Ahmedabad Plane Crash: गुजरात के अहमदाबाद में गुरुवार को एयर इंडिया का यात्री विमान क्रैश हो गया। इस विमान में दो पायलट, 10 क्रू समेत 242 लोग मौजूद थे। हादसे की जानकारी मिलते ही तत्काल प्रभाव से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू से बात की।
समाचार एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से बताया कि पीएम मोदी ने गृह मंत्री अमित शाह और नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू से बात की। उन्होंने उनसे अहमदाबाद जाकर यह सुनिश्चित करने को कहा है कि विमान दुर्घटना के बाद प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता मुहैया कराई जाए।
अहमदाबाद जा रहे नागरिक उड्डयन मंत्री
नागरिक उड्डयन मंत्री के कार्यालय के एक अधिकारी ने बताया कि पीएम मोदी ने व्यक्तिगत रूप से नायडू से बात की और अहमदाबाद में एयर इंडिया विमान दुर्घटना की घटना की जानकारी ली। कार्यालय के मुताबिक, ‘‘मंत्री ने प्रधानमंत्री को बताया कि वह जमीनी स्तर पर बचाव एवं राहत कार्यों की निगरानी के लिए अहमदाबाद जा रहे हैं।’’

अहमदाबाद में विमान हादसा
एक अधिकारी ने बताया, ‘‘प्रधानमंत्री ने मंत्री को तत्काल सभी आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है तथा स्थिति के बारे में नियमित रूप से जानकारी देने को कहा है।’’ इसके अलावा, अधिकारी ने बताया कि सभी संबंधित एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं और समन्वित प्रयास जारी हैं।अधिकारियों ने बताया कि पीएम मोदी ने शाह और नायडू दोनों से अहमदाबाद जाकर यह सुनिश्चित करने को कहा है कि हवाई दुर्घटना से प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।
