LIVE

3 मार्च 2024, ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी: UP में बिजली गिरने की घटनाओं में चार लोगों की मौत, मोदी कैबिनेट की बैठक में 'विकसित भारत' पर मंथन

LIVE आज की ताजा खबर, हिंदी समाचार, 3 मार्च 2024

3 मार्च 2024, ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी: UP में बिजली गिरने की घटनाओं में चार लोगों की मौत, मोदी कैबिनेट की बैठक में 'विकसित भारत' पर मंथन

हिंदी न्यूज़ 3 मार्च 2024 और बड़ी खबरें: उत्तर प्रदेश में बारिश और ओलावृष्टि के बाद बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में रविवार को चार लोगों की मौत हो गयी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विभिन्न जिलों में आकाशीय बिजली से हुई जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त किया और दिवंगत व्यक्तियों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को मंत्रिपरिषद की बैठक की अध्यक्षता की, जिसमें ‘विकसित भारत : 2047’ के लिए दृष्टि पत्र और अगले पांच वर्षों के लिए एक विस्तृत कार्ययोजना पर मंथन किया गया। सरकार के सूत्रों ने बताया कि बैठक में, मई में नयी सरकार के गठन के बाद तुरंत उठाए जाने वाले कदमों के लिए 100 दिवसीय एजेंडे पर और उसके शीघ्र क्रियान्वयन पर चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि मोदी ने अपने मंत्रिमंडल सहयोगियों से चुनाव के दौरान लोगों का समर्थन हासिल करने के लिए हर संभव प्रयास करने को कहा, साथ ही उन्होंने विकास को बढ़ावा देने और समाज के सभी वर्गों का कल्याण सुनिश्चित करने के लिए अपनी सरकार द्वारा उठाए गए कई कदमों के बारे में बात की। आगे पढ़ें देश-दुनिया के ताजा समाचार....

MAR 03, 2024 22:42 IST

ओम प्रकाश राजभर ने इस हफ्ते मंत्री बनने की उम्मीद जतायी

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक दल सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने इसी सप्ताह मंत्री बनने की उम्मीद जतायी है। राजभर ने उत्तर प्रदेश की सभी 80 सीटों पर राजग उम्मीदवारों की जीत का दावा भी किया है। राजभर ने सिकन्दरपुर में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी द्वारा आयोजित वंचित शोषित हक अधिकार रैली सम्बोधित करते हुए कहा, '2024 के लोकसभा चुनाव के बाद पूर्वांचल राज्य का गठन किया जाएगा। उसके बाद आप सबका मुख्यमंत्री होगा और आपकी सरकार बनेगी।' राजभर ने कहा, 'सबसे अधिक आबादी वाले उत्तर प्रदेश में दलितों, वंचितों, शोषितों को अभी तक उनका पूरा अधिकार नहीं मिल सका है। इसके लिए आवश्यक है कि सम्पूर्ण देश में एक समान शिक्षा व्यवस्था लागू की जाए।' राजभर प्रदेश में 2022 में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान समाजवादी पार्टी (सपा) के गठबंधन में शामिल थे, लेकिन वह कुछ माह पूर्व फिर से राजग में शामिल हो गए जिसके बाद से उन्हें योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार में मंत्री बनाने की लगातार अटकलें रही हैं। राजभर ने रैली के इतर संवाददाताओं से बातचीत करते हुए इसी सप्ताह मंत्री बनने की उम्मीद जतायी।
MAR 03, 2024 22:12 IST

