LIVE

हिंदी समाचार, 18 अप्रैल 2024: आप विधायक अमानतुल्लाह खान गिरफ्तार, लोकसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग कल

Shashank Shekhar MishraUpdated Apr 18, 2024, 23:04 IST
Follow on Google News
हिंदी समाचार, 18 अप्रैल 2024: आप विधायक अमानतुल्लाह खान गिरफ्तार, लोकसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग कल

हिंदी समाचार, 18 अप्रैल 2024: आप विधायक अमानतुल्लाह खान गिरफ्तार, लोकसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग कल

हिंदी न्यूज़ 18 अप्रैल 2024 और बड़ी खबरें: दिल्ली की ओखला सीट से पार्टी के विधायक अमानतुल्लाह खान के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई की है। ईडी ने अमानतुल्लाह को गिरफ्तार कर लिया है। यानी आम आदमी पार्टी के एक और बडे़ नेता अब सलाखों के पीछे होंगे। ED ने मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में आप विधायक को गिरफ्तार किया है। वहीं लोकसभा चुनाव 2024 के लिए पहले चरण के मतदान में अब कुछ ही घंटों का वक्त बचा है। 7 चरणों में होने वाले चुनाव के पहले चरण में 21 राज्यों की 102 सीटों पर वोटिंग होगी। इसके अलावा दिल्ली की मंत्री आतिशी ने आरोप लगाया है कि अरविंद केजरीवाल की हत्या की साजिश रची जा रही है। उन्होंने दावा किया है कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के जरिए भाजपा केजरीवाल की सेहत को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रही है। दरअसल, बृहस्पतिवार को ईडी ने दिल्ली की अदालत में ये दावा किया कि डायबिटीज होने के बावजूद सीएम केजरीवाल जेल में मिठाई और आज खा रहे हैं। इसी के बाद विवाद गहरा गया है। आगे पढ़ें देश-दुनिया की बड़ी खबरों को ताजा अपडेट्स...

JAC Board 10th Sarkari Result 2024
Punjab Board 10th Result

APR 18, 2024 21:54 IST

वक्फ बोर्ड में हेराफेरी मामले में आप नेता अमानतुल्लाह खान गिरफ्तार

आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक अमानतुल्ला खान को प्रवर्तन निदेशालय ने गिरफ्तार कर लिया है। बृहस्पतिवार को धन शोधन संबंधी एक मामले में पूछताछ के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ED) के समक्ष पेश हुए। वक्फ बोर्ड में हेराफेरी के आरोप में ईडी ने उनके खिलाफ कार्रवाई की है। पढ़ें पूरी खबर
APR 18, 2024 19:49 IST

भाजपा के घोषणापत्र में 'अल्पसंख्यक' शब्द का कोई जिक्र नहीं: ओवैसी

ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएएमआईएम) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अल्पसंख्यकों के प्रति घृणा का भाव रखती है और यहां तक कि उसने अपने घोषणापत्र में भी 'अल्पसंख्यक' शब्द का कहीं इस्तेमाल नहीं किया बल्कि उनका जिक्र 'वंचित' के तौर पर किया है। ओवैसी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पल्लवी पटेल की पार्टी अपना दल (के) के साथ एआईएमआईएम का गठबंधन विधानसभा चुनाव में भी जारी रहेगा और पार्टी महाराष्ट्र के अकोला में प्रकाश आंबेडकर और अमरावती में आनंद आंबेडकर को समर्थन देगी। ओवैसी ने बुधवार को पीटीआई वीडियो से बातचीत में कहा, 'मैंने 17 अप्रैल को अनेक समाचार पत्रों में भाजपा के विज्ञापन देखे। जरा देखिये कि जब वे व्यवसाय शुरू करने के लिए सरकारी ऋण या मदद देने की बात करते हैं तो वे एसटी और ओबीसी कहते हैं। मुसलमान की तो बात छोड़िए, भाजपा अल्पसंख्यक शब्द का ही इस्तेमाल नहीं करती। भारत के संविधान में अल्पसंख्यक शब्द का उल्लेख है लेकिन भाजपा को ‘एम’ शब्द से ही सख्त नफरत है।' उन्होंने कहा, 'उन्होंने अल्पसंख्यक शब्द का ही इस्तेमाल नहीं किया। वे कहते हैं कि वंचित समुदायों को छात्रवृत्ति जाएगी।' ओवैसी ने दावा किया कि स्कूल छोड़ने वालों में सबसे अधिक संख्या दलितों और मुसलमानों की है लेकिन भाजपा ने जानबूझकर यह सुनिश्चित किया है कि स्कूल छोड़ने की दर मुस्लिम समुदाय में बढ़े।
APR 18, 2024 19:40 IST

