दुनिया

Pakistan: शहबाज शरीफ दूसरी बार बने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री, जानें सदन में किसे कितने वोट मिले

  • Edited by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 3, 2024, 04:11 PM IST

Pakistan PM News: शहबाज शरीफ दूसरी बार पाकिस्तान के प्रधानमंत्री बने हैं। 336 सदस्यीय सदन में 201 वोट मिले, जो सदन का नेता बनने के लिए आवश्यक मतों से 32 अधिक हैं। वहीं इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के उनके प्रतिद्वंद्वी उमर अयूब खान को 92 वोट मिले।

Image

शहबाज शरीफ, प्रधानमंत्री, पाकिस्तान।

Photo : Twitter

Shehbaz Sharif: पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) के वरिष्ठ नेता शहबाज शरीफ विपक्ष की नारेबाजी के बीच नवनिर्वाचित संसद में आसानी से बहुमत हासिल करने के बाद रविवार को दूसरी बार पाकिस्तान के प्रधानमंत्री बने। वह गठबंधन सरकार का नेतृत्व करेंगे। पीएमएल-एन और पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) के संयुक्त उम्मीदवार शहबाज (72) को 336 सदस्यीय सदन में 201 वोट मिले, जो सदन का नेता बनने के लिए आवश्यक मतों से 32 अधिक हैं।

इमरान के समर्थक सांसदों का हंगामा और नारेबाजी

जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के उनके प्रतिद्वंद्वी उमर अयूब खान को 92 वोट मिले। नेशनल असेंबली के अध्यक्ष सरदार एयाज सादिक ने नतीजों की घोषणा करते हुए शहबाज को पाकिस्तान का 24वां प्रधानमंत्री नियुक्त किया। पीटीआई समर्थित सांसदों के हंगामे और नारेबाजी के बीच नयी संसद का सत्र बुलाया गया था।

कुछ सांसदों ने इमरान खान के पोस्टर भी लहराए

पीटीआई समर्थित सदस्यों ने इमरान खान के जेल में बंद होने के संदर्भ में ‘आजादी’ और ‘कैदी 804’ के नारे लगाए। पीटीआई समर्थित कुछ सांसदों ने इमरान खान के पोस्टर भी लहराए। इमरान समर्थक नारों के जवाब में पीएमएल-एन सांसदों ने ‘नवाज जिंदाबाद’ के नारे लगाए और खान के खिलाफ तोशाखाना भ्रष्टाचार मामले के संदर्भ में विपक्षी सदस्यों की ओर कलाई पर बांधी जाने वाली घड़ियां लहराईं।

नवाज शरीफ ने शहबाज के समर्थन में किया पहला वोट

पीएमएल-एन पार्टी प्रमुख नवाज शरीफ ने प्रधानमंत्री के चुनाव के लिए शहबाज के समर्थन में सबसे पहले वोट दिया। मतदान से पहले पीटीआई ने कहा कि अच्छा होता अगर पीएमएल-एन प्रमुख नवाज शरीफ हार स्वीकार करते। पार्टी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, '...लेकिन उन्होंने शर्म से जीना चुना। इस हारे हुए गठबंधन (कोलिशन ऑफ लूजर्स) खासतौर से नवाज शरीफ और मरयम के लिए हर दिन गुजरे दिन से बदतर होगा।'

आम चुनाव कराने के लिए संसद भंग किए जाने से पहले शहबाज ने अप्रैल 2022 से अगस्त 2023 तक प्रधानमंत्री के रूप में गठबंधन सरकार का नेतृत्व किया था। आठ फरवरी को हुए चुनाव में शरीफ की अगुवाई में पार्टी स्पष्ट बहुमत पाने में नाकाम रही। हालांकि, तकनीकी रूप से वह 265 में से 75 सीट के साथ सबसे बड़ी पार्टी है। पीपीपी के अलावा शहबाज के पास मुत्ताहिदा कौमी मूवमेंट (एमक्यूएम-पी), पाकिस्तान मुस्लिम लीग (क्यू), बलूचिस्तान आवामी पार्टी, पाकिस्तान मुस्लिम लीग (जेड), इस्तेकाम-ए-पाकिस्तान पार्टी तथा नेशनल पार्टी का समर्थन है।

(भाषा)

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article