देश

Aaj Ki Taza Khabar, 19 जनवरी, 2023: BJP में शामिल हों वरना CM का बुलडोजर तैयार है- बोले MP के मंत्री

  • Authored by: किशोर जोशी
  • Updated Jan 19, 2023, 11:24 PM IST

Aaj Ki Taza Khabar, Today's Breaking News, Hindi News , Hindi Samachar Today- आज की ताजा खबर 19 जनवरी, 2023: देश और दुनिया की हर छोटी-बड़ी खबरों से रूबरू कराएंगे जिनका आप सबसे सीधा सरोकार है।

Image

आज की ताजा खबर

Aaj Ki Taza Khabar, आज की ताजा खबर, 19 जनवरी, 2023 : मध्य प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी नीत सरकार के एक मंत्री ने कथित तौर पर प्रदेश में कांग्रेस के पदाधिकारियों को सत्तारुढ़ भाजपा में शामिल होने या फिर मुख्यमंत्री के बुलडोजर द्वारा विध्वंस के खतरे का सामना करने के लिए तैयार रहने को कहा है। सूबे के पंचायत मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें बुधवार को जिले की रुठियाई कस्बे में एक जनसभा में उनकी इस टिप्पणी को सुना जा सकता है। प्रदेश में ‘मामा’ के उपनाम से लोकप्रिय मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपनी सरकार में अपराध और अपराधियों के प्रति ‘ जीरो टॉलरेंस’’ नीति अपनायी है जिसके तहत प्रशासन विभिन्न अपराधों के आरोपियों के मकानों के अवैध निर्माण को बुल्डोजर से गिरा देता है।

इस बीच, केंद्र सरकार ने गुरुवार को उच्चतम न्यायालय को बताया कि वह रामसेतु को राष्ट्रीय विरासत स्मारक घोषित करने के मुद्दे पर विचार कर रहा है। इस मुद्दे पर राज्यसभा के पूर्व सदस्य सुब्रमण्यम स्वामी द्वारा दायर एक जनहित याचिका पर सुनवाई कर रही मुख्य न्यायाधीश डी वाई चंद्रचूड़ और न्यायमूर्ति जे बी पारदीवाला की पीठ ने भाजपा नेता से कहा कि अगर वह चाहें तो सरकार को एक आवेदन दें। पीठ ने कहा, ‘‘सॉलिसिटर जनरल (तुषार मेहता) ने कहा है कि वर्तमान में संस्कृति मंत्रालय में एक प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा है कि याचिकाकर्ता (स्वामी) अगर चाहें तो अतिरिक्त आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।’’ शीर्ष अदालत ने केंद्र से इस मुद्दे पर निर्णय लेने के लिए कहा और स्वामी को मुद्दे पर स्पष्टीकरण से संतुष्ट नहीं होने पर पुन: अर्जी दाखिल करने की अनुमति देते हुए अंतरिम अर्जी का निपटारा कर दिया। देश और दुनिया की आज के ताजा घटनाक्रम कुछ इस प्रकार हैं:

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा अब आखिरी दौर में पहुंच गई है। यात्रा आज जम्मू के कठुआ पहुंची। लेकिन राहुल की ये यात्रा जब आज जम्मू-कश्मीर तक पहुंची है तब 2 बड़े मुद्दे उठ रहे हैं। पहला मुद्दा ये कि आज 19 जनवरी है और आज से 33 साल पहले आज ही के दिन कश्मीर से हिंदुओं का सामूहिक पलायन हुआ था। भारत जोड़ो में अब्दुल्ला और महबूबा हैं लेकिन कश्मीरी हिंदू कहां हैं? लोग ये सवाल पूछ रहे हैं।

साल 2024 के आम चुनाव से पहले कांग्रेस जहां एक ओर भारत जोड़ो यात्रा के जरिए अपनी जमीन मजबूत करने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा रही है, वहीं केंद्रीय मंत्री आरके सिंह का साफ कहना है कि वे लोग कहीं नहीं हैं। दावोस में उन्होंने आपके प्रिय चैनल 'टाइम्स नाउ' की ग्रुप एडिटर नविका कुमार से हुई खास बातचीत के दौरान बताया कि रोशनी को कभी भी दबाया नहीं जा सकता है। जहां-जहां कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी गए, वहां-वहां अगर कल चुनाव हो जाएं तो उनकी पार्टी न जीत सकेगी।

