आज की ताजा खबर, 6 अक्टूबर 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: CEC मुख्यालय का घेराव करने जा रहा इंडिया गठबंधन, छह सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान जारी
आज की ताजा खबर लाइव, 6 अक्टूबर 2026 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ [दिल्ली विपक्ष मार्च], [राज्य उपचुनाव], [भारतीय निर्वाचन आयोग] के मुख्य समाचार Latest News in Hindi: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के खिलाफ ’इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इनक्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) गठबंधन के प्रस्तावित प्रदर्शन के मद्देनजर मंगलवार को यहां निर्वाचन आयोग मुख्यालय के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। इसके अलावा, आज मुख्य खबरें में भारत के कई राज्यों में उपचुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया है। तमिलनाडु की दो विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया है। वहीं, असम की नगांव लोकसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मंगलवार सुबह सात बजे मतदान शुरू हो गया। सुबह से ही मतदान केंद्रों के बाहर मतदाताओं, विशेषकर महिलाओं की लंबी कतारें देखी गईं। वहीं, बंगाल की नंदीग्राम, रेजीनगर विधानसभा सीट पर भी उपचुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया है। उधर, पुडुचेरी की थट्टांचावडी विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान प्रारंभ हो गया है। पढ़ें- देश और विदेश की अन्य खबरें।
आज की ताजा खबर, 6 अक्टूबर 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: CEC मुख्यालय का घेराव करने जा रहा इंडिया गठबंधन, छह सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान जारी
विपक्षी दलों का यह मार्च पूर्वाह्न करीब 11 बजे प्रस्तावित है। विपक्ष के राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत निकाले जा रहे इस मार्च में विभिन्न विपक्षी दलों के प्रमुख नेता और सांसद शामिल होंगे। इसके अलावा, असम की नगांव लोकसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मंगलवार सुबह सात बजे मतदान शुरू हो गया। सुबह से ही मतदान केंद्रों के बाहर मतदाताओं, विशेषकर महिलाओं की लंबी कतारें देखी गईं। वहीं, बंगाल की नंदीग्राम, रेजीनगर विधानसभा सीट पर भी उपचुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया है। उधर, पुडुचेरी की थट्टांचावडी विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान प्रारंभ हो गया है। तमिलनाडु की दो विधानसभा सीट पर भी उपचुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया है। जहां मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के खिलाफ ’इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इनक्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) गठबंधन के प्रस्तावित प्रदर्शन के मद्देनजर मंगलवार को यहां निर्वाचन आयोग मुख्यालय के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। पढ़ें- देश और विदेश की अन्य खबरें।
पंजाब सरकार ने हाईकोर्ट के आदेश को सुप्रीम कोर्ट में दी चुनौती
मुंबई एयरपोर्ट की विवादित मस्जिद को लेकर सहार एयरपोर्ट पुलिस की जांच जारी
किरिट सोमैया की शिकायत पर साहार पुलिस का जवाब, MIAL समेत संबंधित विभागों से मांगी जानकारी
मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के T2 टर्मिनल के पास JW मैरियट होटल और टैक्सी पार्किंग के बीच स्थित मस्जिद को लेकर मिली शिकायतों पर सहार पुलिस ने जांच शुरू की है। पुलिस के मुताबिक इस मामले में करीब 29 शिकायतें/आवेदन प्राप्त हुए हैं।
