7 मार्च 2024: लोकसभा उम्मीदवारों के लिए कांग्रेस की सीईसी की बैठक, 370 हटने के बाद श्रीनगर में PM मोदी की पहली रैली, बोले- दिल जीतने आया हूं
हिंदी न्यूज़ 7 मार्च 2024 और बड़ी खबरें: कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की बैठक बृहस्पतिवार को शुरू हुई जिसमें लोकसभा चुनाव के लिए विभिन्न राज्यों में उम्मीदवारों के नाम पर मुहर लगाई जाएगी। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और समिति में शामिल कई अन्य नेता बैठक में शिरकत कर रहे हैं। सीईसी की बैठक में विभिन्न स्कीनिंग कमेटी द्वारा भेजे नामों में से उम्मीदवारों के नामों पर मुहर लगाई जाती है। राजस्थान, छत्तीसगढ़ और कुछ अन्य राज्यों के लिए स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक हो चुकी हैं। अनुच्छदे 370 खत्म किए जाने के बाद पहली बार कश्मीर आए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को 6,400 करोड़ रुपए से ज्यादा की विकास परियोजनाओं की सौगात जम्मू एवं कश्मीर के लोगों को दी। उन्होंने श्रीनगर के बक्शी स्टेडियम में आयोजित 'विकसित भारत, विकसित जम्मू कश्मीर' कार्यक्रम में लोगों को संबोधित किया। जानिए क्या हैं आज की अहम खबरें, यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं, पढ़ें 7 मार्च 2024 की ताजा खबरें और प्रमुख समाचार : JEE Mains 2024 Paper 2 Result Declared |India Vs England 5th Test Live Score Watch Here
MAR 07, 2024 21:11 IST
संदेशखाली जा रही भाजपा की महिला नेताओं को पुलिस ने रोका, थाने पर धरना
पश्चिम बंगाल पुलिस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई की महासचिव अग्निमित्रा पॉल और लॉकेट चटर्जी के नेतृत्व में बृहस्पतिवार दोपहर संदेशखालि जा रहीं पार्टी की महिला नेताओं को कोलकाता के बाहरी इलाके ‘न्यू टाउन’ में ही रोक लिया। इस दौरान पुलिस के साथ उनकी तीखी नोकझोंक भी हुई और महिला नेताओं ने उसी जगह धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया, जहां उन्हें रोका गया, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। भाजपा की चार महिला नेताओं ने बाद में न्यू टाउन पुलिस थाने में धरना शुरू कर दिया और गिरफ्तारी के लिए दस्तावेज दिखाने की मांग की। उन्होंने कहा कि जब तक गिरफ्तार किए जाने से संबंधित दस्तावेज़ नहीं दिखाया जाएगा तब तक वे धरने से नहीं उठेंगी। आसनसोल दक्षिण की विधायक पॉल ने कहा, 'देखिए! ममता बनर्जी के अधीन पुलिस कैसे काम कर रही है। उन्हें लोकतांत्रिक सिद्धांतों की कोई परवाह नहीं है। जब हम शांतिपूर्वक तरीके से संदेशखालि की ओर बढ़ रहे थे तो उन्होंने हमें जबरन पुलिस वाहनों में बैठा लिया। न्यू टाउन निषेधाज्ञा के तहत कैसे आ गया! क्या आप हमें कहीं भी जाने से रोक सकते हैं।' उन्होंने कहा कि पुलिस जिस तरह से जन प्रतिनिधियों के साथ दुर्व्यवहार कर रही है, ऐसा 'केवल पश्चिम बंगाल में ही होता है।'
MAR 07, 2024 21:10 IST
एजाज लकड़ावाला को 1996 की हत्या के मामले में उम्रकैद, छोटा राजन बरी