भारतीय नौसेना की ताकत और बढ़ने वाली है। ऐसा इसलिए, क्योंकि 23 जनवरी, 2023 को अपनी नेवी में पांचवीं स्कॉर्पीन पनडुब्बी वगीर शामिल होने वाली है। चीफ ऑफ नेवल स्टाफ एडमिरल आर हरि कुमार इसकी कमिश्निंग के दौरान कार्यक्रम में रहेंगे। यह पिछले साल नौसेना को हासिल हुई थी। गुरुवार (19 जनवरी, 2023) को वगीर से जुड़ा एक टीजर जारी किया गया है, जिसमें इस सब्मरीन की कुछ झलकियां दिखाई गई हैं और यह इसमें समुद्र की लहरों को चीरते हुए नजर आई।

खाने और किराने का सामान डिलीवर करने वाला प्लैटफॉर्म स्विगी भी छंटनी कर सकता है। छह हजार लोगों के स्टाफ वाली यह कंपनी अपने आठ से 10 फीसदी वर्कफोर्स (600 के आसपास कर्मचारी) को कम कर सकती है। गुरुवार (19 जनवरी, 2023) को यह दावा अंग्रेजी बिजनेस अखबार 'दि फाइनैंशियल एक्सप्रेस' की रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से किया गया। रोचक बात यह है कि डिलीवरी प्लैटफॉर्म की ओर से छंटनी के कयास से जुड़ी खबर तब सामने आई है, जब वह अपने आईपीओ आने से पहले मुनाफे की ओर बढ़ना चाह रही है।

भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ धरनारत पहलवानों ने कहा है कि डब्ल्यूएफआई को भंग कर दिया जाना चाहिए। उन्हें नया महासंघ चाहिए। अगर महासंघ भंग न किया तो डब्ल्यूएफआई अध्यक्ष के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। इस बीच, गुरुवार को विनेश फोगाट ने कहा- आज प्रदर्शन का दूसरा दिन है, पर हमें सरकार की ओर से संतोषजनक प्रतिक्रिया नहीं मिली है। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि सिंह इस्तीफा दें और जेल जाएं। हम इस मामले में केस भी फाइल करेंगे। हम जैसे पहलवानों के साथ जब इस तरह की चीजें घट रही हैं, तब समझा जा सकता है कि बाकी लड़कियां कितनी सुरक्षित हैं। इस देश में एक भी बिटिया पैदा नहीं होनी चाहिए।

राजनीति के अखाड़े का दिग्गज, 3-3 जिलों में जाकर 6 बार लोकसभा चुनाव जीतने का दम, गोंडा-बलरामपुर से लेकर अयोध्या तक में बृजभूषण शरण सिंह की तूती बोलती है। कॉलेज के टाइम में पहलवानी में दांव पेंच आजमाने वाले बृजभूषण ने सियासी दंगल में कई सूरमाओं को धूल चटाया है। सियासी शान-ओ-शौकत वाले बृजभूषण इस बार खुद आरोपों के रिंग में घिर गए हैं। भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ ओलंपिक पहलवानों ने मोर्चा खोल दिया है।

भारतीय कुश्ती संघ (डबल्यूएफआई) के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न के खिलाफ दिल्ली के जंतर मंतर पर महिला कुश्ती पदकवीर और खिलाड़ी फिलहाल धरनारत हैं। ऐसे में यह मामला और गर्मा गया है और सवाल उठने लगा है कि चौतरफा घिरे सिंह की क्या कुर्सी चली जाएगी? इस बीच, यह मामला सियासी रंग लेता दिख रहा है। महिला खिलाड़ियों के समर्थन में देश की विपक्षी पार्टियां भी अब कूद गई हैं। कांग्रेस पार्टी ने इसे मुद्दा बनाया और मामले पर अध्यक्ष के इस्तीफे की मांग करते हुए सुप्रीम कोर्ट को निगरानी में सीबीआई जांच की मांग की है। पार्टी ने प्रधानमंत्री और खेल मंत्री की चुप्पी पर भी सवाल उठाया।