शिकायतों में मस्जिद को अनधिकृत बताते हुए सरकारी जमीन पर कब्जा, अवैध निर्माण और 'लैंड जिहाद' जैसे आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने मस्जिद की वैधता और निर्माण संबंधी दस्तावेजों की जानकारी के लिए मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (MIAL), एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया, बीएमसी/एमएमआरडीए और धर्मादाय आयुक्त कार्यालय से जानकारी मांगी है।
पुलिस के अनुसार, मस्जिद से जुड़े ट्रस्ट 'आशाबुल जनाह एयरपोर्ट चैरिटेबल ट्रस्ट' का पंजीकरण नंबर Regd E-31064 Mumbai है। ट्रस्ट से मस्जिद निर्माण की अनुमति, पानी-बिजली कनेक्शन और अन्य दस्तावेज मांगे गए हैं, लेकिन पुलिस को अब तक पूरी जानकारी प्राप्त नहीं हुई है।
मामले में मुंबई हाईकोर्ट में PIL No. 33388/2026 भी दाखिल की गई है, जिसमें MIAL, MMRDA, BMC, महाराष्ट्र सरकार और भाजपा नेता किरिट सोमैया को प्रतिवादी बनाया गया है। पुलिस ने बताया कि MIAL के अधिकारी का जवाब अभी प्राप्त नहीं हुआ है।
पुलिस ने महाराष्ट्र सरकार के 2023 के परिपत्र का हवाला देते हुए कहा है कि सरकारी जमीन पर अतिक्रमण रोकने और कार्रवाई की जिम्मेदारी संबंधित जमीन के विभाग की है। मामले में आगे की कार्रवाई के लिए प्रक्रिया जारी है।
मशहूर ब्रिटिश उपन्यासकार एवं पूर्व राजनीतिज्ञ जेफ्री आर्चर का 86 वर्ष की आयु में निधन
अंतरराष्ट्रीय प्रकाशन कंपनी ’हार्परकॉलिन्स’ ने बताया कि आर्चर ने सोमवार को अपने घर पर अंतिम सांस ली। आर्चर के निधन की खबर उनके अंतिम उपन्यास ’एडम एंड ईव’ के वैश्विक विमोचन से ठीक एक दिन पहले आई।
उनके सबसे अधिक बिकने वाले उपन्यास ’केन एंड एबल’ की तरह उनकी यह नयी किताब भी अलग-अलग सामाजिक वर्गों में एक ही दिन जन्मे दो पात्रों की कहानी पर आधारित है।
पांच दशक लंबे अपने लेखन करियर के दौरान उन्होंने गलत निवेश से हुए भारी आर्थिक नुकसान से खुद को उबारा। उनका पहला उपन्यास ’नॉट अ पेनी मोर, नॉट अ पेनी लेस’ 1976 में प्रकाशित हुआ था। कहा जाता है कि यह उनके उस व्यक्तिगत अनुभव से प्रेरित था, जब वह दिवालिया होने के करीब पहुंच गए थे।
हार्परकॉलिन्स के अनुसार, उनकी किताबें ब्रिटेन की ’संडे टाइम्स’ की सर्वाधिक बिकने वाली पुस्तकों की सूची में 14 वर्ष और पांच महीने तथा ’द न्यूयॉर्क टाइम्स’ की सर्वाधिक बिकने वाली पुस्तकों की सूची में पांच वर्ष से अधिक समय तक रहीं। दुनियाभर में उनकी 30 करोड़ से अधिक किताबें बिकीं।
आर्चर ने प्रधानमंत्री मारग्रेट थैचर के दौर में ब्रिटेन की कंजर्वेटिव पार्टी में अपनी अलग पहचान बनाई। इसके बाद 1992 में प्रधानमंत्री जॉन मेजर ने उन्हें ’हाउस ऑफ लॉर्ड्स’ के लिए मनोनीत किया।
हालांकि, वर्ष 2001 में झूठी गवाही देने के मामले में जेल जाने से कुछ समय पहले उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था।
प्रकाशक के अनुसार, आर्चर के परिवार में उनकी पत्नी डेम मैरी आर्चर, दो बेटे और पांच पोते-पोतियां हैं।
‘इंडिया' गठबंधन के प्रदर्शन के मद्देनजर निर्वाचन आयोग मुख्यालय के आसपास सुरक्षा कड़ी की गई
अधिकारियों ने बताया कि एसआईआर को लेकर विभिन्न संगठनों के प्रदर्शन के आह्वान के मद्देनजर शुक्रवार से ही नयी दिल्ली के प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
एसआईआर में कथित अनियमितताओं को लेकर कई संगठनों और विपक्षी दलों द्वारा राष्ट्रीय राजधानी में प्रदर्शन की घोषणा किए जाने के बाद यह कदम उठाया गया है।