मोदी मंत्रिपरिषद की बैठक में ‘विकसित भारत' को लेकर हुआ मंथन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को मंत्रिपरिषद की बैठक की अध्यक्षता की, जिसमें ‘विकसित भारत : 2047’ के लिए दृष्टि पत्र और अगले पांच वर्षों के लिए एक विस्तृत कार्ययोजना पर मंथन किया गया। सरकार के सूत्रों ने बताया कि बैठक में, मई में नयी सरकार के गठन के बाद तुरंत उठाए जाने वाले कदमों के लिए 100 दिवसीय एजेंडे पर और उसके शीघ्र क्रियान्वयन पर चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि मोदी ने अपने मंत्रिमंडल सहयोगियों से चुनाव के दौरान लोगों का समर्थन हासिल करने के लिए हर संभव प्रयास करने को कहा, साथ ही उन्होंने विकास को बढ़ावा देने और समाज के सभी वर्गों का कल्याण सुनिश्चित करने के लिए अपनी सरकार द्वारा उठाए गए कई कदमों के बारे में बात की। सूत्रों ने कहा कि ‘विकसित भारत’ के लिए ‘रोडमैप’ दो साल से अधिक की गहन तैयारी का परिणाम है। सूत्रों ने कहा कि इसमें सभी मंत्रालयों और राज्य सरकारों, शिक्षाविदों, उद्योग संगठनों, नागरिक समाज संस्थाओं, वैज्ञानिक संगठनों के साथ व्यापक परामर्श तथा युवाओं के सुझावों को समाहित करते हुए ‘सरकार का समग्र’ दृष्टिकोण शामिल है।
MAR 03, 2024 22:10 IST

यूपी में आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं में चार लोगों की मौत

उत्तर प्रदेश में बारिश और ओलावृष्टि के बाद बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में रविवार को चार लोगों की मौत हो गयी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विभिन्न जिलों में आकाशीय बिजली से हुई जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त किया और दिवंगत व्यक्तियों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। राहत आयुक्त नवीन कुमार ने बताया कि बिजली गिरने से लखीमपुर खीरी, हरदोई, सीतापुर, शाहजहांपुर में एक-एक व्यक्ति की मौत खबर है। उन्होंने कहा कि फर्रुखाबाद, कन्नौज, मुजफ्फरनगर, जालौन, झांसी, कानपुर देहात, शाहजहांपुर, ललितपुर और सहारनपुर आदि जिलों में सुबह 8.30 बजे से दोपहर 2.30 बजे के बीच ओलावृष्टि हुई। आयुक्‍त के अनुसार, अयोध्या, आजमगढ़, बदायूं ,बागपत, बहराइच, बलरामपुर, बरेली, देवरिया, एटा, गोण्डा, गोरखपुर, हरदोई, कानपुर नगर, रामपुर, संभल, संत कबीर नगर, भदोही, श्रावस्ती, सीतापुर, सोनभद्र, सुलतानपुर, उन्नाव, वाराणसी, लखीमपुर खीरी, लखनऊ, मैनपुरी, मथुरा, मऊ और रायबरेली जिलों में भी बारिश की खबर है।
MAR 03, 2024 22:08 IST

इन जिलों में बारिश, ओलावृष्टि और बिजली गिरने की संभावना

अगले 3 घंटों में सोनभद्र, अलीगढ़, बुलंदशहर, जी.बी.नगर, गाजियाबाद के अधिकांश स्थानों पर गरज के साथ बारिश और ओलावृष्टि और बिजली गिरने की संभावना है।
MAR 03, 2024 22:08 IST

ग्वालियर में भाजपा कार्यालय के सामने गोलीबारी, एक घायल

मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर में रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यालय के सामने पार्टी के एक नेता के समर्थकों के आपस में भिड़ने के बाद गोलीबारी में एक व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना अपराह्न में महाराज बाड़ा इलाके में एक पुलिस चौकी के करीब हुई। पार्टी के सूत्रों के मुताबिक आगामी लोकसभा चुनाव के लिए ग्वालियर सीट से पार्टी के उम्मीदवार भाजपा नेता भरत सिंह कुशवाहा के समर्थकों के बीच झगड़ा हो गया। कोतवाली शहर के पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) आयुष गुप्ता ने कहा, 'हमें भाजपा कार्यालय के पास गोलीबारी के बारे में सूचित किया गया था। हमने घायल व्यक्ति धर्मेंद्र सिंह गुर्जर को अस्पताल पहुंचाया।' उन्होंने बताया कि गुर्जर की बांह में गोली लगी है। पुलिस अधिकारी ने कहा, 'आरोपी रुस्तम सिंह को पकड़ लिया गया और उसके पास से एक असलहा बरामद हुआ। झड़प का कारण जानने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।' सूत्रों ने बताया कि कुशवाहा के पार्टी कार्यालय से निकलने के कुछ मिनट बाद ही दो समूहों के बीच लड़ाई शुरू हो गई और उनमें मारपीट हुई तथा उनमें से एक ने गोलियां चलाईं।
MAR 03, 2024 20:18 IST

