Ahmedabad Plane Crash Video: अहमदाबाद पुलिस ने विमान दुर्घटना का मोबाइल फोन से वीडियो बनाने वाले 17 वर्षीय लड़के का बयान दर्ज किया है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था।अहमदाबाद अपराध शाखा ने एक विज्ञप्ति में पुष्टि की कि लड़के का बयान गवाह के तौर पर दर्ज किया गया है। आर्यन नियमित तौर पर, उड़ान भरने वाले विमान का वीडियो बनाता है, लेकिन दुर्भाग्य से इस वीडियो में सबसे बुरी विमान दुर्घटनाओं में से एक दुर्घटना कैद हो गई।
बृहस्पतिवार को अहमदाबाद से लंदन के लिए रवाना हुआ विमान सरदार वल्लभभाई पटेल हवाई अड्डे से उड़ान भरने के तुरंत बाद एक मेडिकल कॉलेज परिसर की इमारत से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। दुर्घटना में विमान में सवार 242 में से 241 यात्रियों और कई अन्य लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने इस अटकल को भी खारिज कर दिया कि वीडियो के सिलसिले में उसे हिरासत में लिया गया है।
'वह पूरी रात जागता रहा, वह शांत हो गया है, कुछ भी नहीं खा रहा है'
उसकी बहन ने अपने भाई के लिए चिंता व्यक्त करते हुए कहा, 'आर्यन ने मुझे वीडियो दिखाया और मुझसे कहा कि वह यहां नहीं रहना चाहता क्योंकि यह खतरनाक है। वह बहुत डरा हुआ है। वह ठीक से बोल नहीं पा रहा है।' हवाई अड्डे के पास आर्यन के किराए के आवास की मकान मालकिन ने भी आर्यन की परेशानी के बारे में बताया। उन्होंने समाचार एजेंसी को बताया, 'जब मैं घटना के बाद आई, तो मैंने पाया कि वह बोल नहीं पा रहा था। मैंने उसे आश्वस्त किया... वह पूरी रात जागता रहा। वह शांत हो गया है, कुछ भी नहीं खा रहा है।'
'इस वीडियो को बनाने के लिए किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है'
पुलिस ने कहा, 'इस वीडियो को बनाने के लिए किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। मोबाइल वीडियो की स्क्रीन रिकॉर्डिंग वायरल हुई है। वीडियो बनाने वाले नाबालिग ने पुलिस को वीडियो का विवरण दिया है। वह अपने पिता के साथ गवाह के तौर पर बयान दर्ज कराने आया था। फिर लड़के को उसके पिता के साथ भेज दिया गया। किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है, न ही हिरासत में लिया गया है।'
'दुर्घटना रिकॉर्डिंग शुरू करने के 24 सेकेंड बाद हुई'
आर्यन ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि दुर्घटना रिकॉर्डिंग शुरू करने के 24 सेकेंड बाद हुई।उन्होंने कहा, 'मैंने जो कुछ देखा, उससे मैं बहुत डर गया। मेरी बहन ने सबसे पहले मेरा वीडियो देखा और पिता को जानकारी दी। मुझे नहीं पता था कि विमान दुर्घटनाग्रस्त हो जाएगा।'
आर्यन की बहन ने कहा कि वह बहुत डर गया था और इस क्षेत्र में नहीं रहना चाहता था क्योंकि यह बहुत खतरनाक घटना थी। बहन ने कहा, 'वह ठीक से बोल भी नहीं पा रहा था।' आर्यन का परिवार किराये के मकान में रहता है।
