Uttar Pradesh Thundersquall: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने गुरुवार को उत्तर प्रदेश में आए भीषण चक्रवात से हुई भारी तबाही और जनहानि को लेकर गहरा दुख जताया। पुतिन ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संवेदना संदेश भेजकर पीड़ित परिवारों के प्रति सहानुभूति प्रकट की।
पुतिन ने अपने संदेश में कहा, ''उत्तर प्रदेश में आए चक्रवात के कारण हुई भारी जनहानि और बड़े पैमाने पर हुए नुकसान को लेकर मेरी गहरी संवेदनाएं स्वीकार करें। कृपया इस प्राकृतिक आपदा में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों और उनके करीबियों तक मेरी गहरी संवेदनाएं पहुंचाएं।'' साथ ही पुतिन ने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
अबतक 100 से ज्यादा की मौत
उत्तर प्रदेश में पिछले 36 से 48 घंटों के दौरान तेज आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली ने भारी तबाही मचाई है। उत्तर प्रदेश के राहत आयुक्त हरिकेश भास्कर ने गुरुवार को बताया कि खराब मौसम के कारण अब तक 104 लोगों की मौत हो चुकी है। कई जिलों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है, जबकि राहत और बचाव कार्य लगातार जारी हैं।
राहत आयुक्त के अनुसार, राज्य सरकार हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और 24 घंटे संचालित इंटीग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर पूरी तरह सक्रिय है। सभी अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा लेने और राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।
CM योगी ने दिए अहम निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को आंधी और बिजली गिरने से प्रभावित लोगों को तत्काल सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने मृतकों के परिजनों को जल्द मुआवजा देने और राहत राशि तुरंत जारी करने का भी आदेश दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वह प्रभावित इलाकों का तत्काल दौरा करें, पीड़ितों को हरसंभव मदद मुहैया कराएं और हर तीन घंटे में स्थिति की रिपोर्ट साझा करें। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को राहत और बचाव कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं।