आतिशी का आरोप- केजरीवाल की हत्या की साजिश रची जा रही

दिल्ली की मंत्री आतिशी ने दावा किया है कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की हत्या की साजिश रची जा रही है। उन्होंने कहा कि ईडी के जरिए भाजपा उनकी सेहत को नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर रही है। ईडी ने अदालत से कहा कि केजरीवाल डायबिटीज होने के बावजूद आम और मिठाई खा रहे। पढ़ें पूरी खबर
APR 18, 2024 19:02 IST

दिल्ली में AAP के साथ समन्वय के लिए समिति गठित करेगी कांग्रेस

कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह लोकसभा चुनाव में अपनी सहयोगी आम आदमी पार्टी (आप) के साथ समन्वय सुनिश्चित करने के लिए एक समिति गठित करेगी। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि अगले कुछ दिनों में समिति का गठन होने की संभावना है और इसकी कवायद पहले से ही जारी है। उन्होंने कहा, ‘हम एक समिति बना रहे हैं जो हमारे गठबंधन सहयोगी के साथ समन्वय करेगी। यह दिल्ली में लोकसभा चुनाव लड़ रहे तीन उम्मीदवारों के साथ पार्टी के आंतरिक समन्वय के लिए भी होगी। समिति पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ भी समन्वय करेगी।’ कांग्रेस दिल्ली में आम आदमी पार्टी के साथ मिलकर लोकसभा चुनाव लड़ रही है। ‘आप’ राष्ट्रीय राजधानी की सात में से चार सीटों पर चुनाव लड़ रही है। कांग्रेस ने बाकी तीन सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। कांग्रेस नेता ने कहा कि पार्टी अपने चुनावी अभियान के दौरान बेरोजगारी, महंगाई और छोटे उद्योगों से संबंधित मुद्दों सहित कई मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करेगी। उनका कहना है कि कांग्रेस जिन तीन सीटों पर चुनाव लड़ रही है, वहां के स्थानीय मुद्दों पर घोषणापत्र तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी उन मुद्दों को उजागर करेगी जिनका सामना उन क्षेत्रों के लोग कर रहे हैं और समाधान के उपाय भी सुझाए जाएंगे। कांग्रेस की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने चुनाव अभियान का खाका तैयार करने के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की। लवली ने कहा कि कांग्रेस और ‘इंडिया’ गठबंधन के उम्मीदवार बहुत मजबूत स्थिति में हैं। उन्होंने दावा किया कि गठबंधन को दिल्ली की सभी सात सीटों पर जीत मिलना तय है। दिल्ली की सभी सात लोकसभा सीट पर छठे चरण में 25 मई को मतदान होगा।
APR 18, 2024 19:01 IST

'उत्तर प्रदेश में सपा, बसपा और कांग्रेस का खाता भी नहीं खुलेगा'

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बृहस्पतिवार को मतदाताओं से कहा कि एक राष्ट्र-एक चुनाव, पाक अधिकृत कश्मीर में तिरंगा फहराने और देश में समान नागरिक संहिता लागू करने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को 400 से अधिक सीट जिताना जरूरी है। उन्होंने विपक्षी दलों पर हमला करते हुए दावा किया कि सपा, बसपा और कांग्रेस राज्य में खाता भी नहीं खोल पाएंगी। उपमुख्यमंत्री ने भाजपा प्रत्याशी परमेश्वर लाल सैनी के नामांकन के बाद बहजोई में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा, "भाजपा एक राष्ट्र, एक चुनाव, पाक अधिकृत कश्मीर में तिरंगा फहराने और समान नागरिक संहिता के लिए 400 से अधिक वोट पाने की बात करती है।" उन्होंने कहा, "अब कोई भी बसपा का टिकट नहीं खरीदता। मैं सपा को गाली से जवाब नहीं देता। राज्य की जनता अपने वोट से जवाब देगी।" देश में संविधान के खतरे में होने के विपक्षी नेताओं के आरोप पर मौर्य ने कहा कि वे डरे हुए हैं, क्योंकि वे भ्रष्टाचार के दलदल में फंसे हुए हैं। उन्होंने कहा कि सपा और कांग्रेस, दोनों ही ऐसी पार्टियां हैं जो सघन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) में हैं और उन्हें ऑक्सीजन की जरूरत है। उपमुख्यमंत्री ने कहा, "2024 में भी उन्हें हार का सामना करना पड़ेगा। प्रदेश में सपा, बसपा और कांग्रेस का खाता भी नहीं खुलेगा।" संभल में लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में 10 मई को मतदान होगा।
APR 18, 2024 19:00 IST

