बिभव कुमार राष्ट्रीय महिला आयोग के समक्ष नहीं हुए पेश
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के सहयोगी बिभव कुमार आम आदमी पार्टी (आप) की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल पर कथित हमले के सिलसिले में शुक्रवार को राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) के समक्ष पेश नहीं हुए। एनसीडब्ल्यू ने कुमार को सुबह 11 बजे पेश होने के लिए बुलाया था। एनसीडब्ल्यू प्रमुख रेखा शर्मा ने कहा कि आयोग की एक टीम बृहस्पतिवार को कुमार को नोटिस देने उनके आवास पर गयी थी, लेकिन वह घर पर नहीं थे। शर्मा ने संवाददाताओं से कहा, "कुमार की पत्नी ने नोटिस लेने से इनकार कर दिया। मेरी टीम आज फिर पुलिस के साथ उनके आवास पर गई है और अगर वह कल तक (एनसीडब्ल्यू के समक्ष) पेश नहीं होते हैं, तो हम पूछताछ करने के लिए व्यक्तिगत रूप से जाएंगे।" उन्होंने यह भी कहा कि वह मालीवाल से मिलेंगी। एनसीडब्ल्यू प्रमुख ने कहा, "मैं ट्विटर पर स्वाति जी (अब एक्स) से कह रही थी कि वे अपनी बात रखें, लेकिन मुझे लगता है कि वे सदमे में हैं, क्योंकि यह घटना उनके (पार्टी) नेता के घर पर हुई... एक सांसद, जो हमेशा महिलाओं से जुड़े मुद्दे उठाती रही हैं, उन्हें पीटा गया।" उन्होंने कहा, "हमारे मतभेदों के बावजूद, हम हमेशा एक-दूसरे के साथ खड़े रहे हैं... एक बार जब वह थोड़ा बेहतर महसूस करेंगी, तो मैं व्यक्तिगत रूप से स्वाति से मिलूंगी। मुझे उम्मीद है कि अब वह बेहतर होंगी, लेकिन मैं समझती हूं कि उन्हें इस सदमे से बाहर आने में समय लगेगा।"