पीएम मोदी के हिंदू होने पर लालू यादव ने उठाया सवाल

बिहार की राजधानी पटना में आयोजित हुई जन विश्वास रैली में पूर्व मुख्यमंत्री और राजद सुप्रीमो लालू यादव ने देश के प्रधानमंत्री को जमकर खरी-खोटी सुनाई। साथ ही तेजस्वी यादव ने कहा कि राजद का मतलब अधिकार, रोजगार और विकास, भाजपा झूठ की फैक्ट्री है। आपको बताते हैं लालू और तेजस्वी ने क्या-क्या कहा। पढ़ें पूरी खबर
MAR 03, 2024 19:46 IST

ओडिशा : पांच बार के विधायक अरबिंद धाली भाजपा में शामिल

ओडिशा विधानसभा के पांच बार के सदस्य अरविंद धाली रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। एक दिन पहले ही उन्होंने राज्य में सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) से इस्तीफा दिया था। धाली अपने समर्थकों के साथ जुलूस के रूप में भुवनेश्वर स्थित भाजपा कार्यालय पहुंचे और पार्टी प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन सामल और सांसद अपराजिता सारंगी एवं अन्य की उपस्थिति में भाजपा में शामिल हुए। पूर्व विधायक मुकुंद सोदी ने भी बीजद से इस्तीफा दे दिया था और धाली के साथ भाजपा में शामिल हो गए। धाली ने संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि बीजद के भीतर कोई लोकतंत्र नहीं बचा है और वरिष्ठ नेताओं को नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने कहा, 'घुटन महसूस करने के बाद मैंने बीजद छोड़ दिया और भाजपा में शामिल हो गया जहां पर आंतरिक लोकतंत्र है।'
MAR 03, 2024 17:41 IST

बागपत में महिला ने प्रेमी के साथ मिलकर की अपने पति की हत्या

उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में रिश्ते का विरोध करने पर अपने पति की कथित तौर पर हत्या करने के आरोप में एक महिला और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि शनिवार को बड़ौत थाना अंतर्गत गांव बड़का के पास बन्द पड़ी फैक्ट्री के परिसर में अज्ञात व्यक्ति के शव की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस ने शव बरामद कर लिया, जिसकी बाद में पहचान 35 वर्षीय इमरान के रूप मे हुई। एएसपी ने बताया कि जांच के दौरान हमें पता चला कि रुखसाना और उसके प्रेमी हाशिम ने शनिवार को इमरान की हत्या कर शव को एक बन्द पड़ी फैक्ट्री के परिसर में फेंक दिया था। एएसपी ने आगे कहा कि आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने इमरान की हत्या की। वह उनके रिश्ते के खिलाफ था। पुलिस ने कहा कि रुखसाना के कुछ समय पहले पड़ोस में रहने वाले हाशिम के साथ संबंध विकसित हुए और उसके पति ने इसका कड़ा विरोध किया था।
MAR 03, 2024 17:12 IST

