Prateek Yadav Cremation: लखनऊ के बैकुंठ धाम में जब प्रतीक यादव को अंतिम विदाई दी जा रही थी उस वक्त हर किसी की आंख नम थी। माहौल गमगीन था, परिवार के सदस्य टूटे हुए नजर आ रहे थे और हर किसी का चेहरा दर्द बयां कर रहा था। इस बीच, एक ऐसा भावुक पल सामने आया, जिसने हर किसी का दिल छू लिया।
ताऊ ने भतीजी को किया दुलार
समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के बड़े बेटे अखिलेश यादव, चाचा शिवपाल सिंह यादव परिवार के तमाम सदस्यों के साथ बैकुंठ धाम में मौजूद थे। जब अंतिम संस्कार की प्रक्रिया चल रही थी और तब प्रतीक यादव की छोटी बेटी प्रथमा ताऊ अखिलेश यादव के बगल में बैठी हुई दिखाई दी। उस वक्त मासूम बिटियां के चेहरे पर उदासी झलक रही थी और शायद वह पूरी तरह से समझ भी नहीं पा रही थी कि उसके पिता अब इस दुनिया में नहीं रहे।
अखिलेश ने भतीजी को खिलाई चॉकलेट
इस कठिन परिस्थितियों में अखिलेश यादव ने न सिर्फ अपने छोटे भाई की बच्चियों को संभाला, बल्कि अपने सहयोगी को बुलाकर चॉकलेट मंगवाई। बच्ची अपने ताऊ अखिलेश के बगल वाली कुर्सी में बैठी हुई है और चॉकलेट का रैपर खोलने की कोशिश कर रही, लेकिन जब अखिलेश ने प्रथमा को देखा तो उन्होंने खुद चॉकलेट का रैपर हटाया और दुलारते हुए प्रथमा को चॉकलेट थमा दी, जो एक मार्मिक पल है।
पंचतत्व में विलीन हुए प्रतीक यादव
प्रतीक यादव गुरुवार को लखनऊ के बैकुंठ धाम में पंचतत्व में विलीन हो गए। उनके ससुर अरविंद सिंह बिष्ट ने उन्हें मुखाग्नि दी। प्रतीक यादव का 38 वर्ष की उम्र में बुधवार सुबह हृदय और फेफड़ों से जुड़ी बीमारियों के कारण बीमार पड़ने के बाद निधन हो गया था । उन्हें तबीयत खराब होने पर राजधानी के सिविल अस्पताल लाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था।
