Indigo Flight Fight Issue: मुंबई से कोलकाता जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट में सहयात्री को थप्पड़ मारने वाले व्यक्ति पर एयरलाइन ने प्रतिबंध लगाया है। इंडिगो ने एक बयान जारी कर उपद्रवी यात्री को नो फ्लाइंग लिस्ट में डाला है। साथ ही यात्रियों की सुरक्षित, सम्मानजनक और आरामदायक यात्रा को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
एयरलाइन ने क्या कुछ कहा
इंडिगो ने एक्स पर एक पोस्ट में थप्पड़ जड़ने वाले यात्री को नो फ्लाइंट लिस्ट में डालने की जानकारी दी। बयान में कहा गया कि इंडिगो में हमारे मेहमानों और क्रू मेंबर्स की सुरक्षा और कल्याण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उचित जांच के बाद एक अनियंत्रित यात्री से जुड़ी घटना की औपचारिक सूचना संबंधित अधिकारियों को जरूरी कार्रवाई के लिए दी गई है।
बयान में कहा गया है कि उड़ान के दौरान इस तरह के अनियंत्रित व्यवहार को हतोत्साहित करने की हमारी प्रतिबद्धता के अनुरूप नियामक प्रावधानों के अनुसार, उस व्यक्ति को इंडिगो की किसी भी उड़ान में यात्रा से रोक दिया गया है। एयरलाइन ने आगे बताया कि हम विमान में सभी यात्रियों के लिए एक सुरक्षित, सम्मानजनक और आरामदायक वातावरण बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। आपके निरंतर विश्वास के लिए धन्यवाद।
क्या है पूरा मामला?
मुंबई से कोलकाता जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6ई138 मुंबई में शुक्रवार को एक यात्री ने सहयात्री को थप्पड़ जड़ा था। कोलकाता एयरपोर्ट पर फ्लाइट के लैंड होते ही आरोपी यात्री को सुरक्षादल को सौंप दिया गया था। इस घटना के बाद इंडिगो ने यात्री को उपद्रवी करार दिया था।