साल 2002 में हुए गुजरात दंगों को लेकर बनी ब्रिटिश ब्रॉडकास्ट कॉरपोरेशन (बीबीसी) की डॉक्यूमेंट्री को भारत सरकार के विदेश मंत्रालय ने दुष्प्रचार का एक हिस्सा करार दिया है। मंत्रालय के मुताबिक, "हमें लगता है कि यह एक विशेष आख्यान को आगे बढ़ाने के लिए दुष्प्रचार का एक हिस्सा है। इसमें पूर्वाग्रह, वस्तुनिष्ठता की कमी और औपनिवेशिक मानसिकता स्पष्ट रूप से झलकती है। यह हमें इस कवायद के उद्देश्य और इसके पीछे के एजेंडा के बारे में सोचने पर मजबूर करता है।"

देश की राजधानी दिल्ली औरतों के लिए सेफ है या नहीं?...यह डिबेट एक बार फिर से सड़क से सोशल मीडिया तक गर्मा गई है। दरअसल, दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) की चीफ स्वाति मालीवाल ने आरोप लगाया है कि उनके साथ शहर में रात के समय न सिर्फ छेड़खानी हुई बल्कि उनको कार वाले ने घसीटा भी।

Indian Army Exercise: भारतीय सेना की डीप स्ट्राइकर्स डिवीजन (Deep Strikers Division) ने 18 जनवरी को इंटीग्रेटेड फायरिंग एक्सरसाइज का आयोजन किया। इस अभ्यास के तहत सैनिकों ने दुश्मन के ठिकानों पर तेजी से कब्जा करना और उन्हें नष्ट करना सुनिश्चित किया। भारतीय तोपों ने अपनी ऐसी ताकत दिखाई कि दुश्मन भी यकीनन तोपों की गरज से हिल गया होगा।

इस बार सेना की डीप स्ट्राइकर्स डिवीजन ने अपने आग बरसाते हुए तोपों का ऐसा अभ्यास किया है जिसे देखकर दुश्मन भी परेशान हो जाएंगे

बॉलीवुड की ड्रामा क्वीन राखी सावंत के जीवन में मुसीबतों का अंबार लगा हुआ है। हाल ही में शादी के बंधन में बधी राखी को मुंबई की अंबोली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें शर्लिन चोपड़ा के केस में अरेस्ट किया है। राखी आज ही अपनी डांस अकेडमी लॉन्च करने वाली थीं।

देश का सबसे शातिर ठग सुकेश चंद्रशेखर इस समय तिहाड़ जेल में बंद है। जांच में जब सुकेश चंद्रशेखर की ठगी की कहानी दुनिया के सामने आने लगी तो एक बड़ा नाम जुड़ा जैक्लीन फर्नांडीज का। जैक्लीन भी कानून का सामना कर रही हैं। फिलहाल वो जमानत पर हैं। मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक जैक्लीन पटियाला हाउस कोर्ट को बताया कि सुकेश ने उनकी भावनाओं से खेला और जिंदगी नर्क बना दी।

पश्चिम बंगाल (West Bengal) में 10वीं कक्षा के मॉडल प्रश्न पत्र (Exam Paper) को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। इस पेपर में छात्रों को मानचित्र पर 'आज़ाद कश्मीर' चिह्नित करने के लिए कहा गया। यह प्रश्न पत्र सोशल मीडिया (Social Media) पर वायरल हो गया है। विपक्षी भाजपा (BJP) ने इसे 'जिहादी साजिश' होने का दावा किया। तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने इसे एक गलती करार देते हुए कहा कि वह इसका वह समर्थन नहीं करती है।

New Zealand News: न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री जैसिंडा अर्डर्न (Jacinda Ardern) ने गुरुवार को घोषणा की कि वह अगले महीने इस्तीफा देंगी। उन्होंने इस्तीफे का ऐलान करते हुए कहा कि वह इस साल फिर से चुनाव नहीं लड़ेंगी और प्रधानमंत्री के रूप में उनका आखिरी दिन 7 फरवरी है।

न्यूजीलैंड की पीएम जसिंडा अर्डर्न वो फरवरी में सात तारीख के पहले इस्तीफा दे देंगी। उनके इस बयान पर कांग्रेस की तरफ से प्रतिक्रिया आई है। कांग्रेस के कद्दावर नेता जयराम रमेश ने कहा कि भारतीय नेताओं को भी अर्डर्न की तरह होने की जरूरत है।