टक्कर के बाद तीन ट्रकों में लगी आग, दो लोगों की मौत

अलीगढ़ जिले के जवां क्षेत्र में बृहस्पतिवार को आपसी टक्कर के बाद तीन ट्रकों में लगी आग में झुलसकर दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि जवां थाना क्षेत्र के नागौला गांव के पास रसायन से लदे एक ट्रक की दूसरे ट्रक से टक्कर हो गई। इसके बाद वे दोनों वहां खड़े एक अन्य ट्रक से टकरा गए, जिससे तीनों वाहनों में आग लग गई। मौके पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। उन्होंने बताया कि आग पर काबू पाने के बाद पुलिस ने दो ट्रक चालकों के जले हुए शव बरामद किए। शवों की शिनाख्त नहीं हो सकी है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। सूत्रों ने बताया कि सड़क किनारे खड़े जिस तीसरे ट्रक को दो अन्य ट्रक से टक्कर लगी उसमें लदी तीन भैंसों की भी इस दुर्घटना में मौत हो गई।
APR 18, 2024 18:57 IST

पहले चरण में कांग्रेस कितनी सीटों पर लड़ रही है चुनाव?

लोकसभा चुनाव 2024 के लिए पहले चरण के मतदान में अब कुछ ही घंटों का वक्त बचा है। 7 चरणों में होने वाले चुनाव के पहले चरण में 102 सीटों पर वोटिंग होगी। इस दौरान कांग्रेस पार्टी 50 से अधिक सीटों पर चुनाव लड़ रही है। आपको बताते हैं, कांग्रेस किस राज्य की कितनी सीटों पर चुनाव लड़ रही है। पढ़ें पूरी खबर
APR 18, 2024 17:59 IST

मालवाहक पोत एमएससी एरीज पर सवार भारतीय महिला कैडेट की देश वापसी

ईरान की सेना द्वारा इस सप्ताहांत में बंधक बनाए गए मालवाहक पोत एमएससी एरीज पर सवार भारतीय चालक दल के 17 सदस्यों में शामिल महिला कैडेट ऐन टेस्सा जोसफ बृहस्पतिवार को कोचीन पहुंच गईं। विदेश मंत्रालय ने यह जानकारी दी। मंत्रालय ने बताया कि तेहरान में भारतीय मिशन मालवाहक पोत एमएससी एरीज के बाकी 16 भारतीय कर्मियों के साथ संपर्क में है। उसने कहा, ‘तेहरान में भारतीय मिशन और ईरान की सरकार के समन्वित प्रयासों से केरल के त्रिशूर की रहने वाली भारतीय कैडेट ऐन टेस्सा जोसफ आज अपराह्न में कोचीन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित पहुंच गईं।’ हवाई अड्डे पर जोसफ का स्वागत क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी ने किया। विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘तेहरान में भारतीय मिशन इस मुद्दे पर काम कर रहा है और मालवाहक पोत के चालक दल के बाकी 16 कर्मियों के साथ संपर्क में है।’ उसने कहा कि चालक दल के सदस्यों का स्वास्थ्य अच्छा है और वे भारत में अपने परिजनों के साथ संपर्क में हैं। मंत्रालय ने कहा, ‘भारतीय मिशन एमएससी एरीज के चालक दल के बाकी सदस्यों की कुशलता के लिए ईरान के अधिकारियों के साथ संपर्क में है।’ विदेश मंत्री एस जयशंकर ने इस विषय पर चार दिन पहले अपने ईरानी समकक्ष आमिर अब्दुल्लैया के साथ बातचीत की थी। ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशन गार्ड कोर (आईआरजीसी) के विशेष नौसेना बलों ने 13 अप्रैल को हॉर्मुज जलडमरूमध्य के पास एमसीएस एरीज नाम के जहाज को कथित तौर पर इजराइल के साथ उसके तार जुड़े होने के मद्देनजर जब्त कर लिया था।
APR 18, 2024 17:58 IST

