देश

अफगानिस्तान के कार्यवाहक विदेशमंत्री मुत्ताकी आ रहे हैं भारत, जानिए क्यों खास है यह दौरा

Afghanistan Foreign Minister: अगस्त 2021 में तालिबान के अफगानिस्तान की सत्ता पर काबिज होने के बाद काबुल से नयी दिल्ली की यह पहली मंत्रिस्तरीय यात्रा होगी।

Image

अफगानिस्तान के तालिबान सरकार में कार्यवाहक विदेश मंत्री आमिर खान मुत्ताकी (फाइल फोटो:PTI)

Afghan Foreign Minister India Visit: अफगानिस्तान के तालिबान सरकार में कार्यवाहक विदेश मंत्री आमिर खान मुत्ताकी अगले सप्ताह भारत की यात्रा करेंगे।संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की तालिबान प्रतिबंध समिति ने हाल में ही तालिबान नेता पर लगाए गए यात्रा प्रतिबंध में ढील दे दी थी।संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने मुत्ताकी पर 25 जनवरी 2001 को विभिन्न प्रतिबंध लगाए थे।

प्रतिबंध समिति की वेबसाइट पर दी गई जानकारी के अनुसार, प्रस्ताव 1988 (2011) के अनुसार स्थापित सुरक्षा परिषद समिति ने 30 सितंबर, 2025 को मुत्ताकी को 'नौ से 16 अक्टूबर, 2025 तक नयी दिल्ली, भारत की यात्रा के लिए अनुमति दे दी।'

मुत्ताकी को तालिबान का एक प्रमुख सदस्य माना जाता है

संयुक्त राष्ट्र ने कहा कि मुत्ताकी को तालिबान का एक प्रमुख सदस्य माना जाता है और उन्होंने तालिबान शासन के दौरान संयुक्त राष्ट्र के नेतृत्व वाली वार्ता में तालिबान प्रतिनिधि के रूप में भी काम किया था।समिति में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के सभी 15 सदस्य शामिल होते हैं और यह सर्वसम्मति से अपना निर्णय लेती है।संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव 1988 की तालिबान प्रतिबंध समिति का वर्तमान अध्यक्ष पाकिस्तान है। इस वर्ष के लिए इसके दो उपाध्यक्ष गुयाना और रूस हैं।

'मुत्ताकी के साथ उनकी 'अच्छी बातचीत' हुई'

भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने इस वर्ष मई में कहा था कि मुत्ताकी के साथ उनकी 'अच्छी बातचीत' हुई और 'पहलगाम आतंकवादी हमले की उनकी निंदा की मैं गहराई से सराहना करता हूं।'जयशंकर ने 'झूठी और निराधार रिपोर्टों के माध्यम से भारत और अफगानिस्तान के बीच अविश्वास पैदा करने के हालिया प्रयासों को तालिबान शासन द्वारा दृढ़ता से खारिज करने का स्वागत किया था।

भारत ने अब तक तालिबान सरकार को मान्यता नहीं दी है और वह काबुल में एक वास्तविक समावेशी सरकार के गठन की वकालत कर रहा है।

भारत सरकार इस बात पर भी जोर देती रही है कि अफगानिस्तान की धरती का इस्तेमाल किसी भी देश के खिलाफ आतंकवादी गतिविधियों के लिए नहीं किया जाना चाहिए।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article