दिल्ली पुलिस के उप-निरीक्षक ने खुद को गोली मारकर जान दी

दिल्ली पुलिस के एक उप-निरीक्षक ने पूर्वी दिल्ली में अपने फ्लैट में कथित तौर पर पिस्तौल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान तेलंगाना निवासी के. गणेश के रूप में हुई है, जो वर्तमान में यहां मधुर विहार पुलिस थाने में तैनात थे। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, 'शनिवार और रविवार की मध्यरात्रि में लगभग दो बजे एसआई के परिवार के सदस्यों ने पुलिस को फोन किया और कहा कि अधिकारी उनकी कॉल का जवाब नहीं दे रहे हैं।' अधिकारी ने कहा कि इससे संदेह पैदा हुआ और स्थानीय पुलिस मधुर विहार स्थित गणेश के फ्लैट पर पहुंची। उन्होंने कहा कि अपार्टमेंट अंदर से बंद पाया गया, जिसके बाद पुलिस टीम इमारत की पहली मंजिल पर स्थित फ्लैट की बालकनी पर चढ़ी। अधिकारी ने बताया कि शीशे से झांकने पर पुलिसकर्मियों ने देखा कि गणेश अंदर मृत अवस्था में पड़े हुए हैं और उनके नजदीक पिस्तौल पड़ी है। उन्होंने कहा, 'फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया। प्रथम दृष्टया, ऐसा लगता है कि एसआई ने आत्महत्या कर ली।' अधिकारी ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है और मामले में आगे की जांच जारी है।
MAR 03, 2024 17:08 IST

प्रधानमंत्री मोदी ने की केंद्रीय मंत्रिपरिषद की बैठक की अध्यक्षता

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को मंत्रिपरिषद की बैठक की अध्यक्षता की, जो उनकी सरकार के दूसरे कार्यकाल की संभवत: आखिरी ऐसी बैठक है। बैठक में कई मंत्रालयों के अपने भविष्य के एजेंडे पर प्रस्तुतिकरण देने का कार्यक्रम है। इसमें प्रधानमंत्री मोदी द्वारा अपनी सरकार की 10 साल की सफलताओं और भविष्य की प्राथमिकताओं, विशेष रूप से 2047 तक ‘विकसित भारत’ बनाने के लक्ष्य के बारे में विस्तार से चर्चा करने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री समय-समय पर नीति और शासन से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर चर्चा करने के लिए मंत्रिपरिषद की बैठकें करते रहे हैं, लेकिन रविवार की बैठक अप्रैल-मई में होने वाले लोकसभा चुनाव के लिहाज से महत्वपूर्ण है। निर्वाचन आयोग द्वारा कुछ हफ्तों में लोकसभा चुनाव तारीखों की घोषणा किये जाने की संभावना है।
MAR 03, 2024 17:02 IST

मल्लिकार्जुन खड़गे ने पीएम मोदी को बताया झूठों का सरदार

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पीएम मोदी को 'झूठों का सरदार' करार दिया है। उन्होंने मोदी की गारंटी पर सवाल उठाया है। वहीं पटना में आयोजित जन विश्वास रैली में राहुल गांधी ने कहा कि हम BJP-RSS से नहीं डरते हैं। पढ़ें पूरी खबर
MAR 03, 2024 16:14 IST

ओडिशा में सेना के जवान ने खुद को गोली मारकर जान दी

ओडिशा के केंद्रपाड़ा जिले में डीआरडीओ की रडार वेधशाला हवाई निगरानी इकाई में 35 वर्षीय सेना के एक जवान ने कथित तौर पर अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मारकर जान दे दी। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। सिपाही के पद पर कार्यरत जवान की पहचान तमिलनाडु के मूल निवासी राज शेखरन के रूप में की गई। घटना शनिवार देर रात लगभग दो बजे की है, जब जवान महाकालपाड़ा पुलिस थाना क्षेत्र के कियारबांका गांव में रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) के एक केन्द्र पर तैनात था। पुलिस अधिकारी ने बताया कि जवान को रक्त रंजित अवस्था में पाया गया और उसे तत्काल पास के सरकारी अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। महाकालपाड़ा पुलिस थाने के निरीक्षक बिमल कुमार मलिक ने कहा कि प्रारंभिक जांच में यह आत्महत्या का मामला लगता है। राइफल को जब्त कर लिया गया है और जांच के लिए भेजा गया है।
MAR 03, 2024 16:12 IST

शहबाज शरीफ दूसरी बार बने पाकिस्तान के पीएम

शहबाज शरीफ दूसरी बार पाकिस्तान के प्रधानमंत्री बने हैं। 336 सदस्यीय सदन में 201 वोट मिले, जो सदन का नेता बनने के लिए आवश्यक मतों से 32 अधिक हैं। वहीं इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के उनके प्रतिद्वंद्वी उमर अयूब खान को 92 वोट मिले। पढ़ें पूरी खबर
MAR 03, 2024 15:47 IST

