West Asia Conflict: राष्ट्रीय राजधानी के कुछ हिस्सों में रसोई गैस की कमी की अफवाहों के बीच, दिल्ली के खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने रविवार को कहा कि राजधानी में एलपीजी की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि निवासियों को रसोई गैस की आपूर्ति को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है।
मंत्री ने एक बयान में कहा कि सरकार ने दिल्ली भर में एलपीजी की उपलब्धता की निगरानी के लिए पुलिस, वजन एवं माप विभाग और खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की 70 संयुक्त टीमें तैनात की हैं। सिरसा ने कहा, ''ये टीमें वितरकों और बाजारों में भंडारण स्तर की जांच कर रही हैं और जमाखोरी या अनुचित व्यापार प्रथाओं के खिलाफ कार्रवाई करेंगी।''
दिल्लीवासियों से सिरसा ने की खास अपील
मंत्री ने कहा कि पश्चिम एशिया संकट के कारण आपूर्ति दबावों और कुछ क्षेत्रों में फैली अफवाहों के कारण घबराहट में खरीदारी को लेकर चिंताएं सामने आई हैं। उन्होंने कहा, ''घबराने की कोई जरूरत नहीं है, आपूर्ति पूरी तरह से सुचारू है।''
आधिकारिक बयान में कहा गया है कि पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के निर्देशों के बाद, सरकार ने तेल विपणन कंपनियों के समन्वय से वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडरों की विनियमित बिक्री भी शुरू कर दी है। बयान के अनुसार, इस व्यवस्था के तहत, अस्पतालों, शैक्षणिक संस्थानों और रेस्तरां जैसे आवश्यक क्षेत्रों को प्राथमिकता प्रणाली के माध्यम से दैनिक औसत वाणिज्यिक खपत का 20 प्रतिशत तक, यानी लगभग 1,800 सिलेंडर, आपूर्ति किए जाएंगे।
सख्स कार्रवाई की चेतावनी
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एलपीजी की संभावित कमी के बारे में अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी देते हुए रविवार को कहा कि इस तरह की गलत सूचना लोगों में अनावश्यक दहशत पैदा कर रही है। गुप्ता ने बुधपुर के अपना घर आश्रम में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि केंद्र और दिल्ली सरकार दोनों ही एलपीजी की स्थिति पर बारीकी से नजर रख रही हैं और आम नागरिकों को घबराने की कोई जरूरत नहीं है।
