Darjeeling Rain: पश्चिम बंगाल के दार्जीलिंग जिले में मिरिक में हुए भूस्खलन में कम से कम 7 लोगों की मौत हो गई है। जिले के कस्बों और पर्यटन स्थलों मिरिक और कुर्सियांग को जोड़ने वाला दुदिया आयरन ब्रिज भी ढह गया है। कर्सियांग के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 110 पर स्थित हुसैन खोला से भी भारी बारिश के कारण भूस्खलन की खबर है। भूस्खलन ने गांवों से लेकर राष्ट्रीय राजमार्गों तक सड़कों को कीचड़ में धंसा दिया है।
7 शव बाहर निकाले गए
दार्जिलिंग के दुधिया मिरिक इलाके में भूस्खलन की स्थिति पर दार्जिलिंग जिला पुलिस के कुर्सियांग के अतिरिक्त एसपी अभिषेक रॉय ने कहा कि मलबे से 7 शव पहले ही निकाले जा चुके हैं। हमें दो और लोगों के बारे में जानकारी मिली है। उनके शवों को निकालने का काम भी किया जा रहा है। दार्जिलिंग जाने वाले कुर्सियांग रोड पर दिलाराम में भूस्खलन हुआ है वह सड़क अवरुद्ध है। गौरीशंकर में भूस्खलन के कारण रोहिणी रोड भी अवरुद्ध है...पनकाहाबरी रोड की हालत बेहद खराब है... तिनधारिया रोड अभी काम कर रही है। हम तीन से चार घंटे में तिनधारिया के रास्ते मिरिक में मौजूद सभी पर्यटकों को निकालने की कोशिश कर रहे हैं।
पीएम मोदी ने जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दार्जिलिंग में एक पुल दुर्घटना में हुई जानमाल की हानि पर शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट किया, भारी बारिश और भूस्खलन के मद्देनजर दार्जिलिंग और आसपास के इलाकों में स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है। हम प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
इन जिलों में अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने रविवार सुबह तक दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, कूचबिहार, जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार में अत्यधिक भारी बारिश की भविष्यवाणी की है, इसलिए इस क्षेत्र में रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है। भारतीय मौसम विभाग ने कहा कि निम्न दबाव का क्षेत्र सोमवार सुबह तक उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में भारी से बहुत भारी बारिश लाएगा।
आईएमडी ने अपने बुलेटिन में आगे बताया कि उत्तर बंगाल में दार्जिलिंग के पड़ोसी जिले अलीपुरद्वार में सोमवार सुबह तक भारी बारिश जारी रहेगी। पहाड़ी जिलों में रात भर लगातार बारिश के कारण पड़ोसी जिले जलपाईगुड़ी के मालबाजार का एक बड़ा इलाका जलमग्न हो गया है।
कई नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर
तीस्ता, माल और अन्य पहाड़ी नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से काफी ऊपर बह रहा है, जिससे बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई है। आईएमडी ने एक बुलेटिन में कहा कि सोमवार सुबह तक इन जिलों में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। पश्चिमी झारखंड और दक्षिण बिहार, दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश और उत्तरी छत्तीसगढ़ के आसपास के इलाकों पर बना निम्न दबाव का क्षेत्र उत्तर-उत्तर-पूर्व की ओर बिहार की ओर बढ़ने और शनिवार शाम तक धीरे-धीरे कम दबाव वाले क्षेत्र में तब्दील होने की संभावना है।
दक्षिण बंगाल के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है, जबकि मुर्शिदाबाद, बीरभूम और नादिया जिलों में सोमवार सुबह तक भारी बारिश होगी। मौसम विभाग ने कहा कि पिछले 24 घंटों में शनिवार सुबह 8.30 बजे तक पश्चिम बंगाल में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई, जिसमें बांकुरा में सबसे अधिक 65.8 मिमी बारिश दर्ज की गई।
