लोकसभा चुनाव 2029 की तैयारियों और केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ साझा रणनीति बनाने के उद्देश्य से विपक्षी दलों का INDIA गठबंधन कल यानी सोमवार को नई दिल्ली के संविधान क्लब में होने जा रही है। कांग्रेस ने दावा किया है कि इस बैठक में शामिल होने के लिए 23 राजनीतिक दलों ने अपनी भागीदारी की पुष्टि कर दी है। इस बैठक के जरिए विपक्ष यह संदेश देने की कोशिश की जा रहा है कि गठबंधन मतभेदों के बावजूद एकजुट है।
कांग्रेस महासचिव और संचार प्रभारी जयराम रमेश (Jairam Ramesh) ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर बताया कि सोमवार दोपहर 12 बजे होने वाली "INDIA जनबंधन" बैठक में 23 दल शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि कुछ दल अपने-अपने कारणों से बैठक में शामिल नहीं हो पा रहे हैं,लेकिन वे भी केंद्र सरकार की नीतियों का विरोध करते हैं और विपक्षी एकता के साथ खड़े हैं।
इस दौरान कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार करोड़ों लोगों के मतदान के अधिकार को प्रभावित कर रही है,संविधान की भावना पर लगातार प्रहार कर रही है,विपक्षी नेताओं के खिलाफ जांच एजेंसियों का इस्तेमाल कर रही है और महंगाई तथा बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर जनता को निराश कर रही है। उन्होंने कहा कि "भारत की तरह INDIA जनबंधन भी अपनी विविधता के बावजूद एकजुट है।"
बैठक को 2029 के लोकसभा चुनावों की दिशा में विपक्षी दलों की रणनीतिक तैयारी के रूप में देखा जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, इसमें केंद्र सरकार को विभिन्न राष्ट्रीय मुद्दों पर घेरने, राज्यों में तालमेल बढ़ाने और विपक्षी एकता को मजबूत करने पर चर्चा होगी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर इसे भी पढ़ें- 'हम एक ही नदियों की संतान, नक्शे की रेखाओं से गहरा है रिश्ता'; सीमा विवाद के बीच बोले नेपाली विदेश मंत्री
यह बैठक ऐसे समय में हो रही है जब गठबंधन के कुछ घटक दलों के बीच संबंधों में तनाव देखा जा रहा है। द्रविड मुनेत्र कषगम (द्रमुक) ने तमिलनाडु में कांग्रेस पर कथित ’विश्वासघात’ का आरोप लगाते हुए बैठक से दूरी बनाने का फैसला किया है। वहीं मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने कांग्रेस के शीर्ष नेताओं द्वारा केरल में वाम दलों पर भाजपा के साथ मिलीभगत का आरोप लगाए जाने पर नाराजगी जताई है।
सूत्रों के अनुसार, माकपा महासचिव एम.ए. बेबी ने हाल में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को पत्र लिखकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की उन टिप्पणियों पर स्पष्टीकरण मांगा है, जिनमें केरल में वामपंथी दल और भाजपा के बीच राजनीतिक मिलीभगत का जिक्र किया गया था।
टाइम्स नाउ नवभारत पर इसे भी पढ़ें- TMC में बड़ी फूट के बीच विपक्षियों का हौसला बढ़ाएंगी ममता 'दीदी', INDIA ब्लॉक में जान फूंकने के लिए आईं दिल्ली
आम आदमी पार्टी (आप) ने सार्वजनिक रूप से खुद को इस गठबंधन से अलग कर लिया है, जबकि द्रमुक ने इस सप्ताह बैठक के बहिष्कार का फैसला घोषित किया है। वहीं, तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने इसका समर्थन किया है। टीएमसी सांसद डेरेक ओ’ब्रायन ने कहा है कि यह एक साझा उद्देश्य और स्पष्ट इरादे से हो रही है। कई पार्टियां सौहार्द की भावना से इस बैठक के लिए उत्सुक हैं।