मुंबई की एक विशेष अदालत ने एक व्यवसायी की हत्या के लगभग 28 साल पुराने मामले में गैंगस्टर एजाज लकड़ावाला को बृहस्पतिवार को दोषी ठहराया और उसे कठोर आजीवन कारावास की सजा सुनाई। मामले में सह-आरोपी और जेल में बंद गैंगस्टर राजेंद्र निकालजे उर्फ छोटा राजन को सबूतों के अभाव में अदालत ने बरी कर दिया। विशेष न्यायाधीश ए एम पाटिल ने भगोड़े माफिया सरगना दाऊद इब्राहिम के पूर्व सहयोगी लकड़ावाला को हत्या मामले में भारतीय दंड संहिता के साथ-साथ शस्त्र अधिनियम के तहत दोषी ठहराया। प्राथमिकी के अनुसार, सात अक्टूबर 1996 को, दो अज्ञात व्यक्तियों ने मोहम्मद अली रोड पर स्थित एक दुकान के अंदर घुस कर कारोबारी सैय्यद फरीद मकबुल हुसैन पर गोली चलाई और वहां से भाग गए। हुसैन को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया जहां उनकी मौत हो गई। मुंबई पुलिस ने शुरूआत में इस मामले की जांच की और लकड़ावाला के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया, जबकि राजन को एक वांछित आरोपी बताया गया था। बाद में मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने की।हुसैन ने मौत से पहले पुलिस को दिए बयान में कहा था कि हमलावर ने नाना (राजन) का नाम लिया था। अदालत ने तीन चश्मदीदों और मृतक के भाई सैयद सोहेल मकबूल हुसैन की गवाही पर भरोसा किया। विशेष लोक अभियोजक प्रदीप घरात ने तर्क दिया था कि गवाहों और शिकायतकर्ता के बयान आरोपी को अपराध से जोड़ने के लिए पर्याप्त हैं।
MAR 07, 2024 21:08 IST
ममता बनर्जी ने गंगोपाध्याय पर इशारों- इशारों में साधा निशान
अभिजीत गंगोपाध्याय के भाजपा में शामिल होने पर ममता बनर्जी ने उन पर इशारों-इशारों में निशाना साधा है। दीदी ने कहा कि एक पूर्व न्यायाधीश के फैसलों से बंगाल का नाम खराब हुआ। उनके कुछ फैसलों ने राज्य को राष्ट्रीय स्तर पर बदनाम कर दिया है। पढ़ें पूरी खबर
MAR 07, 2024 19:40 IST
राहुल गांधी के नेतृत्व में ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा' गुजरात पहुंची
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व वाली ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ बृहस्पतिवार को पड़ोसी राजस्थान से गुजरात पहुंच गई, जहां उनकी पार्टी के स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आम आदमी पार्टी (आप) ने उनका स्वागत किया। यात्रा शाम करीब 4:45 बजे राजस्थान से गुजरात के दाहोद जिले के झालोड पहुंची। गांधी के स्वागत के लिए जुटे लोगों ने उनके समर्थन में नारे लगाए, उनमें से कई लोगों ने कांग्रेस नेता के साथ सेल्फी लेने की भी कोशिश की। उनके स्वागत के लिए गुजरात कांग्रेस प्रभारी मुकुल वासनिक, राज्य इकाई के अध्यक्ष शक्तिसिंह गोहिल, नेता प्रतिपक्ष अमित चावड़ा और अन्य लोग मौजूद थे। प्रदेश कांग्रेस ने ‘आप’ नेताओं को भी यात्रा में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया था क्योंकि दोनों दल गुजरात में लोकसभा चुनाव ‘इंडिया’ गठबंधन के तहत लड़ेंगे। ‘आप’ की राज्य इकाई के अध्यक्ष इसुदान गढ़वी और पार्टी नेता गोपाल इटालिया भी गांधी के स्वागत के लिए मौजूद थे। पार्टी की राज्य इकाई के प्रवक्ता मनीष दोशी ने कहा कि 6,700 किलोमीटर लंबी 'मणिपुर से मुंबई' तक की यात्रा गुजरात के उन सात जिलों से होकर गुजरेगी, जहां बड़ी संख्या में आदिवासी आबादी है।
MAR 07, 2024 19:39 IST
कांग्रेस की सीईसी की बैठक, कई राज्यों में लोकसभा उम्मीदवारों के नाम पर लगेगी मुहर
कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की बैठक बृहस्पतिवार को शुरू हुई जिसमें लोकसभा चुनाव के लिए विभिन्न राज्यों में उम्मीदवारों के नाम पर मुहर लगाई जाएगी। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और समिति में शामिल कई अन्य नेता बैठक में शिरकत कर रहे हैं। सीईसी की बैठक में विभिन्न स्कीनिंग कमेटी द्वारा भेजे नामों में से उम्मीदवारों के नामों पर मुहर लगाई जाती है। राजस्थान, छत्तीसगढ़ और कुछ अन्य राज्यों के लिए स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक हो चुकी हैं। सूत्रों का कहना है कि सीईसी की बैठक में दिल्ली, छत्तीसगढ़, केरल, तेलंगाना, कर्नाटक और पूर्वोत्तर के राज्यों की लोकसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों के नामों पर विचार होगा और प्रत्याशियों की पहली सूची कुछ दिनों के भीतर जारी हो सकती है। कांग्रेस ने अभी तक आम चुनाव के लिए किसी उम्मीदवार के नाम का ऐलान नहीं किया है, जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने हाल ही में लोकसभा चुनाव के लिए 195 उम्मीदवारों की सूची जारी की है।
MAR 07, 2024 19:37 IST
भाजपा में शामिल हुईं केरल के पूर्व मुख्यमंत्री के करूणाकरण की बेटी पद्मजा
कांग्रेस के दिग्गज दिवंगत नेता और केरल के पूर्व मुख्यमंत्री के. करुणाकरन की बेटी पद्मजा वेणुगोपाल बृहस्पतिवार को यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गईं। पद्मजा के भाई के. मुरलीधरन वडकरा से कांग्रेस के सांसद हैं। इससे पहले, केरल के पूर्व मुख्यमंत्री ए के एंटनी के बेटे अनिल एंटनी भाजपा में शामिल हुए थे। अनिल को आगामी लोकसभा चुनाव के लिए केरल की पत्तनमतिट्टा सीट से उम्मीदवार बनाया है। वह भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता भी हैं।
MAR 07, 2024 18:16 IST
शरद पवार ने भाजपा को बताया 'वाशिंग मशीन', जानें क्या कहा
शरद पवार ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला किया है। उन्होंने कहा है कि भाजपा 'वॉशिंग मशीन' है, भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे लोग वहां जाकर अपने दाग मिटा सकते हैं। पवार ने देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की आलोचना समेत कई मुद्दों को लेकर पीएम मोदी पर भी निशाना साधा। पढ़ें पूरी खबर
MAR 07, 2024 17:44 IST
तेलंगाना हाईकोर्ट ने रद्द किया राज्यपाल कोटे के तहत दो एमएलसी का नामांकन
तेलंगाना उच्च न्यायालय ने सत्तारूढ़ कांग्रेस सरकार को करारा झटका देते हुए बृहस्पतिवार को राज्यपाल कोटे के तहत तेलंगाना राज्य विधान परिषद के सदस्यों के रूप में एम कोदंडराम और आमेर अली खान के नामांकन को रद्द कर दिया। उच्च न्यायालय ने भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) नेताओं श्रवण दासोजू और के सत्यनारायण के नामांकन को खारिज करने संबंधी राज्यपाल के 19 सितंबर, 2023 के आदेश को भी रद्द कर दिया। दासोजू और सत्यनारायण का राज्यपाल कोटे के तहत विधान परिषद में नामांकन बीआरएस के पिछले शासन के दौरान तेलंगाना की राज्यपाल तमिलिसाई सुंदरराजन ने खारिज कर दिया था। राज्यपाल द्वारा विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) के रूप में उनके नामांकन को खारिज करने के आदेश को चुनौती देते हुए श्रवण दासोजू और सत्यनारायण ने पहले उच्च न्यायालय में रिट याचिका दायर की थी। इस वर्ष जनवरी में तेलंगाना की कांग्रेस सरकार ने राज्यपाल कोटे के तहत कोदंडराम और आमेर अली खान को एमएलसी के रूप में नामित किया था। इसके बाद, याचिकाकर्ताओं ने विधान परिषद के सदस्यों के रूप में कोदंडराम और आमेर अली खान (प्रतिवादी संख्या 4 और 5) के पक्ष में मंत्रिपरिषद द्वारा की गई सिफारिशों और 27 जनवरी, 2024 की राजपत्र अधिसूचना (जिसके द्वारा उन्हें एमएलसी के रूप में नामांकित किया गया था) को भी चुनौती दी। उच्च न्यायालय ने 30 जनवरी को निर्देश दिया था कि यथास्थिति बरकरार रखी जाए।
