देश

Bharat Jodo Yatra: हरियाणा के बाद 10 जनवरी को पंजाब पहुंचेगी भारत जोड़ो यात्रा, प्रदेश में 9 दिन रहेगी

  • Authored by: रंजीता झा
  • Updated Jan 9, 2023, 05:18 PM IST

Bharat Jodo Yatra in Punjab: भारत जोड़ो यात्रा हरियाणा से 10 जनवरी को पंजाब पहुचेंगी। यात्रा पंजाब में 9 दिन रहेगी। इस दौरान यात्रा पंजाब के कई जिलों से गुजरेगी। राहुल जालंधर में प्रेस कांफ्रेंस को भी संबोधित करेंगे।

Image

पंजाब में यात्रा फतेहगढ़ साहिब से शुरू होगी, राहुल पदयात्रा की बजाय यहां गाड़ी से पहुंचेंगे

KEY HIGHLIGHTS
  • यात्रा की शुरुआत 11 जनवरी को गुरद्वारा फतेहगढ़ साहिब के दर्शन के साथ शुरू होगी
  • पंजाब में यात्रा का पूरा इंतजाम प्रदेश इकाई को करने को कहा गया है
  • फतेहगढ़ साहिब से यात्रा मंडी गोबिंदगढ़, खन्ना होते हुए लुधियाना की तरफ आगे बढ़ेगी

Bharat Jodo Yatra update: सामान्य तौर भारत जोड़ो यात्रा के एक राज्य से दूसरे राज्य में जाने पर फ्लैग एक्सचेंज किया जाता है। लेकिन पंजाब में ऐसा नही होगा। पंजाब में यात्रा फतेहगढ़ साहिब से शुरू होगी। राहुल पदयात्रा की बजाय यहां गाड़ी से पहुंचेंगे। राहुल गांधी 10 जनवरी को फतेहगढ़ साहिब के न्यू अनाज मंडी, सरहिंद में रात्रि विश्राम करेंगे।

यात्रा की शुरुआत 11 जनवरी को सुबह 6 बजे गुरद्वारा फतेहगढ़ साहिब के दर्शन के साथ शुरू होगी। उसी दिन न्यू बस स्टैंड पर फ्लैग एक्सचेंज के साथ पंजाब में औपचारिक रूप से पदयात्रा शुरू होगी। सूत्रों के मुताबिक यात्रा में शामिल होने के लिए सभी प्रदेश के नेताओं को शामिल होने के लिए पहले से पत्र लिखा जा चुका है। पंजाब में यात्रा का पूरा इंतजाम प्रदेश इकाई को करने को कहा गया है।

फतेहगढ़ साहिब सिख धर्म के सबसे पवित्र स्थानों में से एक माना जाता है

यहाँ औरंगज़ेब के सरहिंद के फौजदार वजीर खान ने गुरु गोविंद सिंह के दो बेटों - फतेह सिंह और ज़ोरावर सिंह को दीवार में ज़िन्दा चुनवा दिया था। पिछले दिनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 9 जनवरी को श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर युवा साहिबज़ादों की शहादत को याद करने के लिए 26 दिसंबर को 'वीर बाल दिवस' घोषित किया था। राज्य की राजनीति में सत्ता से बेदखल हो चुकी कांग्रेस यात्रा के जरिए राज्य में फिर से पुनर्जीवित होने का प्रयास करेगी।

12 जनवरी को यात्रा सुबह मल्हीपुर से शुरू होगी

फतेहगढ़ साहिब से यात्रा मंडी गोबिंदगढ़, खन्ना होते हुए लुधियाना की तरफ आगे बढ़ेगी। 12 जनवरी को यात्रा सुबह मल्हीपुर से शुरू होगी। दिन का लंच समराला चौक लुधियाना में होगा और रात्रि विश्राम लड़ोवाल कुलविंदर सिंह फार्म हाउस पर होगा। 14 जनवरी को भारत जोड़ो यात्रा लडोवाल से शुरू होगा। सुबह 10 बजे गोराया, जालंधर में मॉर्निंग ब्रेक होगा। दिन का लंच जायसी रिजॉर्ट में होगा। उस दिन यात्रा का नाइट ब्रेक कोनिका रिजॉर्ट फंगवारा में होगा। 15 जनवरी को खालसा कॉलेज जालंधर सुबह का ब्रेक होगा और नाइट हॉल्ट आदमपुर जालंधर में होगा। उसके बाद यात्रा जालंधर से होशियारपुर होता हुआ आगे जायेगा।

पार्टी की एक चिंता सुरक्षा को लेकर भी है

भारत जोड़ो यात्रा के पंजाब प्रवास के दौरान पार्टी की एक चिंता सुरक्षा को लेकर भी है। कुछ दिन पहले ही कांग्रेस के संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से मिलकर यात्रा की सुरक्षा पर चर्चा की थी। सूत्रों के मुताबिक पंजाब में राहुल गांधी की सुरक्षा को लेकर गृह मंत्रालय ने संबंधित एजेंसियों को जरूरी दिशा निर्देश दिया है।

रंजीता झा
रंजीता झाauthor

13 साल के राजनीतिक पत्रकारिता के अनुभव में मैंने राज्य की राजधानियों से लेकर देश की राजधानी तक सियासी हलचल को करीब से देखा है। प्लांट की गई बातें ख़बरें नहीं होती बल्कि बातों के पीछे छुपी सच्चाई असली ख़बर होती है। खबरें वही जो आपके सरोकार की हो वो आपतक लेकर आऊंगी।

और पढ़ें
End of Article