देश

आज की 10 बड़ी हिंदी खबरें, 14-May-2026: 16 राज्यों और तीन UTs में SIR का ऐलान तो UP में हुआ 'जानलेवा मौसम'

आज की 10 बड़ी हिंदी खबरें (Top Hindi News Today) 14-May-2026: देश और दुनिया में गुरुवार को कई बड़ी और अहम घटनाएं हुईं तो चलिए विस्तार से दिनभर की 10 बड़ी खबरों के बारे में जानते हैं।

Image

ट्रंप-जिनपिंग बैठक से लेकर यूपी में मौसम के कहर तक... आज की बड़ी खबरें (फोटो साभार: AI)

Photo : Times Now Digital

आज की 10 बड़ी हिंदी खबरें 14-May-2026: देश और दुनिया में गुरुवार का दिन कई बड़ी और अहम घटनाओं के नाम रहा। चुनाव आयोग ने 16 राज्यों और तीन केंद्र शासित प्रदेशों में चरणबद्ध तरीके से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तीसरे दौर की शुरुआत की घोषणा की तो वहीं, ईरान युद्ध के बीच होर्मुज स्ट्रेट में गुजरात का मालवाहक जहाज हादसे का शिकार हो गया। ऐसे में एक नजर डालते हैं दिनभर की 10 बड़ी खबरों पर...

16 राज्यों और तीन केंद्र शासित प्रदेशों में SIR का ऐलान

चुनाव आयोग ने 16 राज्यों और तीन केंद्र शासित प्रदेशों में 30 मई से चरणबद्ध तरीके से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तीसरे दौर की शुरुआत की घोषणा की। चुनाव आयोग के मुताबिक, इस चरण में दिल्ली, ओडिशा, मिजोरम, सिक्किम, मणिपुर, उत्तराखंड, आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, तेलंगाना, पंजाब, कर्नाटक, मेघालय, महाराष्ट्र, झारखंड, नगालैंड, त्रिपुरा, दादर और नगर हवेली तथा दमन और दीव में एसआईआर होगा।

होर्मुज में भारतीय ध्वज वाले जहाज पर हमला

विदेश मंत्रालय ने बताया कि ओमान के तट पर भारतीय ध्वज वाले एक वाणिज्यिक जहाज पर हमला हुआ है। हालांकि, पोत पर मौजूद चालक दल के सभी 14 सदस्य सुरक्षित हैं। बुधवार को पोत पर हमला किसने किया यह अब तक पता नहीं चल पाया है। विदेश मंत्रालय ने इस हमले को 'अस्वीकार्य' करार दिया।

वीडी सतीशन होंगे केरलम के CM

केरल के मुख्यमंत्री पद के लिए नामित वी डी सतीशन ने राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मुलाकात कर समर्थन पत्र सौंपा। पार्टी सूत्रों के अनुसार, शपथ ग्रहण समारोह 18 मई को होने की संभावना है।

पंचतत्व में विलीन हुए प्रतीक यादव

समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के सौतेले भाई प्रतीक यादव के पार्थिव शरीर का बृहस्पतिवार को लखनऊ के 'बैकुंठ धाम' में अंतिम संस्कार कर दिया गया। उनके ससुर अरविंद सिंह बिष्ट ने उन्हें मुखाग्नि दी। प्रतीक यादव का 38 वर्ष की उम्र में बुधवार सुबह हृदय और फेफड़ों से जुड़ी बीमारियों के कारण बीमार पड़ने के बाद निधन हो गया था।

UP में आंधी-तूफान का कहर

उत्तर प्रदेश में पिछले 36 से 48 घंटों के दौरान तेज आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली ने भारी तबाही मचाई है। उत्तर प्रदेश के राहत आयुक्त हरिकेश भास्कर ने गुरुवार को बताया कि खराब मौसम के कारण अब तक 104 लोगों की मौत हो चुकी है।

शिक्षा मंत्री को दिखाए काले झंडे

भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) के सदस्यों ने अहमदाबाद में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और काले झंडे लहराते हुए नीट-यूजी 2026 परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर उनके इस्तीफे की मांग की। यह विरोध प्रदर्शन आईआईएम-अहमदाबाद के परिसर के बाहर हुआ, जहां प्रधान भारतीय प्रबंध संस्थानों के समन्वय मंच की बैठक की अध्यक्षता करने के लिए पहुंचे थे।

दिल्ली में ऑफिस टाइमिंग में बदलाव

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के बाद दिल्ली सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में हुई बैठक में राजधानी में 'मेरा भारत, मेरा योगदान' नाम से 90 दिनों का विशेष जन-अभियान शुरू करने का फैसला लिया गया जिसके तहत ऑफिस टाइमिंग में बदलाव सहित कई अन्य उपायों पर जोर दिया गया।

जिनपिंग से मिले ट्रंप

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बीजिंग में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात की। ट्रंप जब 'ग्रेट हॉल ऑफ द पीपुल' पहुंचे तो वहां उनका औपचारिक स्वागत किया गया। इसके बाद दोनों के बीच लगभग दो घंटे लंबी चर्चा हुई।

सूर्यवंशी को मिली इंडिया-ए टीम में जगह

युवा बल्लेबाजी सनसनी वैभव सूर्यवंशी को 9 जून से श्रीलंका में शुरू हो रही 50 ओवर की त्रिकोणीय श्रृंखला के लिए बृहस्पतिवार को भारत 'ए' टीम में शामिल किया गया। भारत और मेजबान श्रीलंका के अलावा टूर्नामेंट की एक अन्य टीम अफगानिस्तान 'ए' है। मैच दाम्बुला में खेले जाएंगे। भारत 'ए' गॉल में दो बहु दिवसीय (चार दिन के) 'टेस्ट' मैच भी खेलेगी लेकिन उसके लिए टीम की घोषणा बाद में की जाएगी।

पंजाब-मुंबई के बीच महामुकाबला

इंडियन प्रीमियर लीग में पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच मैच खेला जा रहा है। यह मैच धर्मशाला में हो रहा है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article