विपक्षी गठबंधन ’इंडिया’ ने घोषणा की है कि उसके सांसद मंगलवार को निर्वाचन आयोग मुख्यालय तक मार्च करेंगे। गठबंधन के नेता एसआईआर प्रक्रिया को लेकर अपनी चिंताओं से अवगत कराने के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मुलाकात करेंगे।
यह प्रदर्शन 30 सितंबर को 19 विपक्षी दलों की बैठक के बाद घोषित किया गया था।
निर्वाचन आयोग के कार्यालय और अन्य संवेदनशील स्थानों के आसपास अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया गया है, ताकि आवाजाही नियंत्रित की जा सके और किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
एसआईआर प्रक्रिया को लेकर विपक्षी दल लगातार निर्वाचन आयोग पर सवाल उठा रहे हैं। हालांकि, निर्वाचन आयोग ने अपने तीन सदस्यीय निकाय में किसी भी तरह के मतभेद के आरोपों को खारिज करते हुए स्पष्ट किया है कि चुनाव प्रक्रिया से जुड़े सभी फैसले सर्वसम्मति से लिए गए हैं।
असम में नगांव लोकसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान शुरू
सुबह से ही मतदान केंद्रों के बाहर मतदाताओं, विशेषकर महिलाओं की लंबी कतारें देखी गईं।
यह उपचुनाव कांग्रेस सांसद प्रद्युत बोरदोलोई के इस्तीफे के बाद जरूरी हो गया। बोरदोलोई ने लोकसभा से इस्तीफा देने के बाद भाजपा के टिकट पर दिसपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा और जीत हासिल की।
उपचुनाव में कुल 15 उम्मीदवार मैदान में हैं, लेकिन मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार एवं भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के पूर्व अधिकारी देवाशीष शर्मा, पूर्व कांग्रेस विधायक शिवमोनी बोरा तथा ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) प्रमुख बदरुद्दीन अजमल के बीच माना जा रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि जिला प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं और 624 मतदान केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया गया है। नगांव लोकसभा क्षेत्र में कुल 19.05 लाख मतदाता हैं। मतदान शाम पांच बजे समाप्त होगा, जबकि मतगणना नौ अक्टूबर को होगी।
चुनाव सबंधी 'अनियमितता' के खिलाफ विपक्ष का मार्च, संसद से निर्वाचन सदन तक जाएंगे सांसद
विपक्षी दलों का यह मार्च पूर्वाह्न करीब 11 बजे प्रस्तावित है।
विपक्ष के राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत निकाले जा रहे इस मार्च में विभिन्न विपक्षी दलों के प्रमुख नेता और सांसद शामिल होंगे।
कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने सोमवार को कहा था कि विपक्ष को उम्मीद है कि मार्च शांतिपूर्ण रहेगा और पुलिस सांसदों को रोकने की कोशिश नहीं करेगी।
विपक्षी दलों का कहना है कि चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता, मतदाता सूची और निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े सवालों पर निर्वाचन आयोग तथा केंद्र सरकार से जवाब मांगा जाना जरूरी है। विपक्षी सांसद संसद परिसर में एकत्र होने के बाद निर्वाचन सदन की ओर कूच करेंगे। मार्च के दौरान वे बैनर और तख्तियां लेकर अपनी मांगें उठा सकते हैं।
विपक्षी दल मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे, विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर रोक लगाने और मतपत्र से चुनाव कराने की मांग कर रहे हैं।
बंगाल की नंदीग्राम, रेजीनगर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान शुरू
अधिकारियों ने बताया कि उपचुनाव के लिए केंद्रीय बलों की कुल 71 कंपनियां तैनात की गई हैं।
