Suvendu Adhikari: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी पर आतंकी संगठन अल कायदा की मदद से आत्मघाती बम हमले की धमकी देने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। धमकी भरा ईमेल पुलिस को भेजने के आरोप में कोलकाता के गार्डन रीच इलाके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान 27 वर्षीय हसनैन इकबाल के रूप में हुई है, जिसे कोलकाता पुलिस की साइबर सेल और विशेष कार्य बल (एसटीएफ) के संयुक्त अभियान के बाद गिरफ्तार किया गया।
धमकी भरा ईमेल भेजा
कोलकाता पुलिस के अतिरिक्त सीपी-IV, वी सोलोमन नेसाकुमार ने बताया कि धमकी भरा ईमेल 14 मई को सुबह लगभग 10:15 बजे भवानीपुर पुलिस स्टेशन को मिला था। ईमेल भेजने वाले ने दावा किया कि अल कायदा की मदद से मुख्यमंत्री पर आत्मघाती हमला किया जाएगा। नेसाकुमार ने पीटीआई को बताया, ईमेल एक महिला की पहचान का इस्तेमाल करके भेजा गया था। शिकायत मिलने के बाद, साइबर विंग और एसटीएफ ने तुरंत जांच शुरू कर दी।
अल-कायदा के साथ काम करने का संदेह
बाद में और अधिक जानकारी देते हुए उन्होंने आत्मघाती हमलावर की पहचान उजागर की और बताया कि उस पर अल-कायदा के साथ काम करने का संदेह है। इस महीने की 14 तारीख को सुबह करीब 10:15 बजे भाबानीपुर पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी (ओसी) को एक ईमेल मिला था। उन्होंने बताया, इस ईमेल में एक व्यक्ति ने आबिदा अली नाम की एक महिला का जिक्र किया था, जो कथित तौर पर अल-कायदा के साथ मिलीभगत कर रही थी और पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पर आत्मघाती हमले की योजना बना रही थी।
हसनैन इकबाल का पता लगाया
जांच के दौरान, जांचकर्ताओं ने ईमेल के माध्यम से गार्डन रीच के गुलाम अब्बास लेन निवासी हसनैन इकबाल का पता लगाया। पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने ईमेल भेजने की बात स्वीकार कर ली। नेसाकुमार ने कहा, शुरूआती जांच से पता चलता है कि जिस महिला के नाम से ईमेल भेजा गया था, वह आरोपी की परिचित थी। हमें संदेह है कि उसका इरादा उसे और उसके परिवार को परेशान करना या फंसाना था।
एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया कि जांचकर्ताओं को यह भी पता चला है कि आरोपी ने पहले भी कथित तौर पर चुनाव आयोग सहित कई सरकारी संस्थानों को ईमेल भेजे थे। रिपोर्ट के अनुसार, इकबाल को सूचना प्रौद्योगिकी का एडवांस ज्ञान था और वह आईपी पते बनाने या छिपाने और संबंधित तकनीकी उपकरणों का उपयोग करने में कुशल था, जिनका उपयोग उसने ऐसे ईमेल भेजने के दौरान किया था। पुलिस ने बताया कि आगे की जांच जारी है।
