Manipur Violence: मणिपुर में सुरक्षाबलों ने प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े 9 उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है जिनके पास से भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद हुआ है। एक पुलिस अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि सुरक्षाबलों ने इंफाल पूर्व, इंफाल पश्चिम, काकचिंग और थौबल जिलों से 9 उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है।
क्या है पूरा मामला?
उन्होंने बताया कि इंफाल पूर्व जिले के मंत्रिपुखरी ठाकुरबारी इलाके से सोमवार को कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (सिटी मैतेई) के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया गया। जिनके पास से एक 9mm पिस्तौल, एक मैगजीन, 11 जिंदा कारतूस, दो हथगोले और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए।
पुलिस ने बताया कि जबरन वसूली में शामिल प्रतिबंधित कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (MC) प्रोग्रेसिव के एक सदस्य को सोमवार को इंफाल पश्चिम जिले के सिंगजामेई थोकचोम लेईकाई से गिरफ्तार किया गया। जबरन वसूली की गतिविधियों में शामिल प्रतिबंधित यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी ऑफ कांगलीपाक (UPPK) के एक सदस्य को भी काकचिंग जिले के इरेंगबैंड हवाइरो इलाके से सोमवार को गिरफ्तार किया गया।
सक्रिय कैडर की गिरफ्तारी
मणिपुर पुलिस ने सोमवार को थौबल जिले के याइरीपोक बाजार से PREPAK (Pro) के एक सक्रिय कैडर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि रविवार को सुरक्षाबलों ने काकचिंग जिले के वबागई बाजार इलाके से जबरन वसूली की गतिविधि में शामिल प्रतिबंधित कांगलेई यावोल कन्ना लूप के एक सक्रिय कैडर को गिरफ्तार किया।