दिल्ली हाईकोर्ट ने हत्या के दो दोषियों को दो दशक के बाद किया बरी

दिल्ली उच्च न्यायालय ने करीब 27 साल पहले कथित हत्या के एक मामले में दो लोगों को सुनाई गई उम्रकैद की सजा को रद्द कर दिया और उन्हें सभी आरोपों से बरी कर दिया। अदालत ने कहा कि उन्हें केवल इस आधार पर दोषी नहीं ठहराया जा सकता कि वे आखिरी बार उस शख्स के साथ देखे गए थे जिसकी हत्या कर दी गई थी। न्यायमूर्ति सुरेश कुमार कैत की अध्यक्षता वाली पीठ ने अक्टूबर 2001 के निचली अदालत के फैसले के खिलाफ अपीलों पर फैसला सुनाते हुए कहा कि चूंकि वे मृतक के साथ काम करते थे, इसलिए उनका साथ होना असामान्य नहीं हो सकता और गवाहों के बयान में विश्वास नहीं झलकता। पीठ में न्यायमूर्ति मनोज जैन भी शामिल थे। उन्होंने कहा कि चूंकि आरोपी और मृतक एक साथ काम कर रहे थे, इसलिए ‘अंतिम बार देखा गया’ के सिद्धांत को अभियोजन के मामले को संपूर्णता में ध्यान में रखते हुए और पूर्ववर्ती और बाद की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए लागू किया जाना चाहिए। अदालत ने 16 अप्रैल के अपने फैसले में कहा, ‘हमारी राय है कि आरोपियों को केवल इस आधार पर दोषी ठहराना सही नहीं होगा कि वह आखिरी बार साथ में दिखे थे और यह बात भी संदेह से परे साबित नहीं हुई है।’ मृतक का शव जुलाई 1997 में रेलवे की पटरी पर मिला था और कुछ दिन बाद अपीलकर्ताओं की गिरफ्तारी हुई। अभियोजन पक्ष ने आरोप लगाया कि व्यक्ति की हत्या इसलिए कर दी गई क्योंकि उसे एक अपीलकर्ता के एक महिला के साथ ‘अवैध संबंध’ के बारे में पता चल गया था। उच्च न्यायालय ने 2003 और 2004 में दोनों अपीलकर्ताओं की उम्रकैद की सजा निलंबित कर दी थी। दोनों प्रवासी मजदूर थे जो निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के पास झुग्गियों में रहते थे।
APR 18, 2024 17:56 IST

राजस्थान में पहले चरण के मतदान के लिए कड़ी सुरक्षा

राजस्थान में लोकसभा चुनाव के पहले चरण में 12 लोकसभा सीट पर मतदान कल शुक्रवार को होगा जिसके लिए सुरक्षा चाक चौबंद की गई है और पुलिस के 75000 जवान सहित अन्य सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। राजस्थान के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) उत्कल रंजन साहू ने बताया कि राजस्थान पुलिस ने भय-मुक्त वातावरण में स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। पहले चरण वाले सभी 12 निर्वाचन क्षेत्रों में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए राजस्थान पुलिस के जाप्ते साथ ही केन्द्रीय सशस्त्र सशस्त्र बलों की कंपनियां और होमगार्ड के जवानों को तैनात किया गया है। उन्होंने बताया कि राज्य में लोकसभा चुनाव के पहले व दूसरे चरण के लिए राजस्थान पुलिस के अधिकारियों और जवानों (प्रथम चरण करीब 75,000 एवं द्वितीय चरण में करीब 85,000) के साथ ही केंद्रीय सशस्त्र बल और विशेष सशस्त्र बल की 175 कंपनियां, राजस्थान शहरी- ग्रामीण होमगार्ड के 18 हजार 400 तथा बॉर्डर होमगार्ड के 1600 जवान तैनात किए गए हैं। साहू ने बताया कि पहले चरण में जयपुर शहर, जयपुर ग्रामीण, बीकानेर, गंगानगर, चूरू, नागौर, अलवर, झुंझुनू, सीकर, दौसा, भरतपुर और करौली-धौलपुर सीट के लिए चुनाव होना है। इन निर्वाचन क्षेत्रों में 14 पुलिस जिलों के तहत 23 हजार 651 मतदान केन्द्र और 719 सहायक मतदान केंद्र बनाए गए हैं। राज्य में लोकसभा चुनावों के मद्देनजर सीमावर्ती राज्यों पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश एवं गुजरात राज्य से लगने वाली राजस्थान की सीमाओं को सील करके 225 चेक पोस्ट स्थापित की गई हैं। इन सभी चेक पोस्ट पर पांच पुलिसकर्मी एवं पांच होमगार्ड हमेशा तैनात रहते हैं और सीसीटीवी कैमरों और वीडियोग्राफी के जरिए 24 घंटे निगरानी की जा रही है।
APR 18, 2024 17:18 IST

राजस्थान में एक युवक ने पुलिस हिरासत में की खुदकुशी

राजस्थान में हत्या के आरोप में पकड़े गये एक युवक ने हवालात में कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार यह घटना दौसा के लालसोट थाने की है। दौसा की पुलिस अधीक्षक रंजीता शर्मा ने कहा कि मनोज मीना (32) को अपने रिश्तेदार की हत्या के आरोप में पकड़ा गया था और उसे पुलिस हिरासत में रख गया था। शर्मा ने कहा कि मनोज ने बुधवार रात कंबल को फाड़कर रस्सी बनाई और इसके एक सिरे को हवालात की खिड़की से बांधकर फंदा बनाया और फिर उससे लटककर जान दे दी। शर्मा ने कहा कि उसे जिला अस्पताल ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और शव को परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
APR 18, 2024 17:16 IST

नारायण राणे ने संजय राउत और उद्धव ठाकरे को क्यों कहा 'पागल'?

