Congress Slams PM Modi: बिहार की राजधानी पटना में आयोजित 'जन विश्वास रैली' में मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि मोदी जी 'झूठों के सरदार' हैं। वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार समाज के वंचित वर्गों की 73 प्रतिशत आबादी की उपेक्षा कर रही है।
खड़गे ने मोदी को बताया झूठों का सरदार
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की ‘जन विश्वास’ रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने कहा कि 'मोदी जी हमेशा कहते हैं "मेरी गारंटी".. लेकिन मैं बताता हूं उनकी गारंटी क्या है।
- हर साल 2 करोड़ नौकरियां दूंगा
- विदेशों से काला धन लाऊंगा
- सभी के खाते में 15 लाख डालूंगा
- 2022 तक हर व्यक्ति के पास पक्का मकान होगा
- 2022 तक किसान की आय दोगुनी होगी
- पटना को स्मार्ट सिटी बनाऊंगा
ये सब किसी को नहीं मिला- यानी मोदी जी 'झूठों के सरदार' हैं।'
राहुल गांधी ने उठाया किसानों का मुद्दा
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि देश में किसानों, युवाओं और वंचितों के साथ अन्याय हो रहा है। कांग्रेस नेता ने केंद्र सरकार की ‘अग्निवीर’ योजना को देश के युवाओं के खिलाफ बताते हुए कहा कि इसके तहत नौकरी पाने वालों की शहादत पर उन्हें अन्य शहीदों की तर्ज पर सरकारी सहायता नहीं मिल पाएगी।
'नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान'
राहुल गांधी ने इस रैली में कहा कि 'आज देश में दो विचारधाराओं की लड़ाई है। एक तरफ नफरत, हिंसा और अहंकार है, दूसरी तरफ मोहब्बत, भाईचारा और सम्मान है। यदि आप INDIA गठबंधन को समझना चाहते हैं तो उसके लिए एक ही लाइन है। हम 'नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान' खोलते हैं।'
बिहार से शुरू होता है तूफान- राहुल गांधी
देश में जब भी बदलाव आता है, तो बिहार में तूफान शुरू होता है। यहां से तूफान बाकी प्रदेशों में जाता है, बिहार देश की राजनीति का 'नर्व सेंटर' है। देश में जब भी बदलाव आता है, उसकी शुरुआत बिहार से ही होती है।
'एक उद्योगपति को थमा दी देश की संपत्ति'
आज देश में 40 साल में सबसे ज्यादा बेरोजगारी है। क्योंकि जिन छोटे उद्योगों से रोजगार पैदा होते थे, मोदी सरकार ने GST, नोटबंदी कर उन्हें ख़त्म कर दिया। देश में आज बड़े-बड़े उद्योगपतियों की मोनोपॉली बन रही है। नरेंद्र मोदी जी ने देश की सारी संपत्ति एक उद्योगपति को थमा दी है।
राहुल बोले- हम BJP-RSS से नहीं डरते
हम BJP-RSS से नहीं डरते। हम देश के लिए लड़ते हैं और देश के लिए मर जाने को भी तैयार हैं। हम BJP-RSS को हटाकर, INDIA की सरकार बनाएंगे।
पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित इस रैली को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, माकपा नेता सीताराम येचुरी, भाकपा नेता डी. राजा और राजद के युवा नेता तेजस्वी यादव ने भी संबोधित किया।