2024 का आम चुनाव कई मायनों में खास होने जा रहा है। अगर मौजूदा सरकार को फिर मौका मिलता है तो पीएम नरेंद्र मोदी, जवाहर लाल नेहरू की बराबरी कर लेंगे। अगर सरकार को मौका नहीं मिलता तो यह साफ हो जाएगा कि जनता किसी खास दल को तीसरी दफा मौका नहीं देने के पक्ष में है। अगर गैर बीजेपी, गैर कांग्रेसी चेहरे के हाथ में सत्ता आती है तो देश के सामने तीसरा मोर्चा हकीकत बन कर सामने होगा।

भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष और बीजेपी सांसद बृज भूषण शरण सिंह चर्चा में हैं। उन पर महिला रेसलरों ने शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया है। जब इस संबंध में उनसे सवाल पूछे गए तो जवाब था कि अगर आरोप सिद्ध हुए तो फांसी पर लटकने के लिए तैयार हूं।

न्यूजीलैंड (New Zealand) की प्रधानमंत्री जैसिंडा अर्डर्न (Jacinda Ardern) ने पद छोड़ने का ऐलान कर दिया है। फरवरी में इस्तीफा देने जा रही जैसिंडा अर्डर्न ने कहा कि पीएम के तौर पर 7 फरवरी उनका आखिरी दिन होगा। उन्होंने कहा कि, मेरे लिए ये फैसला लेने का समय है और मैंने काफी सोच विचार के फैसला लिया है। जैसिंडा अर्डर्न ने कहा कि, उनके पास अब देश का नेतृत्व जारी रखने की हिम्मत नहीं है कि 4 साल और नेतृत्व करूं। अर्डर्न ने साथ ही अगला चुनाव नहीं लड़ने का भी फैसला लिया है।

शायद कम लोगों को पता होगा कि राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत (Ashok Gehlot) के पूर्वजों का पेशा जादूगरी था और इस पेशे को राजनीति में आने से पहले गहलोत ने भी कुछ समय तक अपनाया था। बाद में राजनीति में आए तो वह इस तरह कामयाब हुए कि उन्हें सियासत का 'जादूगर' कहा जाने लगा। गहलोत और कांग्रेस नेता सचिन पायलट (Sachin Pilot) के बीच सियासी अदावत ऊी किसी से छिपी नहीं है और अब इसी 'जादूगर' पर पायलट ने तीखा हमला किया है।

अवध की शाम, यहां का अदब और तहजीब दुनिया में बहुत मशहूर है। नवाबों के दौर की पुरानी धरोहर इस शहर के रुआब को बया करती है तो मॉडर्न इंफ्रास्ट्रक्चर ने इसकी खूबसूरती में चार चांद लगा दिए है। अब लखनऊ तरक्की की राह पर थम थम कर नही बल्कि तेज रफ्तार से दौड़ने की तैयारी कर रहा है। इसी साल लखनऊ को किसान पथ के रूप में बड़ी सौगात मिलने जा रही है। 104 किलोमीटर लंबा किसान पथ लखनऊ के चारों तरफ होकर गुजरेगा।

महिला रेसलर विनेश फोगाट (Vinesh Phogat) समेत कई रेसलरोंं ने आज यानी 19 जनवरी को WFI के अध्यक्ष Brij Bhushan Sharan Singh के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया, और उनके इस्तीफे या फिर उनको बर्खास्त किए जाने की मांग की। इस प्रदर्शन में महिला पहलवानों के अलावा Bajrang Punia जैसे पुरुष पहलवान भी मौजूद रहे। दरअसल बृज भूषण पर शारीरिक शोषण का आरोप लगाया गया है। जिस पर उनका बयान सामने आया और उन्होंने इन आरोपों को निराधार बताया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

किशोर जोशी
किशोर जोशी author

राजनीति में विशेष दिलचस्पी रखने वाले किशोर जोशी को और खेल के साथ-साथ संगीत से भी विशेष लगाव है। यह टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल में नेशनल डेस्क पर कार्यरत ... और देखें

End of Article