केंद्रीय मंत्री नारायण राणे ने लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को 200 से कम सीटें मिलने का दावा करने वाले शिवसेना-उद्धव बालासाहेब ठाकरे (शिवसेना-यूबीटी) के नेताओं उद्धव ठाकरे और संजय राउत को 'पागल' बताया। राणे ने यह भी कहा कि कांग्रेस का घोषणापत्र 'धोखे' से ज्यादा कुछ नहीं है क्योंकि पार्टी ने अपने लंबे शासनकाल के दौरान कभी अपने वादे पूरे नहीं किये। राणे ने बुधवार को संवाददाताओं से कहा, 'संजय राउत और उद्धव ठाकरे 'पागल' हो गये हैं तभी इस तरह के दावे कर रहे हैं। वे कह रहे हैं कि भाजपा लोकसभा चुनाव में 200 सीटें बमुश्किल जीतेगी। भाजपा ने पिछले चुनावों में 300 सीटें जीतीं थीं और इस बार 400 के आंकड़े को पार करेगी।' उन्होंने कहा कि 'कांग्रेस का घोषणापत्र सिर्फ धोखा है। कांग्रेस करीब 65 वर्ष तक सत्ता में रही और घोषणापत्र में उल्लेखित किसी भी योजना को लागू नहीं किया। 2019 चुनावों में पार्टी 50 सीट भी नहीं जीत पाई थी।' भाजपा ने बृहस्पतिवार को महाराष्ट्र के कोंकण क्षेत्र की रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग लोकसभा सीट से राणे को उम्मीदवार बनाने की घोषणा की।
APR 18, 2024 17:13 IST

मतों का वीवीपैट के साथ मिलान के अनुरोध वाली याचिका पर फैसला सुरक्षित

सुप्रीम कोर्ट ने ईवीएम के जरिए डाले गए मतों का वोटर वेरिफिएबल पेपर ऑडिट ट्रेल (वीवीपीएटी) के साथ पूर्ण मिलान की मांग वाली विभिन्न याचिकाओं पर अपना फैसला बृहस्पतिवार को सुरक्षित रख लिया। न्यायमूर्ति संजीव खन्ना और न्यायमूर्ति दीपांकर दत्ता की पीठ ने याचिकाओं पर निर्वाचन आयोग का जवाब सुनने के बाद अपना फैसला सुरक्षित रख लिया। याचिकाकर्ताओं ने वीवीपैट मशीनों पर पारदर्शी कांच को अपारदर्शी कांच से बदलने के आयोग के 2017 के फैसले को उलटने की भी मांग की है, जिसके जरिए कोई मतदाता केवल सात सेकंड के लिए रोशनी चालू होने पर ही पर्ची देख सकता है। आयोग की ओर से पेश वरिष्ठ वकील मनिंदर सिंह ने बताया कि ईवीएम किस प्रकार काम करती है। याचिकाकर्ताओं की ओर से वकील प्रशांत भूषण और वरिष्ठ वकील गोपाल शंकरनारायणन पेश हुए। उच्चतम न्यायालय ने 16 अप्रैल को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) की आलोचना और मतपत्रों के जरिए चुनाव की लौटने की मांग की निंदा करते हुए कहा था कि भारत में चुनावी प्रक्रिया एक "बहुत बड़ा काम" है और "व्यवस्था को खराब करने" का प्रयास नहीं किया जाना चाहिए।
APR 18, 2024 16:19 IST