MAR 07, 2024 17:44 IST
सुप्रीम कोर्ट ने मांगा महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष के कार्यालय से मूल रिकॉर्ड
उच्चतम न्यायालय ने महाराष्ट्र विधानसभा के अध्यक्ष राहुल नार्वेकर के कार्यालय से मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे सहित विधायकों को अयोग्य ठहराने के अनुरोध संबंधी उद्धव ठाकरे समूह की याचिका से जुड़े मूल रिकॉर्ड बृहस्पतिवार को मंगवाने का निर्देश दिया। विधानसभा अध्यक्ष ने 10 जनवरी को एक आदेश में जून, 2022 में विभाजन के बाद शिंदे के नेतृत्व वाले शिवसेना गुट को ‘मूल राजनीतिक दल’ घोषित किया था। उन्होंने शिंदे सहित सत्तारूढ़ खेमे के 16 विधायकों को अयोग्य ठहराने के अनुरोध संबंधी ठाकरे गुट की याचिका को भी खारिज कर दिया था। प्रधान न्यायाधीश डी. वाई. चंद्रचूड़ और न्यायमूर्ति जे. बी. पारदीवाला और न्यायमूर्ति मनोज मिश्रा की पीठ ने शिंदे गुट द्वारा ठाकरे खेमे पर रिकॉर्ड में जालसाजी किये जाने का आरोप लगाने के बाद मूल दस्तावेज मांगा है। शीर्ष अदालत ने पहले ठाकरे समूह की याचिका पर नोटिस जारी किया था। न्यायालय ने शिंदे और उनके विधायकों को एक अप्रैल या उससे पहले जवाब दाखिल करने के लिए कहा और याचिका को आठ अप्रैल को अंतिम सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया। पीठ ने कहा कि वह याचिका की विचारणीयता के मुद्दे को खुला रख रही है।
MAR 07, 2024 17:42 IST
संसद की सुरक्षा में चूक का मामला: पुलिस ने जांच के लिए मांगा और समय
दिल्ली पुलिस ने संसद की सुरक्षा में चूक के मामले में अपनी जांच पूरी करने के लिए एक अदालत का रुख कर और समय देने का अनुरोध करते हुए कहा कि कुछ रिपोर्टों का इंतजार किया जा रहा है और डिजिटल डेटा विशाल मात्रा में है। दिल्ली पुलिस ने अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश हरदीप कौर से मामले की जांच पूरी करने के लिए और तीन महीने का समय देने का अनुरोध किया। न्यायाधीश ने अर्जी पर जेल में बंद आरोपियों नीलम आजाद, मनोरंजन डी, सागर शर्मा, ललित झा, अमोल शिंदे और महेश कुमावत को नोटिस जारी कर 11 मार्च तक जवाब मांगा है। संसद पर 2001 में आतंकवादी हमले की बरसी पर सुरक्षा चूक के बड़े मामले में दो व्यक्ति-शर्मा और मनोरंजन डी-पिछले साल 13 दिसंबर को शून्यकाल के दौरान सार्वजनिक दीर्घा से लोकसभा कक्ष में कूद गए और एक पीली गैस छोड़ी। सांसदों द्वारा पकड़े जाने से पहले उन्होंने केन फेंकी और नारे लगाए। लगभग उसी समय, दो अन्य आरोपियों-शिंदे और आजाद ने भी संसद परिसर के बाहर ‘तानाशाही नहीं चलेगी’ नारे लगाते हुए केन से रंगीन गैस का छिड़काव किया।
MAR 07, 2024 17:41 IST
अंकित सक्सेना हत्याकांड मामले में तीन लोगों को आजीवन कारावास
