विपक्ष के नेताओं पर सिलसिलेवार सीबीआई, ईडी और आईटी की रेड के मसले पर आम आदमी पार्टी (आप) के सीनियर नेता संजय सिंह और समाजवादी पार्टी (सपा) के मुखिया ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को घेरा है। शनिवार (11 मार्च, 2023) को सिंह ने ट्वीट किया, "वैसे मेरा एक सुझाव था। अगर विपक्ष के सारे नेताओं का “एनकाउंटर” करा दिया जाए तो कम से कम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुकून से आठ घंटे सो पाएंगे। न विपक्ष रहेगा, न लोकतंत्र। बचेगी तो सिर्फ तानाशाही।"
बुलडोजर से लेकर ED-CBI तक...क्या कुछ बोले अखिलेश?
समाजवादी पार्टी (सपा) के चीफ और यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने गुजरात के अहमदाबाद में पत्रकारों से कहा- महात्मा गांधी के देश में अहिंसा के मार्ग की जगह बुलडोजर ले चुका है। छापेमारी की पंरपरा कांग्रेस की ओर से चालू की गई थी। बीजेपी उसी रास्ते पर चल रही है। सीबीआई, ईडी और आईटी सरीखी एजेंसियां और संस्थाएं सरकार के इशारे पर काम करती हैं।उन्होंने आगे बताया कि ईडी का अर्थ अब एग्जामिनेशन इन डेमोक्रेसी है। आपको इस परीक्षा से गुजरना ही होगा। बीजेपी कांग्रेस के रास्ते पर चल रही है और वह कोई नया काम नहीं कर रही है। भगवान कृष्ण ने जहां यमुना के किनारे जन्म लिया था, उन्होंने आखिरी सांस गुजरात में ली थी। यह रिश्ता यहां का और उत्तर प्रदेश वालों का है।