बिहार के पटना में विपक्षी दलों ने किया शक्ति प्रदर्शन

लोकसभा चुनाव के मद्देनजर विपक्षी दलों ने भी अपनी-अपनी कमर कस ली है। बिहार की राजधानी पटना में INDI गठबंधन में शामिल सहयोगी दलों ने शक्ति प्रदर्शन किया। राजद की ‘जन विश्वास रैली' में राहुल गांधी, अखिलेश यादव, लालू प्रसाद और सीताराम येचुरी समते कई दिग्गजों ने शिरकत की। पढ़ें पूरी खबर
MAR 03, 2024 15:19 IST

पिता ने कुल्हाड़ी से हमला करके बेटी की हत्या कर दी, गिरफ्तार

राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले के गोगामेडी थाना क्षेत्र में 31 वर्षीय एक महिला की कथित तौर पर उसके पिता ने कुल्हाड़ी से हमला करके हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी और कहा कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। गोगामेड़ी थानाधिकारी अजय कुमार ने बताया कि प्राथमिक जांच से पता चला है कि आरोपी पिता गोविंद सिंह (उम्र करीब 55 वर्ष) अपनी बेटी कृष्णा (31) पर शादी के लिए दबाव डाल रहा था, लेकिन वह शादी के लिए सहमत नहीं थी। उन्होंने बताया कि यह घटना शनिवार रात की है जब आरोपी कृष्णा के कमरे में गया और सोते समय उस पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि अस्पताल ले जाते समय कृष्णा की मौत हो गई। एक अन्य पुलिस अधिकारी ने कहा कि आरोपी किसान को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है। मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम करवाया जायेगा।
MAR 03, 2024 14:32 IST

जेम्स फ़्रैंकलिन होंगे सनराइज़र्स हैदराबाद के नए गेंदबाज़ी कोच

आईपीएल के आगामी सीज़न में सनराइज़र्स हैदराबाद के नए गेंदबाज़ी कोच जेम्स फ़्रैंकलिन होंगे। पूर्व कीवी ऑलराउंडर दक्षिण अफ्रीका के डेल स्टेन को रिप्लेस करेंगे। स्टेन को 2022 में हैदराबाद का गेंदबाज़ी कोच बनाया गया था। क्रिकइंफो को पता चला है कि स्टेन ने निजी कारणों के चलते आईपीएल से बाहर रहने का फ़ैसला किया है।
MAR 03, 2024 14:04 IST

हर्षवर्धन ने सक्रिय राजनीति से किया किनारा

लोकसभा चुनाव में इस बार टिकट कटने के बाद डॉ. हर्षवर्धन ने सक्रिय राजनीति से किनारा कर लिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा है कि मेरा क्लीनिक मेरा इंतजार कर रहा है।
MAR 03, 2024 13:44 IST

पवन सिंह नहीं लड़ेंगे लोकसभा चुनाव

भोजपुरी कलाकार पवन सिंह आसनसोल से लोकसभा का चुनाव नहीं लड़ेंगे। उन्होंने आगामी चुनाव लड़ने से इंकार कर दिया है। बीजेपी ने पवन सिंह को टीएमसी नेता व अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा के खिलाफ मैदान में उतारा था।
MAR 03, 2024 13:38 IST

नोएडा: माफिया रवि काना पर इनाम घोषित

आज की ताजा खबर : नोएडा पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म के एक मामले में फरार कुख्यात कबाड़ माफिया रवि काना और उसके एक अन्य साथी महकी नागर की गिरफ्तारी पर रविवार को 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।
MAR 03, 2024 12:49 IST

रामेश्वरम कैफे ब्लास्ट: एक दो दिन में गिरफ्तार होंगे आरोपी

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कहा है कि रामेश्वरम कैफे ब्लास्ट मामले में हमें कुछ सुराग मिले हैं। एक से दो दिन में सभी आरोपी गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।