राष्ट्रीय राजधानी की एक अदालत ने अंतर धार्मिक प्रेम संबंधों के कारण फरवरी 2018 में फोटोग्राफर अंकित सक्सेना की दिनदहाड़े की गई हत्या के मामले में बृहस्पतिवार को तीन लोगों को दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने दोषियों पर 50-50 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया। अदालत के विस्तृत आदेश की प्रतीक्षा है। विशेष लोक अभियोजक विशाल गोसाईं और रेबेका मैमन जॉन ने अभियोजन पक्ष की ओर से पैरवी की। पिछले साल 23 दिसंबर को अदालत ने सक्सेना की प्रेमिका शहजादी के माता-पिता अकबर अली और शहनाज बेगम तथा मामा मोहम्मद सलीम को इस मामले में दोषी ठहराया था। ये तीनों सक्सेना और शहजादी के रिश्ते के खिलाफ थे जिसके चलते इन्होंने पश्चिमी दिल्ली के ख्याला इलाके में सक्सेना (23) पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी थी। इनके खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 302 (हत्या) और 34 (सामान्य इरादा) के तहत आरोप किए गये। शहनाज बेगम को भी जानबूझकर चोट पहुंचाने के अपराध का दोषी ठहराया गया।
MAR 07, 2024 17:05 IST
मोहम्मद कासिम गुज्जर उर्फ सलमान को आतंकवादी घोषित
गृह मंत्रालय ने बताया है कि आतंकी मास्टरमाइंड मोहम्मद कासिम गुज्जर उर्फ सलमान को आतंकवादी घोषित किया गया। गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि लश्कर-ए-तैयबा का सदस्य मोहम्मद कासिम गुज्जर विभिन्न आतंकी हमलों में संलिप्त रहा है, जिनमें कई लोगों की जान गई। भारत की एकता और अखंडता के खिलाफ गतिविधियों में शामिल पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति से सख्ती से निपटा जाएगा।
MAR 07, 2024 17:01 IST
इंडियन नेवी ने गल्फ ऑफ एडेन में मर्चेंट शिप के 21 सदस्यों को बचाया
भारतीय नौसेना के युद्धपोत आईएनएस कोलकाता ने बारबाडोस के ध्वज वाले बल्क कैरियर एमवी ट्रू कॉन्फिडेंस से एक भारतीय नागरिक सहित चालक दल के 21 सदस्यों को बचाया है। इस जहाज पर अदन की खाड़ी में एक ड्रोन से हमला हुआ था। नेवी ने कहा कि यह घटना बुधवार को अदन से लगभग 55 नॉटिकल माइल्स दक्षिण पश्चिम में हुई, जिसमें चालक दल के सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें जहाज छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा। आईएनएस कोलकाता शाम 4.45 बजे घटनास्थल पर पहुंचा और अपने हेलीकॉप्टर और नाव का उपयोग कर चालक दल के 21 सदस्यों को बचाया। चिकित्सा टीम द्वारा घायलों को मेडिकल सहायता प्रदान की गई। गंभीर रूप से घायल कर्मियों सहित बचाए गए दल को जिबूती ले जाया गया। इससे पहले सोमवार को, अदन से लगभग 90 नॉटिकल माइल्स दक्षिण पूर्व में लाइबेरिया के ध्वज वाले एमवी एमएससी स्काई 2 पर ड्रोन से मिसाइल हमले के बाद उसमें आग लग गई थी। भारतीय नौसेना के अनुसार, समुद्री सुरक्षा अभियानों के लिए क्षेत्र में तैनात मिशन आईएनएस कोलकाता ने तुरंत जवाबी कार्रवाई की और रात 10.30 बजे तक घटना स्थल पर पहुंच कर सहायता पहुंचाई।
MAR 07, 2024 16:16 IST
बिहार के मुजफ्फरपुर-सीतामढ़ी सीमा से लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप के दो अपराधी गिरफ्तार