मतदान शाम छह बजे तक चलेगा। शुभेंदु अधिकारी ने 2026 के विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम और भवानीपुर दोनों सीट से जीत हासिल की थी और मुख्यमंत्री बनने के बाद भवानीपुर सीट बरकरार रखी, जिसके कारण नंदीग्राम में उपचुनाव की जरूरत पड़ी।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने चंद्रनाथ रथ की मां हासिरानी रथ को उम्मीदवार बनाया है। चंद्रनाथ, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी थे। विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत के दो दिन बाद छह मई को चंद्रनाथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले तृणमूल धड़े की उम्मीदवार संचित प्रधानी डे ने शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात के बाद अपना नाम वापस ले लिया। इसके बाद बनर्जी के पास अपना कोई उम्मीदवार नहीं बचा और उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान का समर्थन किया। उन्होंने इसे इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस (इंडिया) को मजबूत करने की कोशिश बताया।
ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले तृणमूल के प्रतिद्वंद्वी धड़े ने मोहम्मद एतेशामुल हक को लिफाफा चुनाव चिह्न और एक अलग अस्थायी पार्टी पहचान के साथ मैदान में उतारा है। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) ने शांतिगोपाल गिरि को उम्मीदवार बनाया है।
पुडुचेरी की थट्टांचावडी विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान प्रारंभ
मतदान शुरू होने से पहले ही लोग मतदान केंद्रों के बाहर पहुंचने लगे और अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए कतारों में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते दिखे।
इस उपचुनाव को मुख्यमंत्री एन. रंगासामी के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के लिए पहली बड़ी राजनीतिक परीक्षा माना जा रहा है। इस सरकार को बने अभी चार महीने ही हुए हैं।
रंगासामी के इस सीट से इस्तीफा देने के बाद उपचुनाव कराना जरूरी हो गया है।
अधिकारियों ने बताया कि मतदान प्रक्रिया शाम छह बजे तक जारी रहेगी और सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
चुनावी मैदान में कुल 11 उम्मीदवार हैं, लेकिन मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस (एआईएनआरसी) के नेतृत्व वाले राजग, कांग्रेस और उसकी पूर्व सहयोगी द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के बीच माना जा रहा है।
एआईएनआरसी ने पूर्व विधायक अशोक आनंद, द्रमुक ने सेधु सेल्वम और कांग्रेस ने ई विनायगम को मैदान में उतारा है।
तमिलनाडु की दो विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान शुरू
मतदान शुरू होने से काफी पहले ही लोग मतदान केंद्रों के बाहर जुटने लगे थे।
मतदान केंद्रों पर व्यापक सुरक्षा और निगरानी के इंतजाम किए गए हैं तथा तमिलनाडु पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के जवानों को तैनात किया गया है।
मतदान शुरू होने से पहले अधिकारियों ने दोनों विधानसभा क्षेत्रों में राजनीतिक दलों के एजेंटों की मौजूदगी में ’मॉक पोल’ कराया, ताकि इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के सही तरीके से काम करने की जांच की जा सके।
इन दोनों सीट पर उपचुनाव अन्नाद्रमुक के तत्कालीन विधायकों के. मरगतम कुमारवेल (मदुरांतकम) और पी. सत्यबामा (धारापुरम) के इस्तीफे के कारण जरूरी हुए। बाद में दोनों सत्तारूढ़ तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) में शामिल हो गईं। टीवीके ने दोनों पूर्व अन्नाद्रमुक नेताओं को क्रमश: मदुरांतकम और धारापुरम से फिर उम्मीदवार बनाया है। इन दोनों सीट पर द्रमुक और अन्नाद्रमुक ने भी उम्मीदवार उतारे हैं।
