देश

'टीमवर्क से बनेगा नया केरलम', सतीशन ने राहुल, खरगे और प्रियंका का जताया आभार; चेन्निथला को बताया अपना नेता

Kerala Govt Formation: केरल में कांग्रेस विधायक दल के नेता चुने जाने के बाद वीडी सतीशन ने राहुल गांधी का आभार जताया और कहा कि वह वेणुगोपाल और रमेश चेन्निथला को विश्वास में लेकर काम करेंगे।

Image

केरल के CM पद के चेहरे वीडी सतीशन और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (फोटो साभार: @vdsatheesan)

Photo : Twitter

Kerala Govt Formation: केरल में कांग्रेस विधायक दल (CLP) का नेता और मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किए जाने के बाद वीडी सतीशन ने लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी समेत पार्टी नेतृत्व का आभार जताया। टाइम्स नाउ के साथ खास बातचीत में सतीशन ने कहा कि यह फैसला किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा सहित सभी वरिष्ठ नेताओं से चर्चा के बाद लिया गया।

सतीशन ने UDF कार्यकर्ताओं को कहा- धन्यवाद

सतीशन ने कहा कि यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) के लाखों कार्यकर्ताओं और नेताओं ने चुनाव में कड़ी मेहनत की, जिसके लिए वह सभी के आभारी हैं। नाम की घोषणा के तुरंत बाद सतीशन ने कहा, ''मेरी पार्टी ने मुझे बहुत बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। मैं राहुल गांधी और अन्य नेताओं का धन्यवाद करता हूं। इस जीत के पीछे लाखों UDF कार्यकर्ताओं और नेताओं की मेहनत है।''

मुख्यमंत्री पद को व्यक्तिगत उपलब्धि मानने से इनकार करते हुए सतीशन ने कहा कि वह इसे 'ईश्वर का आशीर्वाद' मानते हैं। उन्होंने कहा, ''मैं इस पद को अपनी निजी उपलब्धि नहीं मानता। यह एक अहम जिम्मेदारी है। कोई भी व्यक्ति अकेले नया केरल नहीं बना सकता, इसके लिए टीमवर्क जरूरी है।''

वेणुगोपाल के मुरीद हुए सतीशन

सतीशन ने कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल (K. C. Venugopal) की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि एआईसीसी की गतिविधियों के समन्वय में वेणुगोपाल की भूमिका बेहद अहम रही और उनका समर्थन पार्टी की बड़ी जीत में निर्णायक साबित हुआ।

इसके अलावा उन्होंने वरिष्ठ कांग्रेस नेता रमेश चेन्निथला को भी अपना नेता बताते हुए उनके योगदान की सराहना की। सतीशन ने कहा कि चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष के रूप में चेंन्निथला ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और आगे भी वह दोनों नेताओं को विश्वास में लेकर काम करेंगे। सतीशन ने कहा कि उनकी सरकार जनता से किए गए वादों को पूरा करने और लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने की दिशा में काम करेगी।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article