बिहार के मुजफ्फरपुर-सीतामढ़ी की सीमा से विशेष कार्य बल (एसटीएफ) और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो वांछित अपराधियों को गिरफ्तार किया है। दोनों गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप के शूटर बताए जाते हैं, जिनकी तलाश हरियाणा और राजस्थान पुलिस को थी। मुजफ्फरपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राकेश कुमार ने गुरुवार को बताया कि गिरफ्तार अपराधियों की पहचान सीतामढ़ी के शाहनवाज साहिल और राजस्थान के सुनील कारोलिया के रूप में की गई है। उन्होंने बताया कि हरियाणा पुलिस ने बिहार पुलिस मुख्यालय से दोनों की गिरफ्तारी के लिए आग्रह किया था। गुप्त सूचना के अनुसार एसटीएफ और मुजफ्फरपुर तथा सीतामढ़ी की पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर दोनों को रून्नीसैदपुर टोल प्लाजा से पहले धर दबोचा। एसएसपी ने बताया कि दोनों की तैयारी नेपाल भागने की थी। हरियाणा और राजस्थान पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी यहां पहुंचने वाले हैं और कागजी कारवाई पूरी कर दोनों को वापस ले जाएंगे। पुलिस के अनुसार दोनों गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप में शामिल हैं।
MAR 07, 2024 16:10 IST
बलात्कार के बाद आत्महत्या करने वाली लड़की के पिता ने भी की खुदकुशी
कानपुर में कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार के बाद दो लड़कियों के आत्महत्या कर लेने के सप्ताह भर बाद उनमें से एक के पिता ने यहां खुदकुशी कर ली। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक (एसपी) दीक्षा शर्मा ने बताया, "सिसोलर थाना क्षेत्र के एक गांव में 45 वर्षीय एक व्यक्ति का शव बुधवार को अज्ञात परिस्थितियों में एक पेड़ से लटका हुआ पाया गया। इस घटना के संबंध में परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।" परिजनों के अनुसार दुष्कर्म मामले के आरोपी के परिजनों द्वारा समझौते के लिए धमकी दिये जाने के बाद उसने आत्महत्या कर ली। हालांकि एसपी ने इस आरोप पर कुछ भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। कानपुर के घाटमपुर इलाके में 16 और 14 साल की नाबालिग लड़कियों को 29 फरवरी को एक पेड़ पर फांसी पर लटका हुआ पाया गया था। घाटमपुर इलाके के एक गांव में ईंट भट्टे के पास एक खेत में दो लड़कियों के शव एक पेड़ से लटके पाए गए थे। उनके परिजनों का आरोप था कि इन नाबालिगों के साथ कुछ दिन पहले बलात्कार किया गया था। ये लड़कियां इसी ईंट-भट्टे में काम करती थीं।
MAR 07, 2024 15:58 IST
अमित शाह शुक्रवार को जारी करेंगे राष्ट्रीय सहकारिता ‘डाटाबेस'
सहकारिता मंत्री अमित शाह शुक्रवार को सहकारिता केंद्रित आर्थिक मॉडल के विकास के लिए राष्ट्रीय सहकारिता ‘डाटाबेस’ जारी करेंगे। बृहस्पतिवार को जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, शाह ‘राष्ट्रीय सहकारिता डाटाबेस’, 2023 पर एक रिपोर्ट भी जारी करेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दृष्टिकोण ‘सहकार से समृद्धि’ को पूरा करने के लिए यह सहकारिता मंत्रालय का एक और महत्वपूर्ण कदम है। इस पहल के तहत, सहकारिता मंत्रालय ने देश के विशाल सहकारी क्षेत्र के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी हासिल करने के लिए एक मजबूत ‘डाटाबेस’ की जरूरत को पहचाना है। बयान में कहा गया, 'राज्य सरकारों, राष्ट्रीय महासंघों और संबंधित पक्षों के साथ गठजोड़ करते हुए, सहकारी-केंद्रित आर्थिक मॉडल को बढ़ावा देने के लिए एक राष्ट्रीय सहकारी डाटाबेस विकसित किया गया है।' डाटाबेस एक वेब-आधारित डिजिटल ‘डैशबोर्ड’ है जिसमें राष्ट्रीय/राज्य संघों सहित सहकारी समितियों के आंकड़ों को शामिल किया गया है।