सोशल मीडिया के जरिये दोस्ती कर छात्रा के साथ बलात्कार की कोशिश

नोएडा में सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती कर एक छात्रा के साथ कथित रूप से बलात्कार की कोशिश करने के सिलसिले में पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस ने यह जानकारी दी। नॉलेज पार्क थाने के प्रभारी विपिन कुमार ने बताया कि बीती रात को एक एक छात्रा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि सालभर पहले सोशल मीडिया के माध्यम से उसकी अलीगढ़ के मोहम्मद अमानुल्लाह फारुकी से दोस्ती हुई थी तथा फारूकी ने बहला-फुसलाकर उससे उसके निर्वस्त्र फोटो और वीडियो मांग लिये। थाना प्रभारी के मुताबिक आरोपी ने बाद में उसे ब्लैकमेल करते हुए मिलने के लिए एक होटल में बुलाया जहां उसने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश की। लेकिन छात्रा किसी तरह यहां से बच निकली। कुमार ने शिकायत के हवाले से बताया कि आरोपी ने इसके बाद फिर उसे फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देते हुए दिल्ली के एक होटल में बुलाया और वहां बंधक बना उससे छेड़छाड़ करता रहा। इसके बाद आरोपी ने 13 मार्च को छात्रा के हॉस्टल के बाहर भी उससे जबर्दस्ती करने की कोशिश की। जब छात्रा ने विरोध किया तो उसने उसकी मां, उसके परिजनों और अन्य परिचितों को मोबाइल फोन पर उसकी अश्लील फोटो और वीडियो भेज दिये। पीड़िता का आरोप है कि जब उसने इस बात की शिकायत आरोपी के पिता सैफुल्लाह फारूकी और भाई से की तो उन्होंने उसे धमकी दी। थाना प्रभारी ने बताया कि इस मामले में पीड़िता की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।
APR 18, 2024 16:17 IST

महाराष्ट्र : ठाणे नगर निगम में सफाईकर्मी के बेटे ने यूपीएससी परीक्षा उत्तीर्ण की

संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) परीक्षा उत्तीर्ण करना 32 वर्षीय प्रशांत सुरेश भोजने का सपना था जिसे हकीकत में बदलने के लिए उन्होंने हर मुश्किल का मजबूती से सामना किया। प्रशांत की मां महाराष्ट्र के ठाणे शहर में नगर निगम में एक सफाई कर्मचारी के रूप में कार्यरत हैं। यूपीएससी की सिविल सेवा परीक्षा 2023 का अंतिम परिणाम मंगलवार को घोषित किया गया और प्रशांत ने इस परीक्षा में 849वां स्थान प्राप्त किया। प्रशांत ने अपने सपने को पूरा करने की शुरुआत 2015 में की थी और आखिरकार उन्होंने अपने नौवें प्रयास में सफलता प्राप्त की।खरतान रोड स्वीपर कॉलोनी में रहने वाले लोगों के लिए प्रशांत की उपलब्धि खुशियां लेकर आई। प्रशांत का परिवार यहां रहता है और बुधवार रात को इस खुशी के मौके पर लोगों ने जश्न मनाया। कुछ स्थानीय नेताओं ने भी इस जश्न में हिस्सा लिया। परिवार के सदस्यों ने बताया कि प्रशांत की मां ठाणे नगर निगम में सफाईकर्मी के रूप में काम करती हैं और पिता निगम में चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी हैं। इंजीनियरिंग की डिग्री पूरी करने वाले प्रशांत का मन नौकरी करने का नहीं था और उनका सपना हमेशा से भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी बनने का था। प्रशांत ने 'पीटीआई-भाषा' से कहा कि यूपीएससी परीक्षा की तैयारी करते हुए उन्होंने 2020 में दिल्ली में एक परीक्षा कोचिंग संस्थान में काम करना शुरू कर दिया था, जहां उन्हें अभ्यर्थियों के मॉक परीक्षा पत्रों की जांच करने का काम दिया गया था। उन्होंने कहा, 'इस तरीके से मैंने पढ़ाई के साथ-साथ आजीविका भी कमाई।'
APR 18, 2024 16:16 IST

'टाइप 2' मधुमेह होने के बावजूद आम और मिठाई खा रहे केजरीवाल

आबकारी नीति घोटाला मामले में गिरफ्तार दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ‘टाइप 2’ मधुमेह होने के बावजूद हर दिन आम और मिठाई जैसे उच्च चीनी वाले खाद्य पदार्थ खा रहे हैं ताकि चिकित्सा आधार पर उन्हें जमानत मिल सके। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बृहस्पतिवार को यहां की एक अदालत के समक्ष यह दावा किया। केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) और ईडी मामलों की विशेष न्यायाधीश कावेरी बावेजा के समक्ष ईडी ने यह दावा किया। न्यायमूर्ति बावेजा ने तिहाड़ जेल के अधिकारियों को केजरीवाल के आहार चार्ट सहित मामले में एक रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश दिया। केजरीवाल ने मधुमेह के स्तर में उतार-चढ़ाव के कारण वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से अपने डॉक्टर से परामर्श करने की अनुमति मांगने के लिए अदालत का रुख किया है। न्यायाधीश ने संबंधित अधिकारियों को कल तक रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश दिया। अदालत कल इस मामले पर दोबारा सुनवाई कर सकती है। ईडी ने अदालत से कहा, ‘टाइप 2 डायबिटीज होने के बावजूद अरविंद केजरीवाल उच्च शर्करा वाले खाद्य पदार्थ खा रहे हैं। वह प्रतिदिन आलू पूड़ी, आम, मिठाई खा रहे हैं। ऐसा चिकित्सा आधार पर जमानत पाने के लिए किया जा रहा है।’
APR 18, 2024 16:15 IST

