांच के लिए विमान को वापस ले आए।’’

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article