MAR 07, 2024 15:57 IST
भाजपा से गठबंधन की अटकलों के बीच दिल्ली आ रहे हैं तेदेपा अध्यक्ष नायडू
आगामी लोकसभा चुनाव में बड़ी जीत हासिल करने के लक्ष्य को पूरा करने के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का दायरा बढ़ाने में जुटी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को दक्षिण के राज्य आंध्र प्रदेश में तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) का साथ मिल सकता है। गठबंधन की अटकलों के बीच तेदेपा के अध्यक्ष एन चंद्रबाबू नायडू बृहस्पतिवार को दिल्ली पहुंचेंगे। सूत्रों ने बताया कि नायडू आंध्र प्रदेश में एक साथ होने वाले लोकसभा और विधानसभा चुनावों के लिए सीट बंटवारे के समझौते को अंतिम रूप देने के लिए भाजपा नेताओं के साथ बैठक कर सकते हैं। यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब इस बात के साफ संकेत मिल रहे हैं कि ओडिशा का सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) भी राजग में शामिल हो सकता है। भाजपा और बीजद के नेता इस गठबंधन को अंतिम रूप देने की कगार पर हैं। दोनों दलों के वरिष्ठ नेताओं ने बुधवार को अलग-अलग बैठकें कीं, जिससे इस संभावना को और बल मिला। नायडू ने फरवरी में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा से मुलाकात की थी। इसके बाद इन अटकलों को बल मिला था कि वे गठबंधन की ओर बढ़ रहे हैं। हालांकि अब तक चीजें ठोस रूप से सामने नहीं आई हैं।
MAR 07, 2024 15:55 IST
अनुच्छेद 370 हटने के बाद श्रीनगर में PM मोदी की पहली रैली
अनुच्छदे 370 खत्म किए जाने के बाद पहली बार कश्मीर आए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को 6,400 करोड़ रुपए से ज्यादा की विकास परियोजनाओं की सौगात जम्मू एवं कश्मीर के लोगों को दी। उन्होंने श्रीनगर के बक्शी स्टेडियम में आयोजित 'विकसित भारत, विकसित जम्मू कश्मीर' कार्यक्रम में लोगों को संबोधित किया। प्रधानमंत्री मोदी को सुनने के लिए इस रैली में जम्मू-कश्मीर के अलग-अलग हिस्सों से भारी संख्या में लोग जुटे। जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम ने कहा, 'श्रीनगर के लोगों के बीच में खुद को पाकर मैं आनंदित महसूस कर रहा हूं।' पीएम ने कहा कि वह यहां पर लोगों का दिल जीतने आए हैं। पढ़ें पूरी खबर
MAR 07, 2024 15:48 IST
राहुल गांधी ने 30 लाख सरकारी नौकरी देने का किया वादा
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी ने वादा किया है कि उनकी पार्टी अगर सरकार में आई तो 30 लाख सरकारी नौकरियां दी जाएंगी। राहुल ने भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान बांसवाड़ा में 5 बड़े ऐलान और चुनाव वादा किया। पढ़ें पूरी खबर
MAR 07, 2024 15:09 IST
चुनावी बॉण्ड के मामले पर मोदी सरकार पर कांग्रेस का गंभीर आरोप
चुनावी बॉण्ड के मामले पर कांग्रेस ने मोदी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। जयराम रमेश ने कहा है कि 'न्यू इंडिया' में लुका-छिपी का खेल चल रहा है। SBI ने चार मार्च को सुप्रीम कोर्ट से अनुरोध किया था कि चुनावी बॉण्ड का ब्योरा देने के लिए समय 30 जून तक बढ़ाया जाए। पढ़ें पूरी खबर