पूर्व मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने दलों को धन देने के लिए राष्ट्रीय कोष की वकालत की

उच्चतम न्यायालय द्वारा चुनावी बॉण्ड योजना को रद्द किए जाने के बाद से राजनीतिक दलों को धन देने का मामला चर्चा में है और ऐसे में पूर्व मुख्य निर्वाचन आयुक्त एस वाई कुरैशी ने एक राष्ट्रीय कोष स्थापित करने की वकालत की है। कुरैशी ने कहा कि इस राष्ट्रीय कोष में कार्पोरेट जगत के लोग दान कर सकेंगे और फिर इससे धन दलों के उनके पिछले चुनाव में प्रदर्शन के हिसाब से दिया जाए। कुरैशी ने कहा कि चुनाव के लिए पैसा देने के बजाय राजनीतिक दलों को धन देना बेहतर विकल्प होगा क्योंकि इससे दलों की संगठनात्मक जरूरतों को पूरा करने और राजनीतिक क्रियाकलापों में मदद मिलेगी। उन्होंने एक साक्षात्कार में कहा कि जब 2017 में चुनावी बॉण्ड योजना लाई गई थी तब इसमें पारदर्शिता की बात कही गई थी लेकिन इसने उस पारदर्शिता को भी ‘नष्ट’ कर दिया जो उस वक्त तक मौजूद थी। कुरैशी जुलाई 2010 से जून 2012 के बीच मुख्य चुनाव आयुक्त थे। उन्होंने कहा, ‘याद कीजिए तत्कालीन वित्त मंत्री अरुण जेटली का भाषण जिसकी शुरुआत उन्होंने यह कहते हुए की थी कि राजनीतिक दलों को मिलने वाले धन की पारदर्शिता के बिना स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव संभव नहीं है।’ उन्होंने कहा, ‘यह सुनना हमारे लिए मधुर था क्योंकि हम भी कब से यही कह रहे थे। उनका दूसरा वाक्य भी बेहतरीन था कि पिछले 70 वर्ष में हम पारदर्शिता नहीं ला सके हैं...।’
APR 18, 2024 14:08 IST

दिल्ली की अदालत ने बृजभूषण सिंह के खिलाफ आरोप तय करने पर आदेश स्थगित किया

दिल्ली की एक अदालत भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ छह महिला पहलवानों द्वारा दर्ज कराए गए यौन उत्पीड़न के मामले में उनके खिलाफ आरोप तय करने को लेकर 26 अप्रैल को अपना फैसला सुना सकती है। अतिरिक्त मुख्य मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट (एसीएमएम) प्रियंका राजपूत ने मामले पर सुनवाई स्थगित कर दी है। सिंह ने मामले में जांच का अनुरोध करते हुए अदालत में एक याचिका दायर की है। अदालत को आज इस मामले में आदेश पारित करना था। सिंह ने अपनी याचिका में आरोपों पर जवाब देने के लिए वक्त दिए जाने तथा और जांच करने का अनुरोध करते हुए कहा कि वे उस घटना की तारीख पर भारत में नहीं थे जिसे लेकर एक शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि उस दिन उसका डब्ल्यूएफआई के कार्यालय में यौन उत्पीड़न किया गया था। सिंह के वकील ने दावा किया कि दिल्ली पुलिस ने शिकायतकर्ता के साथ आए कोच के कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) पर भरोसा किया था और कहा था कि वे सात सितंबर 2022 को डब्ल्यूएफआई गए थे जहां लड़की का कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया गया। वकील ने दावा किया कि हालांकि, पुलिस ने सीडीआर को रिकॉर्ड में नहीं रखा। उन्होंने यह भी दावा किया कि सिंह इस कथित अपराध के दिन देश में नहीं थे। उन्होंने दलील दी, ‘मैं (सिंह) दिल्ली पुलिस को मामले की जांच करने का निर्देश देने का अनुरोध कर रहा हूं। जिस तारीख को कथित अपराध हुआ, वह स्पष्ट नहीं है। अगर जिस अपराध का आरोप लगाया है, उस वक्त मैं वहां मौजूद ही नहीं था तो मेरे अन्यत्र होने की दलील दी जाएगी।’
APR 18, 2024 14:07 IST

