Indian Abducted in Mali: भारत ने बुधवार को पश्चिमी अफ्रीकी देश माली के विभिन्न हिस्सों में सिलसिलेवार आतंकवादी हमलों के बीच तीन भारतीय नागरिकों का अपहरण होने पर गहरी चिंता व्यक्त की। भारतीयों के अपहरण के एक दिन बाद, भारत ने बुधवार को माली सरकार से उनकी "सुरक्षित और शीघ्र" रिहाई सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने को कहा।
MEA ने व्यक्त की गहरी चिंता
विदेश मंत्रालय (MEA) ने कायेस स्थित डायमंड सीमेंट फैक्टरी में कार्यरत भारतीयों के अपहरण के संबंध में "गहरी चिंता" व्यक्त की। विदेश मंत्रालय ने कहा, "यह घटना एक जुलाई को हुई, जब सशस्त्र हमलावरों के एक समूह ने फैक्टरी परिसर में समन्वित हमला किया और तीन भारतीय नागरिकों को जबरन बंधक बना लिया।"
अपहरण की जिम्मेदारी किसी संगठन या व्यक्ति ने नहीं ली है। अलकायदा से संबद्ध जमात नुसरत अल-इस्लाम वल-मुस्लिमीन (JNIM) ने मंगलवार को माली में हुए समन्वित हमलों की जिम्मेदारी ली है।
अधिकारियों के संपर्क में दूतावास
बामाको में भारतीय दूतावास स्थानीय अधिकारियों, कानून प्रवर्तन एजेंसियों और डायमंड सीमेंट फैक्ट्री के मैनेजमेंट के साथ लगातार संपर्क में है। साथ ही दूतावास किडनैप हुए भारतीय नागरिकों के परिजनों से भी बात कर रहा है। विदेश मंत्रालय ने माली में रह रहे भारतीय नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी। मंत्रालय ने भारतीय नागरिकों से जरूरी सहायता के लिए दूतावास के संपर्क में रहने को कहा।