केरल के CM ने चुनाव से पहले किये गये सर्वेक्षणों की तुलना 'पेड न्यूज' से की

केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने बृहस्पतिवार को विभिन्न मीडिया संस्थानों द्वारा चुनाव से पहले किये गये सर्वेक्षणों की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि ये सर्वेक्षण ‘पेड न्यूज’ की तरह हैं। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के वरिष्ठ नेता विभिन्न मीडिया संस्थानों द्वारा चुनाव से पहले किये गए उन सर्वेक्षणों के बारे में एक सवाल का जवाब दे रहे थे, जिनमें कांग्रेस नीत (यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट) यूडीएफ को अधिक सीटें मिलने की संभावना जताई गई है। विजयन से यहां संवाददाताओं से कहा कि जिस तरह कुछ समाचारों को उनकी विश्वसनीयता के अभाव या पक्षपाती प्रवृत्ति के कारण ‘पेड न्यूज’ कहा जाता है, उसी तरह कुछ सर्वेक्षण सामने आए हैं जो इसी तरह के हैं। 2021 के विधानसभा चुनावों के परिणामों का हवाला देते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे में लोग यही सवाल कर रहे हैं कि क्या मौजूदा सर्वेक्षण ‘पेड न्यूज’ के समान हैं। 2021 के विधानसभा चुनाव में लोगों ने विभिन्न मीडिया संस्थानों द्वारा किए गए सर्वेक्षणों को खारिज करते हुए लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (एलडीएफ) के पक्ष में मतदान किया था। मुख्यमंत्री ने मीडिया पर आरोप लगाया कि वह इस तरह के निष्कर्षों के पीछे के वैज्ञानिक विश्लेषण का खुलासा नहीं कर रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा, 'चुनाव से पहले किये गये सर्वेक्षण के नतीजे तो जारी कर दिए गए लेकिन यह नहीं बताया गया कि सर्वेक्षण आयोजित करने की विधि क्या थी, जानकारी एकत्र करने में कितने लोग शामिल थे और परिणाम का अनुमान किस आधार पर लगाया गया। लोगों को इनकी प्रामाणिकता के बारे में पता ही नहीं है। कुछ एजेंसियों द्वारा समर्थित इन आंकड़ों का उद्देश्य केवल लोगों को गुमराह करना है।' विजयन ने कहा कि जिस तरह पिछले चुनाव में लोगों ने सर्वेक्षणों को खारिज कर एलडीएफ के लिए मतदान किया था ‘उसी तरह इस बार भी वह हमारे गठबंधन के साथ खड़े रहेंगे।’
APR 18, 2024 14:06 IST

ओडिशा में लोकसभा और विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू

भारत निर्वाचन आयोग द्वारा ओडिशा में लोकसभा और विधानसभा चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को अधिसूचना जारी करने के बाद यहां नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू हो गई। अधिसूचना में कहा गया कि ओडिशा की चार लोकसभा और 28 विधानसभा सीटों के लिए उम्मीदवार 18 अप्रैल से 25 अप्रैल तक सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल कर सकते हैं। ओडिशा की चार लोकसभा सीट बेरहामपुर, नबरंगपुर (एसटी), कालाहांडी, कोरापुट (एसटी) और इन संसदीय क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाली 28 विधानसभा सीटों पर 13 मई को मतदान होगा। ओडिशा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) निकुंज बी ढल ने बताया कि नामांकन पत्रों की जांच 26 अप्रैल को की जाएगी और उम्मीदवारों के लिए नाम वापस लेने की आखिरी तारीख 29 अप्रैल है। उन्होंने बताया कि जहां, सामान्य तौर पर मतदान का समय सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होता है वहीं, यहां पर सुबह 7 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान कराया जाएगा। इसके अलावा वामपंथी उग्रवाद (एलडब्ल्यूई) से प्रभावित कुछ क्षेत्रों में सुबह 7 बजे से शाम पांच बजे तक मतदान कराया जाएगा। ओडिशा में पहले चरण के चुनाव में सत्तारूढ़ (बीजू जनता दल) बीजद, विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस के बीच मुकाबला होगा। नवीन पटनायक के नेतृत्व वाली बीजद ने 2019 के लोकसभा चुनावों में ओडिशा की 21 लोकसभा सीटों में से 12 सीटें जीती थीं, जबकि भाजपा को आठ और कांग्रेस को केवल एक सीट ही हासिल हुई थी। ओडिशा की 147 विधानसभा सीट में से बीजद को 113 सीटें मिली थीं, जबकि भाजपा को 23 और कांग्रेस को केवल नौ सीटों पर जीत मिली थी। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और निर्दलीय उम्मीदवारों ने एक-एक सीट जीती थी।